Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 3 जून 2023

कॉलोनियों की लिखित सूचना 5 जून तक देने के निर्देश

मण्डला 3 जून 2023

                मुख्य नगरपालिका अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री द्वारा 31 दिसम्बर 2022 तक की अनाधिकृत कॉलोनियों में नागरिक अधोसंरचना एवं भवन निर्माण अनुज्ञा प्रदान करने की घोषणा की गई है। नगरपालिका सीमाक्षेत्रांतर्गत निवासरत समस्त नागरिकों एवं कोलोनाईजर को सूचित किया गया है कि 31 दिसम्बर 2022 तक अस्तित्व में आई अनाधिकृत कॉलोनियों में नागरिक अधोसंरचना एवं भवन निर्माण अनुज्ञा प्रदान किये जाने हेतु सर्वेक्षण किया जाना है। तत्संबंध में नगरपालिका सीमा क्षेत्रांतर्गत 31 दिसम्बर 2022 तक अस्तित्व में आई कॉलोनियों की लिखित सूचना 5 जून 2023 तक कार्यालय में दी जा सकती है। 5 जून 2023 के पश्चात् दावा आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन कन्ट्रोल रूम दूरभाष क्रमांक-07642-251079

मण्डला 3 जून 2023

                अपर कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला आपदा प्रबंधन के अंतर्गत ग्रीष्मकालीन सत्र 2023 हेतु जनसामान्य को लू-(तापघात) के प्रकोप से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, पेयजल समस्या एवं विद्युत समस्याओं के संबंध में जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों एवं उनके समुचित निराकरण हेतु कार्यालय कलेक्टर मण्डला के अधीक्षक कक्ष में स्थापित जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन कन्ट्रोल रूम (दूरभाष क्रमांक-07642-251079) में जिलेभर से प्रतिदिन प्राप्त समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान हेतु सहायक ग्रेड-3 लोक निर्माण विभाग संभाग भरतलाल झारिया मण्डला की ड्यूटी 23 मई 2023 से 15 जून 2023 तक दिनों एवं समय के लिये लगाई गई थी। अपर कलेक्टर ने भरतलाल झारिया की ड्यूटी निरस्त करते हुये इनके स्थान पर विजय झारिया भृत्य (मो.नं. 9244061953) कार्यालय वाणिज्यकर अधिकारी मण्डला की 30 मई 2023 से 15 जून 2023 तक ड्यूटी लगाने के आदेश जारी कर दिए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कौशल उन्नयन प्रशिक्षण के लिए आवेदन 30 जून तक आमंत्रित

मण्डला 3 जून 2023

                जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि हाथकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्रों के लिए कौशल एवं तकनीकि विकास योजना 2021 अंतर्गत मंडला जिले के बुनकरों एवं शिल्पियों, स्व-सहायता समूहों, बुनकर सहकारी समितियों, मास्टर उद्यमियों से वर्ष 2023-24 के लिए कौशल उन्नयन प्रशिक्षण के लिए 30 जून 2023 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला ग्रामोद्योग अधिकारी जिला पंचायत मंडला 8989723206 से संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

लू-तापघात के लिये एडवायजरी

मण्डला 3 जून 2023

                गर्मी के दिनों में धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले सूती वस्त्रों का प्रयोग करें, भोजन करके एवं पानी पीकर ही बाहर निकलें। गर्मी के मौसम में गर्दन के पिछले भाग, कान व सिर को गमछे या तौलिए से ढ़क्कर ही धूप में निकलें, रंगीन चश्मे व छतरी का प्रयोग करें। गर्मी में हमेशा पानी अधिक मात्रा में पीयें एवं पेय पदार्थों का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करें, बाहर जाते समय अपने साथ पानी रखें। गर्मी के दिनों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें, बच्चों को सिखायें कि जब भी उन्हें अधिक गर्मी महसूस हो तो वे तुरंत घर के अंदर आयें। गर्मी के दिनों में बुजुर्गों का भी विशेष ध्यान रखें, उन्हें धूप में घर से बाहर न निकलने देवें, समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करें, सुपाच्य भोजन एवं तरल पदार्थों का सेवन करायें। गर्मी के दिनों में ठंडे मौसमी फलों का सेवन करें। तीव्र धूप को अंदर आने से रोकें।

 

लू से बचाव के लिए क्या न करें

 

बिना भोजन किए बाहर ना निकलें। जहां तक संभव हो, ज्यादा समय तक धूप में खड़े होकर व्यायाम मेहनत व अन्य कार्य न करें, बहुत अधिक भीड़, गर्म घुटन भरे कमरों में न जायें, रेल, बस आदि की यात्रा गर्मी के मौसम में अत्यावश्यक होने पर ही करें। गर्भवती माता, बच्चों एवं बुजुर्गों को दिन के सबसे गर्म समय जैसे- दोपहर 12 से 4 बजे तक घर के बाहर की गतिविधियों में शामिल न होने दें। धूप में बच्चों और पालतू जानवरों को गाड़ी में अकेला न छोड़ें। धूप में नंगे पांव न चलें। चाय, कॉफी, अत्यधिक मीठे पदार्थ व गैस वाले पेय पदार्थों का सेवन न करें।

 

लू लगने के लक्षण इस प्रकार हैं

 

गर्म, लाल और सूखी त्वचा, शरीर का तापमान 40 सेल्सियस या 104 फेरेंनाइट, मितली या उल्टी आना, बहुत तेज सिर दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी या ऐंठन, सांस फूलना या दिल की धड़कन तेज हो जाना। घबराहट होना, चक्कर आना, बेहोशी और हल्का सिरदर्द।

 

प्राथमिक उपचार इस प्रकार दिया जाये

 

रोगी को तुरंत छायादार जगह पर कपड़े ढ़ीले कर लिटा दें एवं हवा करें। रोगी के बेहोश होने की स्थिति में कोई भी भोज्य, पेय पदार्थ ना दें एवं तत्काल चिकित्सा सहायता प्राप्त करें। रोगी के होश में आने की दशा में उसे ठंडे पेय पदार्थ, जीवन रक्षक घोल, कच्चा आम का शर्बत (पना) आदि दें। रोगी के शरीर का ताप कम करने के लिए संभव हो तो उसे ठंडे पानी से स्नान कराएं या उसके शरीर पर ठंडे पानी की पट्टियाँ रखकर पूरे शरीर को ढक दें।

 

 

 

कथक नृत्य को लेकर बढ़ा रुझान, एक और क्लास शुरू

कथक नृत्य एवं चित्रकला कार्यशाला में बड़ी संख्या में शामिल हो रहे प्रतिभागी

रज़ा फाउंडेशन द्वारा रज़ा कला वीथिका में 1 मई से शुरू की गई थी कार्यशाला

मंडला – रज़ा फाउंडेशन के सदस्य सचिव संजीव चौबे ने बताया कि स्थानीय जिला न्यायालय के सामने स्थित रज़ा कला वीथिका में रज़ा फाउंडेशन नई दिल्ली द्वारा कथक नृत्य एवं चित्रकला कार्यशाला की शुरुआत 1 मई से की गई थी। यह कार्यशाला 30 जुलाई तक चलेगी। सुबह 8:30 से सुबह 10:30 बजे तक कथक नृत्य की कार्यशाला चल रही है तो शाम को 4:30 से शाम 6:30 बजे तक चित्रकारी के गुर सिखाए जा रहे है। प्रशिक्षित नृत्यंगना रानू चंद्रौल कथक और प्रसिद्ध स्थानीय चित्रकार अशोक सोनवानी चित्रकला कार्यशाला में ट्रेनिंग दे रहे है। इसमें बच्चों का उत्साह देखते ही बनता है। बड़ी संख्या में कथक और चित्रकला की ट्रेनिंग बच्चे ले रहे है।

कथक नृत्य सीखने वालों की संख्या प्रतिदिन बढ़ रही है। ऐसे में नए प्रतिभागी जिन्होंने शुरू से क्लास ज्वाइन नहीं की है उन्हें कोई परेशानी न हो, इसे देखते हुए 2 जून से कथक नृत्य की एक और क्लास, रज़ा कला वीथिका में शुरू की गई है। यह क्लास शाम 4 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। इस क्लास की ट्रैनर मंशा प्रधान रहेंगी जो बच्चों को कथक नृत्य की ट्रेनिंग देंगी। इस कार्यशाला में शामिल होने के लिए दीपमानी खैरवार से कार्यशाला के समय रज़ा कला वीथिका में और अन्य समय उनके मोबाइल नंबर 8518856384 पर संपर्क किया जा सकता है।

                                                                 

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 17 मई 2022

Reva India News

मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय जैव विविधता क्विज ऑनलाईन 2025 प्रतियोगिता के आयोजन की ब्रीफिंग

Reva India News

कलेक्टर ने किया जन स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण

Reva India News

Leave a Comment