जनता की शिकायतों का समाधान ही हमारी प्राथमिकता – डॉ. सिडाना
कलेक्टर ने टीएल बैठक में दिए अधिकारियों को निर्देश
मंडला 17 अप्रैल 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने समय-सीमा बैठक के अंतर्गत सीएम हेल्पलाईन, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, उपार्जन सहित विभिन्न विषयों की विभागवार समीक्षा की। उन्हांेने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की जानकारी अनिवार्य रूप से होना चाहिए। संबंधित अधिकारी शिकायतों की जानकारी रखते हुए इसके समाधान की प्रक्रिया भी सक्रिय रूप से पूरी करें। डॉ. सिडाना ने सीएम हेल्पलाईन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए श्रम विभाग को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आगामी 2 दिनों में शिकायतों का अधिकतम एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। जनता की शिकायतों का समाधान ही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से उनके द्वारा आगामी 2 दिनों में संतुष्टि के साथ निराकरण की जा सकने वाली शिकायतों का ब्यौरा भी मांगा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, सभी एसडीएम, एसीईओ श्री मरावी सहित जिलाधिकारी एवं संबंधित उपस्थित थे।
स्वास्थ्य विभाग प्रकरणों के निराकरण में निम्न
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने समय-सीमा बैठक में राजस्व विभाग की शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के लंबित प्रकरणों की प्रकरणवार जानकारी लेते हुए सीएमएचओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जेएसवाई एवं पीएसवाई की शिकायतों का संतुष्टि के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। सीएम हेल्पलाईन में स्वास्थ्य विभाग की खराब स्थिति पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने खाद्य विभाग द्वारा लंबित प्रकरणों के निराकरण को बेहतर बताया। कलेक्टर ने अधिक दिनों से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के साथ निराकरण के निर्देश दिए।
रचनात्मक रूप से करें लाड़ली बहना का प्रचार-प्रसार
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि महिला बाल विकास विभाग, सभी एसडीएम, सीईओ जनपद एवं सीएमओ नगरपालिका योजना के प्रभावी प्रचार-प्रसार में रचनात्मकता लाएं। उन्होंने कहा कि योजना की जानकारी सटीक रूप से प्रसारित करें। अनावश्यक भ्रांतियों को दूर करने संबंधी स्थानीय भाषा में भी प्रचार-प्रसार करें। डॉ. सिडाना ने कहा कि पंजीयन स्थल पर शासन से अनुमोदित फ्लेक्स का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। उन्होंने सभी को समन्वय से प्रचार-प्रसार की गतिविधियों को नवाचार के साथ सतत रूप से जारी रखने के निर्देश दिए।
उपार्जन गड़बड़ी पर करें सख्ती से कार्यवाही
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने उपार्जन प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी एसडीएम नियमित रूप से भ्रमण करते हुए उपार्जन प्रक्रिया संपन्न कराएं। उन्हांेने केन्द्रों में बारदानें, नापतौल, तिरपाल एवं अन्य जरूरी सामग्री की पूर्णता के निर्देश दिए। उन्हांेने कहा कि गुणवत्तापूर्ण खरीदी के लिए जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने परिवहन पर चर्चा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। डॉ. सिडाना ने कहा कि उपार्जन प्रक्रिया पारदर्शी रूप से संपन्न हो। उपार्जन प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर के निर्देशानुसार सिलगी में अनियमितता पाए जाने पर खरीदी प्रभारी को हटाने की कार्यवाही की गई है।
बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने स्वामित्व योजना की तहसीलवार समीक्षा की। उन्होंने खुले एवं असुरक्षित बावड़ी, कुएं तथा बोरवेल के चिन्हांकन कार्य को आगामी 2 दिनों में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 2 दिनों में चिन्हांकन पूर्ण करते हुए सुरक्षित उपाय करना प्रारंभ करें। डॉ. सिडाना ने निर्माण विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि बारिश के पूर्व रोड एवं अन्य मेंटेनेन्स के कार्य को विशेष गति से पूरा करें। उन्होंने मध्यान्ह भोजन पर चर्चा करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्रों, छात्रावासों तथा स्कूलों में समय पर तथा गुणवत्तापूर्ण भोजन प्रदान करें।

उपार्जन में अनियमितता पर हुई कार्यवाही
मडला 17 अप्रैल 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशानुसार उपार्जन प्रक्रिया में अनियमितता एवं लापरवाही के चलते कार्यवाही की गई है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि उपार्जन केन्द्र सिलगी की जांच में खरीदी प्रभारी द्वारा बगैर स्लॉट बुकिंग के खरीदी करने संबंधी अनियमितता पाए जाने पर उन्हें संस्था से तत्काल हटाया गया है एवं अन्य खरीदी प्रभारी को नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार सहकारी समिति ककैया के सहायक पंजीयक द्वारा गेहूं खरीदी कार्य में अनियमितता पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

शांति समिति की बैठक 19 को
मण्डला 17 अप्रैल 2023
परशुराम जयंती एवं ईद-उल-फितर पर्व के अवसर पर 19 अप्रैल 2023 को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है। यह बैठक जिला योजना भवन में शाम 4 बजे से होगी। संबंधितों से बैठक में उपस्थिति का आग्रह किया गया है।

बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए सेविंग स्कीम
मंडला 17 अप्रैल 2023
अधीक्षक डाकघर से प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार द्वारा भारतीय डाक विभाग के माध्यम से 1 अप्रैल 2023 से सभी बेटियों एवं महिलाओं को वित्तीय रूप से सक्षम बनाने हेतु महिला सम्मान बचत पत्र योजना प्रारंभ की गई है। मंडला डाक संभाग अंतर्गत मंडला व डिंडोरी जिले के संभी डाकघरों में यह योजना प्रारंभ की गई है, जिसके अंतर्गत दोनों जिलों के समस्त डाकघरों में अच्छा रुझान देखा जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत केवल बेटियों एवं महिलाओं का ही कम से कम 1000 रुपए से महिला सम्मान बचत पत्र का खाता खोला जायेगा। इसमें अधिकतम 2 लाख रुपए तक जमा किये जा सकते हैं। इस पर सर्वाधिक 7.5 प्रतिशत सालाना ब्याज दिया जायेगा। इस योजना में 2 लाख रुपए जमा करने पर दो साल में ब्याज 32,045 रूपए सहित कुल 2,32,045 रूपए मिलेंगे जो कि अन्य सामान्य योजनाओं से कहीं ज्यादा है। महिला सम्मान बचत पत्र का खाता खोलने के लिए महिला खाताधारक को पेन, आधार कार्ड एवं फोटो की अनिवार्यता रहेगी। इस योजना के अंतर्गत एक महिला द्वारा एक तिमाही में एक ही खाता खोला जा सकता है।

सोलर रूफटॉप कनेक्शन योजना की शिविर आज
मंडला 17 अप्रैल 2023
अधीक्षण अभियंता म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के क्षेत्रान्तर्गत समस्त घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं के लिये रियायती सोलर रूफटॉप कनेक्शन की योजना लागू की गई है। योजना के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान किये जाने हेतु मण्डला सम्भाग में मण्डला (शहर) वितरण केन्द्र कार्यालय एवं बिछिया सम्भाग में बिछिया (पॉवर हाऊस) कार्यालय में 18 अप्रैल 2023 को प्रातः 11 बजे से शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में सोलर कनेक्शन में मिलने वाली सब्सिडी, सोलर से होने वाले लाभ तथा नेशनल पोर्टल के माध्यम से उपभोक्ता को सब्सिडी सीधे खाते में प्राप्त करने के सम्बन्ध में एवं वेंडर आदि की जानकारी प्रदान की जायेगी। अतः समस्त विद्युत उपभोक्ताओं से विनम्र अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर योजना का लाभ उठावें।

19 को आईटीआई में प्लेसमेंट ड्राईव
मंडला 17 अप्रैल 2023
शासकीय आईटीआई मंडला में 19 अप्रैल 2023 को अप्रेंटिसशिप प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन आयशर कम्पनी देवास द्वारा किया गया है। प्राचार्य ने बताया कि ड्राईव में टर्नर, मशीनिष्ट, फिटर, वेल्डर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, ट्रेक्टर मैकेनिक, इलेक्ट्रीशियन एवं मैकेनिकल ग्रुप के आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षनार्थी सम्मिलित हो सकते हैं। चयनित प्रशिक्षनार्थियों को 11000 रु. प्रति माह दिया जायेगा एवं अन्य सुविधाएं कंपनी द्वारा दी जाएगी। इच्छुक प्रशिक्षनार्थी निर्धारित दिनांक को अपने मूल दस्तावेज एवं रिज्यूम के साथ उपस्थित हो सकते हैं।

उत्तरा पोर्टल का प्रशिक्षण 19 को
मंडला 17 अप्रैल 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशानुसार सभी विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों को उत्तरा पोर्टल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 19 अप्रैल 2023 को ई-दक्ष केन्द्र मंडला में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण में सभी विभाग प्रमुखों को कार्यालय में पदस्थ डाटा एंट्री ऑपरेटर के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण की प्रथम पाली दोपहर 3 से 4 बजे तक तथा द्वितीय पाली 4 से 5 बजे तक एवं तृतीय पाली 5 बजे से सायं 6 बजे तक होगी।

’स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को दो माह से वेतन भुगतान नहीं’
भ्रामक जानकारी का सीएमएचओ ने किया खंडन
मंडला 17 अप्रैल 2023
सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह ने बताया कि विगत दिनों कुछ समाचार पत्रों में समाचार प्रकाशित किया गया कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को दो माह से वेतन भुगतान नहीं किया गया है, के संबंध में यह जानकारी दी जा रही है कि यह समाचार पूरी तरह से झूठ है कि कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं किया गया है। इस संबंध में विभागीय तथ्य निम्नानुसार है – यह पूर्णतः असत्य है कि 15 अप्रैल 2023 तक विभाग के सभी कर्मचारियों का दो माह से वेतन भुगतान नहीं किया गया है। उल्लेखित डी.एन. सिंह एवं सभी लैब टेक्नीशियन बेमियादी हड़ताल पर होने के कारण वेतन माह जनवरी 2023 का वेतन शासनादेश से रोका गया है। माह फरवरी 2023 देय माह मार्च 2023 का वेतन कुछ लेखाशीर्ष में आवंटन के अभाव में भुगतान नहीं हो सका। इस हेतु भरसक प्रयासों के उपरांत भी आवंटन प्राप्त नहीं हुआ।
नवीन वित्तीय वर्ष में आवंटन प्राप्त होते ही सभी कर्मचारियों का फरवरी 2023 तक का वेतन 5 मार्च 2023 को भुगतान कर दिया गया है। माह मार्च देय अप्रैल 2023 का वेतन नवीन वित्तीय वर्ष में आयकर, वृत्तिकर की कटौतियों एवं अन्य संशोधन कर वेतन भुगतान हेतु 12 अप्रैल 2023 को देयक जनरेट किये जा चुके हैं। माह अप्रैल में दिनांक 1, 2, 3, 7, 8, 9, 14, 15, 16 को शासकीय अवकाश होने के कारण वेतन भुगतान में विलंब हुआ है। सीएमएचओ डॉ. सिंह ने बताया कि भ्रामक जानकारी प्रकाशित कराने से विभाग की छवि धूमिल हुई है। भ्रामक जानकारी प्रकाशित कराने पर चंद्रमोहन सिंह एवं डी.एन. सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किये जा रहे हैं।

ब्लॉक मवई के ग्रामों में टीबी एवं एचआईवी जांच शिविर आयोजित
मंडला 17 अप्रैल 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने जानकारी दी कि टीबी मुक्त भारत जिला मण्डला के मवई ब्लॉक नक्सल प्रभावित क्षेत्र ग्राम लालपुर, नेवसा, नरहरगंज, वनग्राम किकरा, भाई-बहन नाला में जिला क्षय अधिकारी के निर्देशन में क्षय रोग एवं एचआईवी जांच शिविर लगाया गया। शिविर में 500 से 600 लोगों की स्क्रीनिंग की गई एवं 60 सेम्पल एकत्रित किए गए तथा ग्राम खलोडी में टीबी मरीज के घर जाकर टीबी की दवाई खाने के उपरांत उसके लक्षण, दशा की जानकारी दी गई। आवश्यक सुझाव एवं पोषण आहार के बारे में मरीज एवं घर के लोगों को समझाईश भी दी गई।

कलेक्टर ने की शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा
मंडला 17 अप्रैल 2023
शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि सीएम राईज स्कूल शासन की महत्वपूर्ण योजना है। जिले के शैक्षणिक परिदृष्य को बेहतर बनाने के लिए सीएम राईज स्कूलों का प्रभावी संचालन नितांत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सीएम राईज स्कूलों में शासन के मापदंड के अनुरूप संरचना का निर्माण करें तथा उनका समुचित रखरखाव सुनिश्चित करें। कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आगामी बैठकों में सीएम राईज स्कूल के प्राचार्य विद्यालयीन गतिविधियों पर प्रेजेन्टेशन प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल, छात्रावास तथा आवासीय परिसरों में शैक्षणिक वातावरण तैयार करें। विभिन्न नवाचारों के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। अद्यतन जानकारी के साथ ही संबंधित अधिकारी बैठक में आएं। बीईओ, बीआरसी सतत मॉनिटरिंग कर यूडाईस पोर्टल में शिक्षकों तथा विद्यार्थियों की एंट्री का कार्य जल्द पूर्ण कराएं। बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, एसीईओ एसएस मरावी, सहायक आयुक्त विजय तेकाम, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे सहित संबंधित उपस्थित रहे।

सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग एवं भंडारण पर 3 हजार का चालान
मंडला 17 अप्रैल 2023
संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार नगरपालिका सीमा क्षेत्रांतर्गत सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथीन के प्रतिबंध हेतु अधिसूचना का प्रकाशन करने के साथ ही नो सिंगल यूज नो पॉलीथीन अभियान चलाने के निर्देश कलेक्टर मंडला द्वारा दिये गये हैं। निर्देश के परिपालन में सुपर मार्केट, हागगंज बाजार, फल विक्रेताओं एवं किराना दुकानों में जाकर व्यापारियों को नो सिंगल यूज नो पॉलीथीन, डिस्पोजल का उपयोग एवं भंडारण न करने की समझाईश दी गई। साथ ही व्यापारियों के प्रतीकात्मक चालान की कार्यवाही की गई जिसमें 3 हजार रूपये का चालान काटा गया। चालानी कार्यवाही माह अप्रैल माह में निरंतर किया जाना है। न.पा. परिमण्डला अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष न.पा.परि. मण्डला, स्वास्थ्य सभापति न.पा.परि. मंडला के द्वारा नगरवासियों एवं व्यापारियों से अपील की गई है की नो सिंगल यूज नो पॉलीथीन का उपयोग एवं भंडारण न करें। साथ ही बाजार आते समय कपड़े के थैले का उपयोग करें।

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत जिले में 58 इकाईयाँ स्थापित करने का लक्ष्य
मंडला 17 अप्रैल 2023
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण इकाईयां (नवीन व उन्नयन) स्थापित किये जाने हेतु जिले को 58 इकाईयों के लक्ष्य (प्रथम छिमाही हेतु) प्राप्त है योजनान्तर्गत लागत राशि का 35 प्रतिशत या अधिकतम 10 लाख रूपये का अनुदान (क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी) दिये जाने का प्रावधान है। जिले के युवा, शिक्षित बेरोजगार एवं असंगठित वर्ग के असक्षम व्यापारियों व सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाईयां संचालित करने वाले उद्यमी इस योजना से लाभांवित हो सकेंगे।
इच्छुक उद्यमी कृषक योजना से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त करने हेतु जिला कार्यालय सहायक संचालक उद्यान मण्डला, विकासखण्ड स्तरीय वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी एवं क्षेत्रीय ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी व जिला रिसोर्स पर्सन दीपमाला उइके (मो.नं. 9098365086) से संपर्क कर सकते हैं।

रोजगार मेला का आयोजन आज निवास में
मण्डला/निवास। जिला पंचायत सदस्य जगत मरावी ने बताया कि विशाल रोजगार मेले का आयोजन ग्राम पंचायत भवन निवास में आज प्रात: 11 बजे से 4 बजे तक किया जायेगा। जिला के ग्रामीण अंचलों में हो रहे पलायन एवं बेरोजगारी की समस्या के निदान हेतु जिला पंचायत सदस्य जगत मरावी के अथक प्रयासों से एलटी कम्पनी द्वारा विशेष भर्ती अभियान चलाया जा रहा है जिसमें कक्षा पंाचवी व आठवीं व दसवी और बारहवी पास उम्र 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार युवाओं के लिये भर्ती अभियान की शुरूआत की गई है भर्ती प्रक्रिया एलटी कम्पनी के अधिकारियों द्वारा रोजगार मेले में उम्मीदवारों का साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया जायेगा एवं चयनित उम्मीदवारों को तीन माह का विशेष प्रशिक्षण अवधि में नि:शुल्क भोजन एवं आवास सुविधा पश्चात कम्पनी की साइड में पदस्थ किया जावेगा। इच्छुक युवा आवश्यक दस्तावेज ओरिजनल मार्कशीट/सर्टिफिकेट तीन पासपोर्ट साइज फोटो आधार कार्ड सहित सभी दस्तावेजों को स्वयं के द्वारा सत्यापित कर दो सेट फोटो कॉपी उपस्थित हो सकते हैं अधिक जानकारी के लिये जिला पंचायत सदस्य जगत मरावी के मोबाइल नम्बर 8839699512 एवं 7049011315 में सम्पर्क कर सकते हैं।
