Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 1 मार्च 2023

स्वामित्व योजना के तहत मार्च में पूर्ण करें प्रकाशन की कार्यवाही – हर्षिका सिंह

समीक्षा बैठक में कलेक्टर के निर्देश

 

मण्डला 1 मार्च 2023

स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि स्वामित्व योजना के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करें। कलेक्टर ने कहा कि जितने भी नक्शे प्राप्त हुए हैं उनके सत्यापन की कार्यवाही जल्द पूर्ण करें। किसी भी गांव में सत्यापन तथा आरओआर की फीडिंग शेष न रहे, अन्यथा की स्थिति में संबंधित एसडीएम, तहसीलदार एवं पटवारी जिम्मेदार रहेंगे। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, समस्त एसडीएम एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कहा कि स्वामित्व योजना के तहत सभी कार्यवाहियाँ मार्च माह में ही पूर्ण कर नियमानुसार प्रथम एवं द्वितीय चरण के प्रकाशन की कार्यवाही करें। श्रीमती सिंह ने तकनीकि विषयों का संकलन कर ग्रामवार रिपोर्ट उपस्थित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि समस्त एसडीएम मास्टर सीट बनाकर डेली समीक्षा कर समुचित प्रगति लाना सुनिश्चित करें। शिविर लगाकर पीएम किसान के हितग्राहियों की ईकेवाईसी की कार्यवाही पूर्ण करें। इस संबंध में आरआई तथा पटवारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करें।

 

एक साल से अधिक समय से लम्बित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि राजस्व न्यायालयों में लम्बित प्रकरणों को समय-सीमा में निराकृत करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों में जो भी प्रकरण एक साल से अधिक समय से लम्बित हैं, उनका अध्ययन कर उनकी सुनवाई करें तथा जल्द से जल्द उनके निराकरण की कार्यवाही करें। ऐसे प्रकरणों को एसडीएम एवं तहसीलदार स्वयं फॉलोअप करें। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए प्रकरणों को निर्धारित समयावधि में सकारात्मक तरीके से निराकृत करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने की बम्हनी एवं निवास की पेयजल योजनाओं की तैयारियों की समीक्षा

 

मण्डला 1 मार्च 2023

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नगर पंचायत बम्हनी बंजर एवं निवास में बनने वाली पेयजल योजना की तैयारियों तथा मंडला नगर की सीवर लाईन परियोजना की प्रगति के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि पेयजल योजना के संबंध में सभी आवश्यक तैयारियाँ समय में पूर्ण करते हुए जल्द ही कार्य प्रारंभ करें। उन्होंने दोनों स्थानों के लिए जल के स्त्रोतों का चिन्हांकन तथा भूमि की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में यूडीसीएल जबलपुर के प्रोजेक्ट मैनेजर सहित संबंधित उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कहा कि पेयजल योजना के लिए दोनों नगरीय निकायों में विद्युत के पृथक-पृथक फीडर लगवाने की कार्यवाही करें। योजना के तहत बम्हनी बंजर में लगभग 2200 तथा निवास में लगभग 2000 परिवारों को पेयजल प्रदान किया जाएगा। योजना 30 साल के लिए बनाई जा रही है। प्रथम 10 वर्ष तक योजना का संचालन एजेंसी के माध्यम से किया जाएगा।

 

निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंडला एवं महाराजपुर के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की प्रगति की भी जानकारी लेते हुए कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के पंप हाउस के लिए जमीन की उपलब्धता पर भी चर्चा की गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने किया ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण

 

मण्डला 1 मार्च 2023

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला स्थित ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से वेयरहाऊस के निरीक्षण के दौरान आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम, निर्वाचन अधीक्षक अरूण कुशवाहा, सीके तिवारी आदि उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

सशस्त्र सेना झंडा दिवस के लक्ष्य को पूरा करने पर कलेक्टर सम्मानित

 

मण्डला 1 मार्च 2023

मध्यप्रदेश में सशस्त्र सेना झंडा दिवस के लक्ष्य को पूरा करने वाले सभी जिला कलेक्टरों को गवर्नर हाउस में राज्यपाल द्वारा एक ट्रॉफी व प्रशंसा पत्र प्रदान किया जाता है। कोविड के कारण वर्ष 2020-21 में यह आयोजन नहीं हुआ था। विभागीय रूप से उक्त ट्रॉफी प्राप्त हुई है जिसे जिला सैनिक कल्याण संयोजक जगदीश पटेल, सूबेदार अब्दुल सलीम, नायक मोहपत लाल रघुवंशी एवं हवलदार श्याम सिंह कुशराम (सेवानिवृत्त) द्वारा जिला कलेक्टर हर्षिका सिंह को सौंपी गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

अब मार्बल पर भी होगी मंडला की पारम्परिक गोंडी पेंटिंग

 

मण्डला 1 मार्च 2023

जिले की पारम्परिक गोंडी चित्रकारी की देश विदेश में चर्चा रही है। हाल ही में ज़िला प्रशासन द्वारा गोंडी चित्रकला को बढ़ावा देने हेतु एक मुहिम चलाई गई, जिसमें चित्रकारी को आमजन तक पहुँचाने की दृष्टि से छोटे छोटे उत्पाद तैयार किए गए। इन उत्पादों की बाज़ार में प्रतिक्रिया अच्छी रही और देश के अन्य हिस्सों से भी ऑनलाइन ऑर्डर इंस्टाग्राम के माध्यम से प्राप्त होते आ रहे है। हाल ही में इन उत्पादों की आईआईएम अहमदाबाद में भी प्रदर्शनी लगाई गई, जहाँ काफ़ी उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली।

गोंडी कलाकारी के उत्पाद ज़िले में अधिकतर ग्राम औरई और ग्राम तिलई में बनाए जा रहे है, जिनकी हाल में जबलपुर में गोल बाज़ार में प्रदर्शनी लगायी गई थी, जहाँ ना केवल ग्राहकों द्वारा प्रशंसा हुई, पर अन्य ज़िलों से भी समूहों ने विभिन्न उत्पादों में गोंडी चित्रकारी करवाने की इच्छा ज़ाहिर की। इसी क्रम में, उत्पादों की विविधीकरण और आजीविका संवर्धन की दृष्टि से भेड़ाघाट स्टोन प्रोडूसर कंपनी द्वारा शांति स्व-सहायता समूह, तिलई (नैनपुर, मंडला) के माध्यम से प्रशिक्षण आयोजित करवाया गया, जहाँ समूह से श्रद्धा और सुमन द्वारा जबलपुर के मार्बल आर्टिसन को स्टोन पर पेंटिंग का प्रक्षिक्षण दिया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का आगमन 2 मार्च को

 

मंडला 1 मार्च 2023

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते का 2 मार्च को दोपहर 3 बजे मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 2 मार्च को दोपहर 2 बजे धनौरा जिला सिवनी से रवाना होकर दोपहर 3 बजे मंडला पहुंचेंगे तथा स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। वे शाम 5 बजे मंडला से जेवरा के लिए रवाना होंगे तथा शाम 6 बजे जेवरा पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री कुलस्ते जेवरा में रात्रि विश्राम करेंगे। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते 3 मार्च को प्रातः 9 बजे जेवरा से धनवाशी जिला डिंडौरी के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1:30 बजे रामगढ़ जिला डिंडौरी से बिछिया के लिए रवाना होकर दोपहर 3:30 बजे बिछिया पहुंचेंगे तथा स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री कुलस्ते सायं 4:30 बजे बिछिया से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

शांति समिति की बैठक आज

 

मण्डला 1 मार्च 2023

होली पर्व के अवसर पर शांति एवं कानून व्यवस्था के मद्देनजर 2 मार्च को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है। यह बैठक जिला योजना भवन में शाम 5 बजे से होगी। अपर कलेक्टर मीना मसराम ने संबंधितों से बैठक में उपस्थिति का आग्रह किया है।

 

 

 

 

 

 

 

समाधान ऑनलाईन कार्यक्रम 7 मार्च को

 

मण्डला 1 मार्च 2023

7 मार्च को समाधान ऑनलाईन कार्यक्रम के माध्यम से सीएम हेल्पलाईन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं समाधान एक दिवस के विषयों की समीक्षा की जाएगी। समाधान ऑनलाईन में खाद्यान्न की मात्रा, बिल में गड़बड़ी, नलजल योजना, प्रथम सूचना रिपोर्ट, एफआईआर विलंब, एफआईआर, नामांतरण, बंटवारा संबंधी, अवैध कॉलोनी, अवैध कब्जे, अवैध भवन, नक्शे, नगर परिषद, निर्माण कार्य, कार्य की गुणवत्ता तथा 100 दिवस से अधिक समय से लम्बित शिकायत की समीक्षा की जाएगी।

 

 

 

 

 

प्रत्येक माह की 10 एवं 21 तारीख को होगी विद्युत संबंधी शिकायतों की सुनवाई

 

मण्डला 1 मार्च 2023

म.प्र. शासन ऊर्जा विभाग के निर्देशानुसार मण्डला वृत्त में जिला स्तरीय विद्युत शिकायत निवारण फोरम का गठन किया गया है। फोरम की बैठक, सुनवाई प्रत्येक माह की 10 एवं 21 तारीख को प्रातः 11 बजे वृत्त कार्यालय मण्डला में आयोजित की जाएगी जिसमें विद्युत उपभोक्ता अपनी बिल सम्बन्धी समस्याओं का त्वरित निराकरण करा सकेंगे। माह की 10 एवं 21 तारीख को अवकाश होने की दशा में आगामी कार्यदिवस में बैठक, सुनवाई का आयोजन किया जाएगा। बैठक, सुनवाई में ऐसे उपभोक्ता जिनकी बिल सम्बन्धी समस्याओं का निराकरण सम्बन्धित कार्यालय से न हुआ हो और वे असंतुष्ठ हों तो सुनवाई में अपनी समस्या रखने हेतु लिखित आवेदन के साथ एक पुराना बिल संलग्न कर उपस्थित होकर अपनी समस्या का निराकरण करा सकते हैं।

 

 

 

 

 

विश्व श्रवण दिवस 3 को

 

मण्डला 1 मार्च 2023

जिला चिकित्सालय एवं विकासखंड स्तर पर 3 मार्च को विश्व श्रवण दिवस का आयोजन किया जाएगा। विश्व श्रवण दिवस की मुख्य थीम “Ear and hearing care for all ! lets make it eality”  है जिसमें समुदाय एवं संस्था स्तर पर श्रवण संबंधी जानकारी, बचाव एवं रोकथाम के संबंध में गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

 

 

 

 

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मंडला 1 मार्च 2023

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अखिलेश कुमार मरकाम, ग्राम मानिकसरा निवासी की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक बालमीक मरकाम को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

जनसेवा मित्रों का प्रशिक्षण 3 से 5 मार्च तक

 

मण्डला 1 मार्च 2023

मुख्यमंत्री यूथ इंटरर्शिप फॉर प्रोफेशनल डेवलपमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत जनसेवा मित्रों का प्रशिक्षण 3 से 5 मार्च 2023 के दौरान सामुदायिक प्रशिक्षण केन्द्र राजीव कॉलोनी देवदरा मंडला में आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण में संबंधित अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड ने संबंधितों को प्रशिक्षण में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जांच हेतु लिए गए खाद्य सामग्रियों के नमूने

 

मण्डला 1 मार्च 2023

जिले में खाद्य पदार्थों पर विशेष निगरानी रखने, खाद्य तेलों में मिलावट रोकने एवं खाद्य तेलो की शुद्वता जांचने व आम उपभोक्ताओं को स्वास्थ्यप्रद एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो इसके लिये जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन मंडला के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा हैं। जिले में वर्तमान सत्र में स्थानीय निर्माताओ द्वारा पैक किए जा रहे व अन्य विभिन्न ब्रांड के खाद्य तेलों के 17 नमूने जांच हेतु लिए गए है जिनमें से 4 नमूने की रिपोर्ट अवमानक व मिथ्याछाप पाए जाने पर उनके विरुद्ध सक्षम न्यायालय में प्रकरण दायर किए गए है। वर्तमान में भी खाद्य तेलो में मिलावट होने की शिकायत प्राप्त होने पर मंडला स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य तेलों के नमूने लिए गए है जिनमें श्याम आइल मिल से सोयबीन तेल, आनंद ट्रेडर्स से सोयबीन तेल, चेतना ट्रेडर्स से राइस ब्रान व सरसों तेल का नमूना जांच हेतु लिया गया है। साथ ही होली त्यौहार के दृष्टिगत दूध, दूध से पदार्थों व मिठाईयों की भी जांच की जा रही है इसी क्रम में मां बीकानेर राजपुरोहित मंडला से कलाकंद, समीर होटल नारायणगंज से लड्डू का नमूना लेकर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के द्वारा कार्यवाही निरंतर जारी है।

 

Related posts

Temple trust begins work to shift Ram idol from tent, its abode for 30 years

Admin

जिले, तहसील, विकासखंड और संभागों के पुनर्गठन की प्रक्रिया की जा रही है आरंभ : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Reva India News

पर्यटन के क्षेत्र में विश्व के मानचित्र पर होगी मध्यप्रदेश की अलग पहचान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Reva India News

Leave a Comment