घुघरी के गजराज एवं छिवलाटोला में आयोजित हुआ विकास यात्रा कार्यक्रम
केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते हुए शामिल
मण्डला 21 फरवरी 2023
5 से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाली विकास यात्राओं के क्रम में 21 फरवरी को जनपद पंचायत घुघरी के अंतर्गत ग्राम गजराज एवं छिवलाटोला में विकास यात्रा कार्यक्रम आयोजित हुए। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे शासन की योजनाओं से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाएं। श्री कुलस्ते ने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों के निराकरण के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक परिवार की जानकारी संकलित करें तथा पात्रतानुसार उन्हें शासन की योजनाओं से लाभान्वित करें। इस दौरान एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके, एसीईओ श्री मरावी सहित अन्य जनपद प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
पुस्तकालय का शुभारंभ, हितलाभ का वितरण
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने गजराज के विकास यात्रा कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में पुस्तकालय का शुभारंभ किया। केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने इस अवसर पर पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में श्री कुलस्ते ने स्वीकृत निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही का नवीन आवास में गृह प्रवेश कराया। इस दौरान उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभों का वितरण किया। छिवलाटोला में आयोजित विकास यात्रा के दौरान केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने पुलिया तथा सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन तथा हितलाभों का वितरण किया।
इन ग्रामों में भी निकली विकास यात्रा
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी विकास यात्राएं आयोजित हो रही हैं। इसी क्रम में 21 फरवरी को घुघरी विकासखंड के मांगा एवं टिकरिया तथा निवास विकासखंड के बिझौली, घुरनेर एवं जिलहरी ग्राम में भी विकास यात्राओं का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान ग्रामीणों को शासन की योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों के निराकरण से अवगत कराया गया। योजनाओं के लाभ से वंचित हितग्राहियों का चिन्हांकन कर आवश्यक कार्यवाही की गई। यात्रा के दौरान स्वीकृत निर्माण कार्यों का शिलान्यास तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में हितलाभों का वितरण भी किया गया।

जनसुनवाई में सुनी गई 71 आवेदकों की समस्याएँ
मण्डला 21 फरवरी 2023
जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आवेदकों की समस्याएं सुनी। संपन्न हुई जनसुनवाई में 71 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जनसुनवाई में एडीएम मीना मसराम तथा संबंधित विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी आवेदकों की समस्याओं को सुनते हुए उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
आज सम्पन्न हुई जनसुनवाई में ग्राम मांद निवासी राजकुमार नंदा ने मछुआ समिति, ग्राम पाठासिहोरा निवासी सुनंदा यादव ने बीपीएल, ग्राम खाम्ही निवासी नारायण सिंह ने पट्टा, ग्राम रतनपुर निवासी सुखलाल धूमकेती ने पोषक ग्राम की सूची में नाम जोड़ने, नैनपुर निवासी शंकर खंडेलवाल ने अवैध निर्माण के संबंध में आवेदन दिए गए। इसके साथ ही जनसुनवाई में अगल-अलग विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।

स्वतंत्रता संग्राम में जनजाति नायकों के योगदान पर कार्यक्रम आयोजित
मण्डला 21 फरवरी 2023
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय अंजनिया में आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत स्वतंत्रता संग्राम में जनजाति नायकों के योगदान विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। राजकुमार सिंगोर द्वारा कार्यक्रम की प्रस्तावना एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला गया। सोनू मरावी द्वारा जननायकों का परिचय प्रस्तुत करते हुए उनके द्वारा किए गए बलिदान से विद्यार्थियों को परिचित कराया गया। रोहिणी प्रसाद शुक्ला द्वारा संघर्ष से सृजन तक पुस्तक में उल्लेखित जननायकों का परिचय प्रस्तुत किया गया एवं आजादी का अमृत महोत्सव गीत का गायन किया गया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. नवीन कुमार हरदहा द्वारा स्वतंत्रता संग्राम में जनजाति नायकों की भूमिका के साथ स्थानीय नायकों का परिचय प्रस्तुत किया गया। साथ ही आर.आर.आर. फिल्म विडियो का प्रदर्शन एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में डॉ. घनश्याम झारिया, डॉ. शोभना पटेल, प्रशांत यादव, डॉ. गरिमा छाबड़ा, विजित कुमार मेश्राम, संदीप चौरसिया, संतोष नंदा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य शिविर में 206 मरीजों का हुआ जाँच व उपचार
मण्डला 21 फरवरी 2023
राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन वर्ष में 2 बार किया जाता है, जिसमें जन समुदाय को स्वास्थ्य प्रदायगी तथा रोग नियंत्रण के साथ-साथ बीमारियों से बचाव एवं वेलनेस संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्रदाय की जाती है। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन 20 फरवरी से 25 फरवरी 2023 तक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मण्डला में किया जा रहा है। इस शिविर में 206 मरीजों का जांच व उपचार किया गया। शिविर में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श, जांच, उपचार एवं दवा वितरण किया जा रहा है। शिविर में स्वास्थ्य सुविधाओं के दृष्टि से महिला चिकित्सा संबंधी, शिशु रोग से संबंधी, परिवार नियोजन एवं परामर्श, असंचारी रोग एन.सी.डी., सर्वाइकल कैंसर, मानसिक स्वास्थ्य सेवायें, फिज्योथेरिपी एवं वृद्धजन स्वास्थ्य सेवायें संचारी रोग टीबी, नेत्र रोग, दन्त रोग सेवायें तथा स्वास्थ्य के रिकार्ड हेतु आभा आईडी का निर्माण किया जा रहा है।

उपार्जन की अंतिम तिथि 25 फरवरी
मण्डला 21 फरवरी 2023
जिले में गत वर्ष 21100 किसानों में गेहूं विक्रय हेतु पंजीयन कराया था। रबी विपणन वर्ष 2023-24 में गेहूं, चना मसूर एवं सरसों के पंजीयन का कार्य जिले के 36 विभिन्न पंजीयन केन्द्रों पर किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 25 विभिन्न सीएससी सेंटरों पर भी पंजीयन का कार्य कराया जा रहा है। शासन द्वारा पंजीयन का कार्य 25 फरवरी 2023 तक की अवधि नियत की गई है। जिले में अभी तक 3728 किसानों ने ही पंजीयन कराये हैं। जिला प्रशासन द्वारा किसानों से समय रहते पंजीयन कराने की अपील की गई है ताकि अन्तिम समय में असुविधा न रहे।

प्रदेश अध्यक्ष का हुआ नगर आगमन
मण्डला। श्रमजीवी पत्रकार परिषद सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शिव तिवारी का मंगलवार को मण्डला अल्प समय के लिए आगमन हुआ यहां वे श्रमजीवी पत्रकार परिषद कार्यालय पहुंचे जहां पर वरिष्ठ पत्रकार हनुमान तिवारी ने उनका पुष्पमाला से स्वागत किया एवं 21 फरवरी को उनका जन्मदिन भी था इस अवसर पर पत्रकार साथियों ने शुभकमानाए देते हुए केक भी काटा गया। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध ज्योतिषी युवराज विष्णूपंत गोंडे भी उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, पत्रकार शंभू शुक्ला, आलोक जैन, दीपक कछवाहा, विज्जू साहू, अशोक मिश्रा, अनमोल अग्रवाल, रोहित बघेल, आकाश रघुवंशी, ओम बरमैया सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

