विकास यात्रा: नर्मदा पथ पर बनेंगे सामुदायिक भवन एवं रेन बसेरा
विधायक देवसिंह सैयाम ने किया रेनबसेरा का भूमि पूजन
मण्डला 22 फरवरी 2023
5 से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाली विकास यात्राओं के क्रम में 22 फरवरी को जनपद पंचायत मंडला के अंतर्गत मानादेई, सुरंगदेवरी, खापा, मालीमोहगांव आदि ग्रामों में विकास यात्रा के कार्यक्रम आयोजित हुए। विधायक मंडला देवसिंह सैयाम ने इन विकास यात्राओं में सहभागिता करते हुए ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनमांग के अनुरूप मां नर्मदा पथ पर सामुदायिक भवन, रेन बसेरा एवं आदिवासी देवस्थान के लिए एक व्यवस्थित सर्व सुविधा युक्त 50 लाख की लागत से भवन निर्माण किया जाएगा। लाड़ली बहना योजना सहित केंद्र व राज्य सरकार की हितग्राही मूलक योजना तथा विकास से संबंधित कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि हमारी सरकार प्रत्येक पात्र हितग्राही को उसका लाभ देगी एवं क्षेत्र के विकास के लिए जो भी जनमांग है उसे समय सीमा में पूरा करेंगे। इस अवसर पर हिन्दी सलाहकार समिति के सदस्य सुधीर कसार ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि विकास यात्रा आम जनता की सेवा और क्षेत्र के समग्र विकास का सकारात्मक अभियान है। कार्यक्रम में सुरंगदेवरी मुख्य मार्ग में रैन बसेरा निर्माण सहित अन्य स्वीकृत निर्माण कार्यों का भूमिपूजन तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया गया। विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर सरपंच राजेश्वरी उईके एवं उपसरंपच रमेश सिरसाम सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

निवास उपडाकघर में किया गया बचत बैंक महामेले का आयोजन
मण्डला 22 फरवरी 2023
उपडाकघर निवास में बचत बैंक महामेले का आयोजन किया गया, जिसमें 2 हजार से भी अधिक खाते खोलने हेतु फॉर्म प्राप्त किये गये। महामेले में मंडला डाक संभाग अंतर्गत जबलपुर परिक्षेत्रीय कार्यालय से आए के.एस. पवार ने महामेले डाक विभाग के विभिन्न योजनाओ जैसे- बचत बैंक, आवर्ती जमा, सावधि जमा, डाक जीवन बीमा इत्यादि के बारे में बताया।
इस अवसर पर डाकघर मंडला संभाग अधीक्षक डी.एस. चौहान ने बताया कि 20 से 24 फरवरी तक सम्पूर्ण भारतवर्ष में बचत बैंक खाते खोने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य सभी को वित्तीय रूप से सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में डाक विभाग के कर्मचारियों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए पुरूस्कृत किया गया। इस अवसर पर उपसंभागीय प्रमुख निवास उपसंभाग शैलेष मेश्राम, कार्यालय सहायक संभागीय कार्यालय मिथलेश शिवहरे, डाकपाल निवास उपडाकघर विनोद कुर्वेती, डाक कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित थे।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम
मंडला 22 फरवरी 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 फरवरी को दोपहर 12 बजे छपरा जिला सिवनी से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा दोपहर 1:50 बजे मंडला पहुंचकर विकास यात्रा समापन कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। श्री कुलस्ते दोपहर 3:25 बजे मंडला से बिछिया के लिए रवाना होंगे तथा दोपहर 4 बजे बिछिया पहुंचकर विकास यात्रा समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। तत्पश्चात वे शाम 5:30 बजे बिछिया से मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे तथा शाम 6:05 बजे मंडला पहुंचेंगे। श्री कुलस्ते रात्रि 8 बजे मंडला से जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे तथा रात्रि 9 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

शासन की नवीन योजनाओं के लिए samas.mpoline.gov.in
मण्डला 22 फरवरी 2023
म.प्र. राज्य सहकारी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम भोपाल द्वारा वर्ष 2022-23 के लिये नवीन योजनाऐं डॉ. भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना का जिले के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस संबंध में जिला अत्यांवसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित के कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना का लक्ष्य 43 निर्धारित किया गया है। योजना के तहत स्वरोजगार के लिए 10 हजार रूपए से 1 लाख रूपए तक का प्रावधान है। हितग्राही की आयु 18 से 55 वर्ष के मध्य होनी चाहिए तथा वह आयकर दाता नहीं होना चाहिए। जिले के अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र हितग्राही उक्त योजनाओं का लाभ लेने हेतु samas.mpoline.gov.in पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिये जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित मण्डला में सम्पर्क कर सकते हैं।

स्वास्थ्य शिविर में 193 मरीजों का हुआ जाँच व उपचार
मण्डला 22 फरवरी 2023
राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में 193 मरीजों का जांच व उपचार किया गया। शिविर में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श, जांच, उपचार एवं दवा वितरण किया जा रहा है। शिविर में स्वास्थ्य सुविधाओं के दृष्टि से महिला चिकित्सा संबंधी, शिशु रोग से संबंधी, परिवार नियोजन एवं परामर्श, असंचारी रोग एन.सी.डी., सर्वाइकल कैंसर, मानसिक स्वास्थ्य सेवायें, फिज्योथेरिपी एवं वृद्धजन स्वास्थ्य सेवायें संचारी रोग टीबी, नेत्र रोग, दन्त रोग सेवायें तथा स्वास्थ्य के रिकार्ड हेतु आभा आईडी का निर्माण किया जा रहा है। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन 20 से 25 फरवरी 2023 तक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मण्डला में किया जा रहा है।

मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत कार्यशाला संपन्न
मण्डला 22 फरवरी 2023
जिले में चलित खाद्य प्रयोगशाला के भ्रमण के दौरान मिलावट के प्रति जागरुकता हेतु 22 फरवरी को एकलव्य आदर्श आवासीय शाला अचली सेमरखापा एवं कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार में जागरुकता कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें मिलावट से मुक्ति अभियान के अंर्तगत चलित खाद्य प्रयोगशाला द्वारा छात्र छात्राओं को दैनिक जीवन में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों में मिलावट की प्राथमिक स्तर पर पहचान एवं उनके जांच करने की आसान विधियां बताई गई। विद्यार्थियों को सेहत के प्रति जागरुकता कार्यक्रम के अंर्तगत खाने में चीनी, नमक, तेल को कम मात्रा में उपयोग किए जाने का महत्व बताया गया। फोर्टिफाइड फूड के बारे में जानकारी देकर उसके फायदे बताए गए। साथ ही चाट फूल्की का सेवन करते समय स्वयं जागरुक रहने का भी आव्हान किया गया। दोनों परिसर में भोजन व्यवस्था में कार्यरत कर्मचारियों को खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान एकलव्य आदर्श आवासीय शाला अचली सेमरखापा से प्राचार्य जी.एल. कामडे व कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार से एम. तंतुवाय तथा समस्त स्टॉफ सहित छात्र छात्राएं उपस्थित रहे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी गीता तांडेकर व चलित खाद्य प्रयोगशाला के केमिस्ट आकाश डेकोले के द्वारा जागरुक किया। साथ ही कटरा स्थित राजपूत ढाबा, प्रकाश होटल एवं गुरुनानक ढाबा में विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर स्पॉट टेस्टिंग की गई।

आज सामहिक अवकाश पर रहेंगे संविदा स्वास्थ्य कर्मी
वादा खिलाफी से नाराज फिर आंदोलन की राह पर
मंडला-एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी आज 23 फरवरी को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। संविदा कर्मियो ने शासन के आश्वासन के बाद 3 जनवरी को अनिश्चितकालीन हडताल को स्थगित कर दिया था लेकिन करीब दो माह बाद भी कोई मांग शासन व सरकार द्वारा पूर्ण नहीं किये जाने से एक बार फिर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी आंदोलन की राह पर है। एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष डॉ.मुकेश झारिया ने बताया कि नियमितीकरण व नियमितीकरण होने तक 5 जून 2018 की नीति लागू करने, सीएचओ को एमएलएचपी केडर के तहत नियमित करने, आउटसोर्स प्रथा बंद करने, सपोर्ट स्टाफ को एनएचएम में वाास लेने, निष्कासित को पुनःवापिस लिये जाने की मांग को लेकर 15 दिसंबर से 3 जनवरी तक आंदोलन किया गया। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री व अधिकारियो द्वारा एक माह में मांग पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया। जिस पर 3 जनवरी को आंदोलन स्थगित कर दिया गया लेकिन सरकार व शासन द्वारा वादाखिलाफी की गइ्र और करीब दो माह बाद भी मांगो को पूरा नहीं किया गया हैं जिससे संविदा कर्मचारी एक बार फिर आंदोलन की तैयारी में है। जिसमें आज 23 फरवरी को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। एक दिवसीय अवकाश के बाद भी मांग पूरी नहीं की जाती है तो प्रांतीय निर्णय अनुसार जल्द ही आंदोलन की शुरूआत कर दी जाएगी। आज जिले में एनएचएम के करीब 700 से अधिक संविदा कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियो को ज्ञापन के माध्यम से सभी विकासखण्ड व जिला स्तर पर दी गई है।

