जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं आमजनों की समस्याएं
मंडला 28 फरवरी 2023
प्रत्येक मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में अलग-अलग अनुविभागों से आए कुल 73 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किये। कलेक्टर ने लोगों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों को समय-सीमा में निराकरण करने निर्देश दिये। इस दौरान एडीएम मीना मसराम, एसीईओ जिला पंचायत एसएस मरावी सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
सम्पन्न हुई जनसुनवाई में ग्राम देवगांव निवासी जगदीश प्रसाद झारिया ने पुत्र को मेंटल अस्पताल पहुंचाने, ग्राम पंचायत बड़ीखैरी निवासी कमलेश कुमार धनगर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, राजीव कॉलोनी मण्डला निवासी जय बघेल ने मटेरियल का भुगतान तथा ग्राम कंटगी निवासी लक्ष्मीप्रसाद चन्द्रौल ने राजस्व अभिलेखों में त्रुटि के संबंध में आवेदन दिया।

स्वरोजगार संबंधी प्रशिक्षण सम्पन्न
मण्डला 28 फरवरी 2023
सेंट्रल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा जिले के विकासखंडों के प्रशिक्षणार्थियों को 23 से 28 फरवरी 2023 तक शॉपकीपर का 6 दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में व्यवसाय संबधी जानकारी दी गई। प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रेरित भी किया गया। स्वरोजगार स्थापना के गुण तथा संस्थान में व्यक्तित्व विकास के गुणों पर बल दिया गया। प्रशिक्षण समापन कार्यक्रम में सभी प्रशिक्षणार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। समापन कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक अमित केशरी, कार्यक्रम समन्वयक राजीव शर्मा, यश मोहन उसराठे एवं एन.आर.एल.आर.एल.एम. सहयोगी उपस्थित रहे।

सीएम राइस विद्यालय अंजनियाँ में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ
मण्डला 28 फरवरी 2023
सत्र 2023-24 में शासकीय सीएम राइस विद्यालय अंजनियां में नवीन प्रवेश हेतु प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इस सत्र में कक्षावार उपलब्ध सीटों में कक्षा केजी-1 में 25, कक्षा-1 में 25, कक्षा-2 में 19, कक्षा-3 में 22, कक्षा-4 में 17, कक्षा-5 में 18, कक्षा-6 में 25, कक्षा-7 में 15, कक्षा-8 में 20 तथा कक्षा-9 में 50 हैं। शेष कक्षाओं में परीक्षा परिणाम घोषित होने के उपरांत रिक्त स्थान हाने पर प्रवेश दिया जायेगा। उपरोक्त कक्षाओं हेतु आवेदन पत्र 28 फरवरी से 5 मार्च 2023 तक प्रातः 11 बजे से 3 बजे तक विद्यालय से प्राप्त किये जा सकते हैं। फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 6 मार्च 2023 है।
केजी-1 में प्रवेश हेतु बालक-बालिकाओं की उम्र 31 मार्च 2023 की स्थिति में 4 वर्ष पूर्ण होना चाहिए। निर्धारित सीट से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर छात्रों का प्रवेश लॉटरी निकाल कर किया जायेगा। आवेदन पत्र के साथ जन्म प्रमाण पत्र एवं फोटो अनिवार्यतः जमा करना होगा। प्रवेश के संबंध में अंतिम निर्णय विद्यालय प्रवेश समीति का होगा। प्रवेश सुनिश्चित होने पर कक्षा-2 से कक्षा-9 में आवश्यक दस्तावेजों में टीसी, समग्र आईडी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, जाति प्रमाण पत्र, दिव्यांग होने पर दिव्यांग प्रमाण पत्र है।

अचल संपत्ति के बाजारमूल्य संबंधी अनंतिम मूल्यों का प्रदर्शन
मण्डला 28 फरवरी 2023
शासन के निर्देशानुसार जिला मण्डला में स्थित अचल संपत्ति का बाजारमूल्य निश्चित करने संबंधी गाईडलाईन वर्ष 2023-24 के अंनतिम मूल्यों का अवलोकन जिला पंजीयक, संयोजक जिला मूल्यांकन समिति मण्डला के समक्ष 10 मार्च 2023 तक किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना
विशेष पिछड़ी जनजाति को दुधारू पशु प्रदाय कार्यक्रम
मण्डला 28 फरवरी 2023
उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना अंतर्गत जिले के विशेष पिछड़े जनजाति (बैगा) हितग्राहियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने एवं कुपोषण से मुक्ति पाने हेतु जिले के 116 बैगा परिवारों को दो-दो दूधारू पशु (गाय/भैंस बछड़े सहित) उपलब्ध किया जाएगा।
योजना का उद्देश्य
दुग्ध उत्पादन में वृद्धि, हितग्राहियों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाना, पशुओं की दुग्ध उत्पादन क्षमता में वृद्धि, रोजगार के अवसर प्रदाय करना तथा कुपोषण दूर करना, उच्च उत्पादक क्षमता के दुधारू पशुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना।
कार्यक्रम विवरण
दुधारू पशुओं में वर्णित दुधारू देशी नस्ल की दो-दो गाय, भैंस जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति (बैगा) हितग्राहियों को प्रदाय किया जाएगा। योजना 90 प्रतिशत अनुदान एवं 10 प्रतिशत हितग्राही अंशदान पर संचालित हैं। क्रय किये गये समस्त पशुओं का बीमा कराया जाएगा। एम.पी.सी.डी.एफ के मिल्क रूट पर प्राथमिकता के आधार पर हितग्राहियों का चयन किया जाएगा। पशुपालकों को डेयरी से संबंधित प्रशिक्षण पशु प्रदाय के पूर्व दिया जायेगा।
योजना की इकाई लागत
दुधारू गाय पालन- इकाई की कुल लागत 189250, 90 प्रतिशत अनुदान 170325, 10 प्रतिशत हितग्राही अंशदान 18925, दुधारू भैंस पालन- इकाई की कुल लागत 243000, 90 प्रतिशत अनुदान 218700, 10 प्रतिशत हितग्राही अंशदान 24300 जिले के बैगा हितग्राही मिल्क रूट के आधार पर निकटतम पशु चिकित्सा संस्था में जाकर आवेदन एवं अंशदान राशि जमा कर इस योजना का अधिक से अधिक लाभ ले सकते हैं।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 28 फरवरी 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक जागोबाई, ग्राम रेंगाझोरी निवासी की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक शंकर कुशराम को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

हितग्राहीमूलक योजनाओं में सकारात्मक रूख अपनाएं बैंकर्स – हर्षिका सिंह
डीएलसीसी की बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 28 फरवरी 2023
डीएलसीसी की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि हितग्राहीमूलक योजनाओं के प्रकरणों में बैंकर्स सकारात्मक रूख अपनाते हुए उन्हें नियमानुसार स्वीकृति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि 15 मार्च तक लक्ष्य के अनुरूप स्वरोजगार संबंधी योजनाओं के तहत प्राप्त प्रकरणों को स्वीकृति प्रदान करते हुए उनमें ऋण वितरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें। संबंधित विभागों के अधिकारी प्रकरणों का लगातार फॉलोअप करें तथा आवश्यकतानुसार दस्तावेजीकरण में सहयोग प्रदान करें। बैठक में एलडीएम अमित केशरी सहित संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक पात्र किसान को किसान क्रेडिट कार्ड से लाभान्वित करें। पशु विभाग तथा मत्स्य विभाग भी लक्ष्य के अनुरूप केसीसी बनाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बैंक शाखावार लंबित केसीसी प्रकरणों की जानकारी प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री सृजन कार्यक्रम में वितरण की गति बढ़ाएं। कृषि ऋण को प्रोत्साहित करें। उन्होंने उद्यम क्रांति योजना, संत रविदास आर्थिक कल्याण योजना, एसएचजी लिंकेज, मुद्रा योजना आदि की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैंकवार जमा एवं अग्रिम अनुपात पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन बैंकों का सीडी रेशियो जिले के अनुपात से कम है वे प्रगति लाएं। साथ ही सीडी रेशियो बढ़ाएं। वार्षिक लक्ष्य प्राप्ति के लिए योजना बनाएं। बैठक में संभाव्यता युक्त ऋण योजना पत्रिका का विमोचन किया गया।
लक्ष्य पूर्ति न होने पर तय होगी जिम्मेदारी
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि विभिन्न योजनाओं के तहत शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति नहीं होने पर बैंकर्स तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। स्टेट बैंक तथा सेंट्रल बैंक में शहरी पथ विक्रेता योजना के लम्बित प्रकरणों की संख्या अधिक होने पर कलेक्टर ने एक सप्ताह में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो हितग्राही 20 हजार तथा 50 हजार के लिए पात्र हो चुके हैं उनके प्रकरणों को प्राथमिकता से स्वीकृत करें। पीएमएफएमई योजना की कमजोर प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए 15 दिवस में लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

’कम्प्रेसिव हेल्थ केम्प’ आज से
मण्डला 28 फरवरी 2023
कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार 1 से 15 मार्च 2023 तक विकासखण्ड के समस्त ग्राम में (विशेषकर नक्सल प्रभावित ग्राम/पंचायतों में एवं विकासखण्ड मवई, बिछिया एवं नैनपुर) शीघ्र कार्ययोजना बनाकर कम्प्रेसिव हेल्थ चेकअप केम्प संबंधित क्षेत्र के मैदानी कार्यकर्ताओं जैसे- ए.एन.एम., आशा, एम.पी.डब्लू एवं इनके कार्यों को सुपरवाईज करने वाले सुपरवाईजर्स, आर.बी.एस.के. टीम, सी.एच.ओ. एवं आर.के.एस. के सहयोग से आयोजन किया जाना है।
कलेक्टर ने समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उक्त केम्प के लिए लक्ष्य दम्पत्ती का चिन्हांकन एवं पंजीयन, प्रथम ए.एन.सी. पंजीयन, चतुर्थ ए.एन.सी. जांच, हाईरिस्क चिन्हांकन एवं प्रबंधन, प्रत्येक महिलाओं एवं 14 वर्ष से अधिक किशोरी बालिकाओं की एनीमिया टेस्टिंग, छात्रावास में अध्ययनरत समस्त किशोर किशोरियों की स्वास्थ्य परीक्षण (आर.बी.एस.के. दल द्वारा) सरवाईकल, ब्रेस्ट, ओरल कैंसर तथा राजोनिवृत्ति से संबंधित समस्याओं की पहचान एवं उपचार, सिकल सेल एनीमिया चैकअप। साथ ही इन क्षेत्रों में प्राथमिकता में कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं कुपोषित बच्चों को एन.आर.सी. में भर्ती कराने में महिला बाल विकास एवं पंचायत तथा राजस्व के मैदानी अमले का सहयोग एवं सुनिश्चित करें कि किसी भी समय किसी भी एन.आर.सी. की बेड अक्यूपेंशी 90 प्रतिशत से कम ना हो। समस्त जनसमुदाय का आभा आई.डी. निर्माण करें। उन्हांेने निर्देशित किया है कि 1 से 15 मार्च 2023 तक ’कम्प्रेसिव हेल्थ केम्प’ का आयोजन करना सुनिश्चित करें।

बोर्ड परीक्षाओं में शामिल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ
मंडला 28 फरवरी 2023
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 1 मार्च 2023 से प्रारंभ हो रही बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की है। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि सभी विद्यार्थी परीक्षाओं के दौरान सकारात्मक रहते हुए अच्छा प्रदर्शन करें।

बम्हनीबंजर में विशाल ईनामी दंगल
बीतते समय के साथ-साथ इन दंगल और कुश्ती प्रतियोगिताओं पर विराम लगता गया और धीरे-धीरे इस तरह की प्रतियोगितायें लगभग समाप्त ही हो गईं। अब पुन: स्थानीय लोगों ने इस दिशा में संज्ञान लेते हुये पुन: उस परिपाटी को जीवंत करने का प्रयास किया है और इसी कड़ी में 04 एवं 05 मार्च 2023 को बम्हनीबंजर में कुश्ती प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है जिन वर्गो और श्रेणियों में ये कुश्ितयाँ होंगी उनके अनुसार जूनियर वेट चैंपियनशिप में 36 किलोग्राम से 40 किलोग्राम तक, 40 किलोग्राम से 44 किलोग्राम तक, 44 किलोग्राम से 48 किलोग्राम तक। टाइटल चैंपियनशिप में मण्डला किशोर 48 किलोग्राम से 52 किलोग्राम तक, मण्डला कुमार 52 किलोग्राम से 57 किलोग्राम तक, मण्डला शेरे 57 किलोग्राम से 68 किलोग्राम तक। ओपन चैंपियनशिप में 68 किलोग्राम वर्ग से प्रारंभ होगी। महिला चैंपियनशिप में 40 किलोग्राम महिला चैंपियन, मण्डला कुमारी 40 किलोग्राम से 50 किलोग्राम तक के वर्ग में होगी।
कुश्ती प्रतियोगिताओं के लिये वजन 4 तारीख को सुबह 9:00 से दोपहर 1:00 तक किये जायेंगे।
प्रतियाेगिता को लेकर बालक एवं बालिका दोनों वर्ग में जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। जिले एवं जिले के बाहर की व्यायाम शालायें एवं अखाड़ों के पहलवान इस प्रतियोगिता में शामिल होंगे। हवेली क्षेत्र में होने वाले इस दंगल में शेरे मण्डला, किशोर मण्डला और कुमार मण्डला के लिये भारी-भरकम नगद राशि ईनाम स्वरूप रखी गई है। अन्य श्रेणियों में होने वाली कुश्ती के विजेताओं को भी नगद राशि पुरूष्कार स्वरूप दी जायेगी। इसी तरह बालिका कुश्ती को क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बालिका वर्ग में होने वाली कुश्ती में भी नगद राशि का प्रावधान रखा गया है। कुश्ती के लिये निर्णायक बाहर से आयेंगे।

