मंडला जिले में 3 चरणों में होंगे पंचायतों के आम निर्वाचन
मण्डला 27 मई 2022
मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत, निर्वाचन क्षेत्र, वार्ड के क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है जो निर्वाचन परिणाम की घोषणा की तिथि तक प्रभावशील रहेगी। जारी कार्यक्रम के अनुसार मंडला जिले में निर्वाचन की प्रक्रिया 3 चरणों में संपन्न होगी।
इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के लिए नाम-निर्देशन 6 जून की अपरान्ह 3 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। नाम-निर्देशन पत्रों की समीक्षा 7 जून को प्रातः 10:30 बजे से होगी। 10 जून को अपरान्ह 3 बजे तक अभ्यर्थिता से नाम वापिस लिए जा सकेंगे। निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन 10 जून को अभ्यर्थिता से नाम वापसी के तुरंत बाद किया जाएगा। जिले में मतदान की प्रक्रिया 3 चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण के अंतर्गत 25 जून शनिवार को बिछिया, मवई एवं नैनपुर विकासखंड में मतदान होगा। द्वितीय चरण के तहत 1 जुलाई शुक्रवार को घुघरी, मोहगांव तथा मंडला विकासखंड में मतदान किया जाएगा। इसी प्रकार तृतीय चरण के तहत 8 जुलाई शुक्रवार को नारायणगंज, निवास तथा बीजाडांडी विकासखंड में मतदान किया जाएगा। निर्वाचन का समय प्रातः 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक नियत किया गया है। मतदान केन्द्र पर की जाने वाली मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात की जाएगी। विकासखंड मुख्यालय पर की जाने वाली मतों की गणना क्रमशः 28 जून, 4 जुलाई तथा 11 जुलाई को प्रातः 8 बजे से की जाएगी। पंच, सरपंच, जनपद सदस्य पद की मतगणना का सारणीकरण तथा निर्वाचन परिणाम की घोषणा 14 जुलाई को प्रातः 10:30 बजे की जाएगी। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतों का विकासखंड स्तरीय सारणीकरण 14 जुलाई को प्रातः 10:30 बजे से किया जाएगा तथा जिला मुख्यालय पर सारणीकरण तथा निर्वाचन परिणाम की घोषणा 15 जुलाई को प्रातः 10:30 बजे से की जाएगी। त्रि-स्तरीय पंचायतों के निर्वाचन हेतु मतदान 3 चरणों में संपन्न कराया जाएगा, किन्तु निर्वाचन की सूचना के प्रकाशन से लेकर अभ्यर्थिता से नाम वापिस लेने तक की समस्त कार्यवाही सभी विकासखंडों में एकसाथ संपादित की जाएगी।
सभा एवं रैली की अनुमति के लिए एसडीएम अधिकृत
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी किए आदेश
मण्डला 27 मई 2022
मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायत आम निर्वाचन 2022 हेतु निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत, निर्वाचन क्षेत्र, वार्ड क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है, जो निर्वाचन परिणाम की घोषणा की तिथि तक प्रभावशील रहेगी।
त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के दौरान अभ्यर्थियों, अन्य व्यक्तियों द्वारा चुनाव-प्रचार हेतु सभायें, रैली आयोजित करने के लिए स्थान, समय की अनुमति प्रदान करने हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी को उनके अनुविभाग क्षेत्र हेतु अधिकृत किया गया है। निर्देश में कहा गया है कि एक स्थान के लिए एक ही दिन एक समय पर दो अभ्यर्थी, अन्य व्यक्तियों द्वारा सभायें आयोजित करने के लिए अनुमति हेतु आवेदन किए जाने की दशा में प्रथम आवेदक को पहिले एवं बाद में आवेदन प्रस्तुत करने वाले को बाद में अनुमति प्रदान की जावे। जिस स्थल पर सभा या रैली का आयोजन प्रस्तावित है, उस स्थल के थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी के प्रतिवेदन के परीक्षण उपरांत ही अनुविभागीय दण्डाधिकारी द्वारा अनुमति दी जायेगी।
एसडीएम देंगे चुनाव प्रचार वाहन की अनुमति
मण्डला 27 मई 2022
मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायत आम निर्वाचन 2022 हेतु निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत, निर्वाचन क्षेत्र, वार्ड क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है, जो निर्वाचन परिणाम की घोषणा की तिथि तक प्रभावशील रहेगी।
त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के दौरान अभ्यर्थियों, अन्य व्यक्तियों द्वारा चुनाव-प्रचार के लिए वाहन की अनुमति प्रदान करने हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी को उनके अनुविभाग क्षेत्र हेतु अधिकृत किया गया है।
शासकीय कर्मचारियों के अवकाश प्रतिबंधित
मण्डला 27 मई 2022
त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 हेतु निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत, निर्वाचन क्षेत्र, वार्ड क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है, जो निर्वाचन परिणाम की घोषणा की तिथि तक प्रभावशील रहेगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा सभी शासकीय कर्मचारियों के अवकाश प्रतिबंधित कर दिए गए हैं।
इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार जिले में पदस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों को 27 मई से अवकाश पर प्रस्थान करने अथवा मुख्यालय छोड़ना प्रतिबंधित किया गया है। जिला निर्वाचन कार्यालय मण्डला की अनुमति के बिना किसी भी अधिकारी, कर्मचारी को अवकाश स्वीकृत नही किया जावेगा तथा मुख्यालय छोड़ने की अनुमति भी नहीं दी जावेगी। किसी अधिकारी, कर्मचारी को उनके विभाग, कार्यालय प्रमुखों द्वारा यदि 27 मई के पूर्व अवकाश स्वीकृत किए गए हों तो ऐसे अवकाश निरस्त कर उन्हें कार्य पर उपस्थित होने हेतु निर्देशित किया गया है।
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम
मण्डला 27 मई 2022
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते का 28 मई 2022 को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 28 मई को रात्रि 8 बजे डिंडौरी से प्रस्थान करेंगे एवं रात्रि 9:40 बजे मंडला पहुंचेंगे तथा सर्किटहाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 29 मई को प्रातः 9 बजे मंडला से सिवनी के लिए प्रस्थान करेंगे एवं रात्रि 9:30 बजे मंडला पहुंचकर सर्किटहाउस में अल्पविश्राम करेंगे तथा रात्रि 10 बजे मंडला से जेवरा के लिए प्रस्थान कर रात्रि 11 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।
15 जून तक किए जा सकेंगे प्रवेश परीक्षा हेतु आवेदन
मण्डला 27 मई 2022
म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल की योजनांतर्गत पंजीकृत पात्र निर्माण श्रमिकों के पुत्र व पुत्रियों का उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराये जाने हेतु श्रमोदय आवासीय विद्यालय भोपाल, इंदौर, ग्वालियर एवं जबलपुर में कक्षा 6वीं की समस्त सीटों तथा कक्षा 7वीं, 8वीं एवं 9वीं की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु श्रमोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2022 का आयोजन किया जाना है।
प्रवेश परीक्षा हेतु आवेदन-पत्र श्रमोदय पोर्टल www.shramodayvidyalay.mp.gov.in पर उपलब्ध है। प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित होने हेतु अभ्यर्थियों द्वारा 15 जून 2022 को दोपहर 2 बजे तक आवेदन किये जा सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 2022 की विवरणिका एवं विद्यालयों में रिक्त सीटों की जानकारी श्रमोदय पोर्टल पर उपलब्ध है।
यू-डाईसप्लहस पोर्टल पर ऑनलाईन एन्ट्री के संबंध में समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों की कार्यशाला संपन्न
मण्डला 27 मई 2022
नेशनल स्तर से समस्त प्रदेशों के सभी समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों का संपूर्ण विवरण यू-डाईस प्लस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाईन प्रविष्ट की जाती है। जिले के समस्त विद्यालयों का विवरण यू-डाईस प्लस पोर्टल पर प्रविष्ट करने की समयसीमा 30 मई तक निर्धारित की गई है। इसी क्रम में जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, एडीपीसी व एपीसी समग्र शिक्षा मुकेश पाण्डेय एवं जिला प्रोग्रामर अनिल सामदेकर द्वारा विकासखण्डवार समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों की कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी व डीपीसी समग्र शिक्षा जिला मण्डला में 26 एवं 27 को कार्यशाला आयोजित कर यू-डाईस प्लस में ऑनलाईन एन्ट्री के 12 खण्डों को विस्तारपूर्वक समझाया। समस्त प्राचार्य विगत वर्ष के यू-डाइस पोर्टल की हार्डकॉपी एवं सत्र 2021-22 की ब्लैककॉपी भरने के लिए उसे डाउनलोड कर उपस्थित रहे।
मुकेश पाण्डेय द्वारा प्राचार्यों से कार्यशाला में परीक्षा परिणाम, चलित पुस्तकालय, प्रयोगशाला उन्नयन, शिक्षक प्रशिक्षण, पूरक परिणाम प्राप्त विद्यार्थियों की शाला में तैयारी, पेयजल, विद्युत, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, कैरियर कांउसलिंग, व्यावसायिक शिक्षा, जीवन कौशल शिक्षा संबंधित आदि गतिविधियों पर चर्चा की। साथ ही उन्होने प्राचार्यों को नए शिक्षण सत्र को आरंभ से ही विद्यालयस्तरीय समस्त शैक्षिक एवं गैरशैक्षिक गतिविधियों को और भी अधिक प्रभावशाली बनाने हेतु निर्देशित किया गया। कार्यशाला के प्रस्तुतिकरण में तकनीकी सहायता इकबाल खान, अंकुश चौरसिया एवं सुमित कुशवाहा कर रहे थे एवं कार्यशाला में देवेन्द्र दुबे एवं पुलकित यादव का योगदान रहा।
जिले में प्राकृतिक खेती विषय पर ग्रामों में आयोजित की गई चौपाल
मण्डला 27 मई 2022
जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिये जिला मण्डला के विकासखण्ड मण्डला के खम्हरिया, टिकरा बेरपानी, हरदौहा विकासखण्ड नैनपुर के ग्राम भालीवाडामाल, गौराछापर, पोटिया विकासखण्ड मोहगांव के ग्राम चुभावल, सिलघिटी विकासखण्ड बिछिया के ग्राम टकटाउवा, सुरेहला, कांसखेड़ा विकासखण्ड-मवई के ग्राम पखवार, पनारीखेड़ा, केवलारीकला विकासखण्ड घुघरी के ग्राम पाटन, भुडकुर, गुल्लाखोह विकासखण्ड निवास के ग्राम डाला, मोहपानी, हरिसिंगौरी माल विकासखण्ड बीजाडांडी, के ग्राम बैहर, जमुनिया विकासखण्ड नारायणगंज के ग्राम परतला, बरबटी, बीजेगांव के ग्राम में प्राकृतिक खेती के चयनित ग्रामों में कृषि चौपाल लगाई गई। जिसमें कृषकों से प्राकृतिक खेती पर चर्चा कर जीवामृत, बीजामृत, घनजीवामृत, अग्नीआस्त्र, नीमास्त्र, दसपर्णिअर्क आदि को स्वयं गांव में तैयार कर उपयोग करने की विधि के बारे में सैद्धांतिक एवं प्रयोगिक करके बताया गया। चौपाल के दौरान इच्छुक कृषकों द्वारा प्राकृतिक कृषि के पोर्टल पर पंजीयन कराया। प्राकृतिक कृषि करने वाले इच्छुक कृषक अपना पंजीयन विभागीय वेब पोर्टल https://mpnf.mpkrishi.org पर जाकर पंजीयन कर सकते हैं। परियोजना संचालक आत्मा किसान कल्याण तथा कृषि विभाग मण्डला के द्वारा कृषकों को प्राकृतिक कृषि के गुण सिखाये जा रहे हैं। कृषक अपनी उपस्थिति अधिक से अधिक चौपाल कार्यक्रम में कराएं।

विधिक जागरूकता शिविर संपन्न
मण्डला 27 मई 2022
म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं श्री आर.एस. शर्मा प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला आदेशानुसार जिला न्यायाधीश व सचिव श्री डी.आर. कुमरे के द्वारा 27 मई 2022 को वन स्टॉप सेन्टर मंडला में महिलाओं के अधिकार एवं संरक्षण विषय पर विधिक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें जिला न्यायाधीश व सचिव श्री डी.आर. कुमरे ने उपस्थित महिलाओं को महिलाओं से संबधित कानूनों की जानकारी दी। श्री कुमरे ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे देश में प्रारंभ से ही नारी को पूजनीय माना गया है किन्तु कालांतर में कुछ कुरीतियां समाज में उत्पन्न हो गई जिसके परिणामस्वरूप अनेकों प्रकार से महिलाओं का शोषण एवं दमन होने लगा था। ऐसी दशा में भारतीय संविधान में महिलाओं को शिक्षा शासकीय सेवा एवं स्थानीय निकायों में आरक्षण प्रदान कर विशेष संरक्षण प्रदान किया गया। साथ ही उनके प्रति होने वाली प्रताड़ना एवं अत्याचारों से बचाव एवं न्याय दिलाने हेतु विभिन्न कानून बनाये गये जिसमें घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम महत्वपूर्ण कानून है। इसके अतिरिक्त हिन्दू उत्तराधिकार कानून में संशोधन कर पुत्री को पिता की सम्पति में पुत्र के बराबर का हक प्रदान किया गया है। आज महिलाओं को हर क्षेत्र में सशक्त बनाने के हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं जरूरत है महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की। श्री कुमरे ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली एवं निःशुल्क विधिक सहायता के विषय में भी जानकारी दी।

