कक्षा के अनुसार दक्षताएं अर्जित कराने के लिए शिक्षक अतिरिक्त प्रयास करें – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने किया मंडला विकासखंड के शालाओं एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण
मंडला 7 दिसम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्राथमिक शाला सुरंगदेवरी, नवीन माध्यमिक शाला पीपरपानी, नवीन प्राथमिक शाला औघटखपरी एवं आवासीय बालक छात्रावास पीपरपानी का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए शैक्षणिक कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से विषय आधारित प्रश्न ब्लेकबोर्ड पर हल कराए। बच्चों की दर्ज संख्या तथा उपस्थिति के संबंध में भी जानकारी लेते हुए शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि पाठ्यक्रम को कलैंडर अनुसार निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें। कक्षा के अनुसार दक्षताएं अर्जित कराने के लिए शिक्षक अतिरिक्त प्रयास करें। अध्यापन कार्य में सहायक शैक्षिक सामग्री का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। श्रीमती सिंह ने बच्चों की अभ्यास पुस्तिका में किए गए कार्य भी देखें। नवीन माध्यमिक शाला पीपरपानी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बिजली कनेक्शन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रसोई घर एवं शौचालय की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। श्रीमती सिंह ने नवीन प्राथमिक शाला औघटखपरी में शिक्षकों द्वारा बनाई गई शैक्षिक सामग्री की सराहना करते हुए उनके निरंतर उपयोग की बात कही। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन, जल व्यवस्था, शौचालय, प्रकाश की व्यवस्था, पुस्तक वितरण आदि के संबंध में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसीईओ जिला पंचायत एसएस मरावी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
शालाओं की मासिक रैंकिंग करें
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अकादमिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए डाईट में कोर टीम गठित करें तथा पाठ्यक्रम के अनुसार सभी विषयों की प्रश्नावली बनवाकर साझा करें। जिला स्तर से साप्ताहिक टेस्ट की योजना बनाएं। कलेक्टर ने कहा कि शाला की स्वच्छता, बच्चों की दर्ज संख्या एवं उपस्थिति, उपलब्धि स्तर, शैक्षिक सामग्रियों का उपयोग सहित अन्य मापदंडों के आधार पर शालाओं की मासिक रैंकिंग करें। आवश्यकतानुसार शिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित करें।
शिक्षक सोमप्रकाश पाठक को सम्मानित करने के निर्देश
प्राथमिक शाला सुरंगदेवरी के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर की उपलब्धता पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए इस संबंध में शाला शिक्षकों से जानकारी ली। शाला के प्रभारी शिक्षक सोमप्रकाश पाठक ने बताया कि समय-समय पर शासन से प्राप्त होने वाली निधि का उपयोग करते हुए चरणबद्ध रूप से फर्नीचर की व्यवस्था की जा रही है। शिक्षक श्री पाठक ने अपने द्वारा बनाई गई सहायक शैक्षिक सामग्री के संबंध में भी कलेक्टर को जानकारी दी। कलेक्टर ने शाला स्तर पर किए गए कार्यों की सराहना करते हुए शिक्षक सोमप्रकाश पाठक को सम्मानित करने के निर्देश दिए।
बच्चों को बताएं स्वच्छता का महत्व
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सुरंगदेवरी तथा मुर्रमखाप में संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कुपोषित बच्चों, पोषण आहार, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, टीकाकरण एवं पोषण वाटिका के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी केन्द्र में आने वाले बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। बच्चों तथा उनके माता-पिता को व्यक्तिगत तथा सामुदायिक स्वच्छता का महत्व बतलाएं। श्रीमती सिंह ने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्रों को आकर्षक बनाने का प्रयास करें। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची के पुनरीक्षण के संबंध में की गई कार्यवाही के संबंध में प्रश्न पूछे। कलेक्टर ने कहा कि क्षेत्र में जानकारी लें यदि किसी महिला या 17 वर्ष की उम्र पूरी करने वाली बालिका के नाम जोड़ने की कार्यवाही नहीं हुई है तो तत्काल फॉर्म-6 भरवाना सुनिश्चित करें।
उप स्वास्थ्य केन्द्र औघटखपरी का निरीक्षण
भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उप स्वास्थ्य केन्द्र औघटखपरी का निरीक्षण किया। उन्होंने उप स्वास्थ्य केन्द्र द्वारा प्रदाय की जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने दवाईयों की उपलब्धता का अभिलेखों से मिलान किया। कलेक्टर ने बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के संबंध में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
पानी का दुरूपयोग रोकने जल पंचायतों का आयोजन करें – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने किया जल जीवन मिशन के कार्यों का अवलोकन
मंडला 7 दिसम्बर 2022
पीपरपानी, मुर्रमखाप, औघटखपरी, सुरंगदेवरी आदि ग्रामों के भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जल जीवन मिशन के कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि शेष कार्य को जल्द पूरा कराएं तथा प्रत्येक घर तक जल की आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने अनेक हितग्राहियों के घर जाकर जल जीवन मिशन के कार्यों के संबंध में फीडबैक लिया।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि जिन ग्रामों में कार्य पूर्ण हो गया है वहां पर योजना का संचालन स्व-सहायता समूहों से कराएं। ग्राम का भ्रमण करते हुए कलेक्टर ने ग्रामीणों से चर्चा की तथा उन्हें जल संरक्षण का महत्व बतलाया। कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रदाय किए जा रहे पानी का उपयोग केवल पीने के लिए करें। कृषि कार्य के लिए अन्य स्त्रोतों से मिलने वाले पानी का उपयोग करें। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री पीएचई को निर्देशित किया कि जल पंचायतों के आयोजन की योजना बनाएं। जल पंचायतों के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण का महत्व बतलाएं तथा पानी का दुरूपयोग रोकने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करें। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत दिए जा रहे पानी का अन्यत्र उपयोग करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके कनेक्शन काटने संबंधी प्रस्ताव पारित करें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जल आपूर्ति की समयावधि तथा जलकर की वसूली के संबंध में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री पीएचई सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने किया उपार्जन केन्द्र मुर्रमखाप का निरीक्षण
मंडला 7 दिसम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उपार्जन केन्द्र मुर्रमखाप का आकस्मिक निरीक्षण कर खरीदी प्रक्रिया तथा गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि उपार्जन में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। निम्न गुणवत्ता की धान खरीदी करने पर संबंधितों पर जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि उपार्जन से पूर्व धान की सफाई कराएं। तौल पर विशेष ध्यान दें। एक बोरी पर निर्धारित 40 किलो धान ही किसानों से लें। खरीदी गई धान को परिवहन के लिए तैयार रखें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वजन मशीन तथा खरीदी गई धान की नमी की भी जांच की। उन्होंने वारदानों की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही पर
6 बीएलओ को कारण बताओ नोटिस, 2 का वेतन रोका गया
मंडला 7 दिसम्बर 2022
फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा 6 बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। साथ ही 2 बीएलओ के दिसंबर माह का वेतन रोकने संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं।
इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत नवीन मतदाताओं, दिव्यांग एवं बैगा समुदाय के शतप्रतिशत पात्र मतदाताओं के नाम दर्ज करने के निर्देश हैं। बीएलओ सुपरवाईजर की समीक्षा बैठक में मतदान केन्द्र बुडला, पौंड़ी उर्फ बाहरमुंडा, सुरखी, बोरी पीपरडाही, भरखी, सुनकुही, बरवानी एवं नाहरवेली में पुनरीक्षण कार्य की प्रगति शून्य पाई गई। इन मतदान केन्द्रों में बीएलओ के द्वारा न तो डोर-टू-डोर सर्वे किया गया, न ही पूर्व में आयोजित विशेष कैम्प दिवसों में आवंटित मतदान केन्द्र में उपस्थित रहे हैं जिसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने सहायक शिक्षक ज्ञानचंद्र धुर्वे, सहायक अध्यापक गजेन्द्र धुर्वे, सचिव अमरलाल कुंजाम एवं बसंतु यादव, पटवारी योगेश तिवारी एवं मोहित कुशवाहा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संबंधितों को समक्ष में होकर उत्तर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। समाधानकारक उत्तर न होने की दशा में एकपक्षीय कार्यवाही कर निर्णय लिया जाएगा। इसी प्रकार ग्राम रोजगार सहायक रमेश कुमार उईके एवं इमरत लाल मार्को का दिसंबर 2022 माह का वेतन रोकने संबंधी आदेश जारी किए गए हैं।
आईटीआई में प्लेसमेंट ड्राइव 9 को
मंडला 7 दिसम्बर 2022
प्राचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था ने बताया कि 9 दिसम्बर 2022 प्रातः 10 बजे से सुजुकी मोटर कम्पनी गुजरात द्वारा प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है जिसमें टर्नर, फिटर, मशीनिष्ट, मोटर मैकेनिक, वेल्डर, डीजल मैकेनिक, ट्रेक्टर मैकेनिक, टूल एंड डाई मेकर, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर वेल्डर, ट्रेक्टर मैकेनिक, पेंटर एवं इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी सम्मिलित हो सकते हैं। अभ्यर्थी इस दिन अपने दस्तावेज में मूल फोटो एवं रिज्यूम के साथ शासकीय आईटीआई मंडला में उपस्थित हो सकते हैं। कंपनी द्वारा लिखित परीक्षा प्रारम्भिक द्वारा चयन किया जायेगा इसमें केवल 18 वर्ष से 24 वर्ष तक के अभ्यर्थी सम्मिलित हो सकते हैं। कंपनी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को 21 हजार रूपये प्रति माह एफटीसी इन हैण्ड 14925 रूपये एवं अन्य सुविधायें दिये जायेंगे। अप्रेंटिसशिप की अवधि एक वर्ष के लिए होगी। जॉब लोकेशन सुजुकी मोटर हंसालपुर मेहसाना प्लांट, गुजरात है। अधिक जानकारी के लिए शासकीय आईटीआई मंडला में संपर्क कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना बीएलसी घटक अंतर्गत कार्यक्रम आज
मंडला 7 दिसम्बर 2022
मुख्य नगरपालिका अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना बीएलसी घटक अंतर्गत मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में 8 दिसम्बर 2022 को मंदसौर से राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में योजना अंतर्गत हितग्राहियों को प्रथम, द्वितीय, एवं तृतीय किस्त का वितरण सिंगल क्लिक के द्वारा भुगतान एवं भूमि पूजन व गृह प्रवेश का कार्यक्रम एवं पी.एम. स्वनिधि के हितग्राहियों को ऋण वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नगरपालिका टॉउनहॉल मण्डला में किया जायेगा।
आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक 12 को
मंडला 7 दिसम्बर 2022
परियोजना संचालक आत्मा समिति सह सदस्य सचिव आत्मा गवर्निंग बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक 12 दिसंबर 2022 दिन सोमवार को शाम 4 बजे आयोजित की गई है। जिला योजना भवन में आयोजित इस बैठक में संबंधित अधिकारियों को विभागीय जानकारी के साथ स्वयं उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
पुरूस्कृत होंगी शालाएं, 15 दिसंबर तक प्रस्ताव भेजें शिक्षक
मंडला 7 दिसम्बर 2022
अकादमिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि जिले के प्राथमिक स्कूलों में गुणवत्तायुक्त शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए समुचित शैक्षिक वातावरण तैयार करना आवश्यक है। इस संबंध में उन्होंने बेहतर कार्य करने वाली संस्थाओं के मध्य प्रतिस्पर्धा की भावना जाग्रत करने तथा श्रेष्ठ शालाओं को पुरूस्कृत करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि 15 दिसंबर तक शाला शिक्षकों से प्रस्ताव प्राप्त करें।
कलेक्टर ने कहा कि पुरूस्कार के लिए प्राप्त होने वाले प्रस्तावों का परीक्षण अन्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कराया जाएगा। श्रेष्ठ शाला को जिला स्तर पर पुरूस्कृत किया जाएगा। विद्यार्थियों की कठिन अवधारणों को सरल करने के लिए सभी शिक्षक सहायक शैक्षिक सामग्रियों का उपयोग करें। डाईट में कोर टीम गठित कर कक्षा एक से 5 के लिए टेस्ट पेपर तैयार करें, आगामी 10 दिसंबर को जिले के सभी प्राथमिक शालाओं में एकसाथ टेस्ट लिए जाएंगे। इस कार्य के लिए डाईट स्टॉफ तथा समस्त एपीसी को विकासखंड आवंटित करें। उत्तरपुस्तिकाओं की जांच अन्य शालाओं के शिक्षकों द्वारा कराई जाएगी। नियुक्त अधिकारी 10 प्रतिशत कॉपियों की जांच रेंडम आधार पर स्वयं करेंगे। उन्होंने टेस्ट परीक्षा की रिपोर्ट 15 दिसंबर को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस तरह होगी ग्रेडिंग
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि टेस्ट परीक्षा के परिणाम के आधार पर विद्यार्थियों तथा स्कूलों की ग्रेडिंग की जाएगी। कुल 15 अंकों में से 10 से अधिक नंबर पाने वाले विद्यार्थी ए ग्रेड, 6 से 10 तक अंक पाने वाले बी ग्रेड तथा 0 से 5 अंक तक पाने वाले विद्यार्थी सी ग्रेड पाएंगे। इसी प्रकार ए ग्रेड पाने वाले बच्चों की संख्या 80 प्रतिशत से अधिक होने पर स्कूल को ए ग्रेड, 50 से 80 प्रतिशत तक होने में स्कूल को बी ग्रेड तथा 50 प्रतिशत से कम होने पर स्कूल को सी ग्रेड प्रदान किया जाएगा।
शिक्षकों की अकादमिक समस्याएं चिन्हित करें
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि एपीसी, बीआरसी एवं जनशिक्षकों के निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की अकादमिक समस्याओं को चिन्हित करें तथा उनके निराकरण के लिए समुचित पहल करें। कलेक्टर ने कहा कि आवश्यकतानुसार शिक्षकों की उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित करें। अच्छी शालाओं का भ्रमण कराएं।
9 दिसंबर को डाईट में होगा जिला स्तरीय हितलाभ वितरण कार्यक्रम
मंडला 7 दिसम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ’मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान’ के अंतर्गत 9 दिसंबर को आयोजित होने वाले हितलाभ वितरण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायतों तथा वार्डों में कार्यक्रम आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति एवं हितलाभ वितरण सुनिश्चित करें। जिला स्तर का कार्यक्रम डाईट सभाकक्ष में दोपहर 1 बजे से प्रारंभ होगा। संबंधित विभाग कार्यक्रम के आयोजन तथा स्वीकृति पत्रक, हितलाभ वितरण की तैयारियां पूर्ण करें।
श्रीमती सिंह ने कहा कि कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करें। नगरीय क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में पार्षद लीड रोल अदा करें। छिंदवाड़ा में आयोजित होने वाले संभाग स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण पंचायत एवं वार्ड स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में दिखाए जाने संबंधी व्यवस्था सुनिश्चित करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
98569 क्विंटल धान उपार्जित
मंडला 7 दिसम्बर 2022
खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु जिले के सभी 67 खरीदी केन्द्र क्रियाशील है, जिनमें अभी तक 1496 किसानों ने 98569 क्विंटल धान विक्रय किया गया है। जिले में किसानों द्वारा स्लॉट बुकिंग धीमी गति से किया जा रहा है। किसानों से अनुरोध किया गया है कि अंतिम तिथि 6 जनवरी 2022 के पूर्व अपनी सुविधा अनुसार उपार्जन केन्द्र का चयन कर स्लॉट बुकिंग करा लें। ताकि असुविधा से बच सके। प्रशासन द्वारा किसानों से अच्छी औसत किस्म (एफ.ए.क्यू.) क्वालिटी का धान उपार्जन केन्द्र पर विक्रय हेतु ले जाने का अनुरोध किया गया है।
