घर-घर जाकर करें मतदाता सूची से संबंधित कार्य – जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सिडाना
बीएल सुपरवाइज़र एवं बीएलओ की बैठक में निर्देश
मण्डला 8 जुलाई 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने शनिवार को निवास क्षेत्र के अपने भ्रमण के पश्चात निवास अनुविभाग के सभी बीएलओ एवं बीएल सुपरवाइज़र की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि बीएलओ एवं बीएल सुपरवाइज़र आगामी 25 जुलाई तक मतदाता सूची के अंतर्गत चल रहे कार्यों को अत्यंत गंभीरता के साथ पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, आगामी 1 अक्टूबर को 18 वर्ष के हो रहे युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम काटने तथा संशोधन संबंधी प्रक्रिया को गंभीरता के साथ पूरा करें तथा 25 जुलाई को उक्त कार्यवाही से संबंधित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र का नाम दर्ज हो। इसी प्रकार फर्जी मतदाता पाए जाने पर नाम काटें।

मतदान केंद्रों में व्यवस्था सुनिश्चित करें
कलेक्टर ने दोनों पालियों की बैठक के दौरान सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइज़र को निर्देशित किया कि सभी मतदान केंद्रों का भ्रमण करते हुए उसमें ज़रूरी व्यवस्था सुनिश्चित करें। मतदान केंद्रों में लाईट, दिव्यांगजनों के लिए रैंप, फ़र्नीचर, पानी, शौचालय, नेटवर्क, सफ़ाई आदि अनिवार्य रूप से हो। किसी प्रकार की कमियां पाए जाने पर तत्काल एसडीएम के संज्ञान में लाएं एवं मतदान केंद्रों की व्यवस्था दुरुस्त कराएं। उन्हांेने कहा कि सभी बीएलओ संपूर्ण निर्वाचन गतिविधियों के साथ सक्रिय एवं सतर्कता के साथ काम करेंगे।
निष्ठा, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ करें चुनाव
कलेक्टर ने सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइज़र को निर्देशित किया कि निर्वाचन कार्यों के दौरान गंभीरता बरतें। निर्वाचन से संबंधित नियमों की जानकारी रखें। निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल संपर्क करें। कलेक्टर ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होने कहा कि सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक व्यक्ति निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ काम करेंगे।

कलेक्टर ने किया कूड़ामैली मार्ग के सुधार कार्य का निरीक्षण
मण्डला 8 जुलाई 2023
विगत दिनों बारिश के कारण मंडला-जबलपुर राजमार्ग के अंतर्गत कूड़ामैली में सड़क संबंधी समस्या आई थी। 2 जुलाई को कलेक्टर एवं एसपी ने सड़क का मौक़े पर निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को मरम्मत के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शनिवार को कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कूड़ामैली पहुंचकर सड़क सुधार कार्य का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को सड़क के दोनों ओर से पानी की निकासी के लिए नाली की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुल पेंचवर्क का कार्य प्रगतिरत्
2 जुलाई को अपने निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सागर, बबैहा पुलों के पेचवर्क एवं रैलिंग संबंधी कार्यों के आवश्यक निर्देश दिए थे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलों के पेंचवर्क का काम जल्द पूरा करें। साथ ही रैलिंग संबंधी कार्य भी करें। उन्होंने कहा कि आगामी सप्ताह में सुधार कार्यों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एडीएम मीना मसराम, एमपीआरडीसी के एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने किया प्रा.शा. ग्वारी एवं सागर स्कूल का औचक निरीक्षण
मण्डला 8 जुलाई 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने शनिवार को ग्वारी प्राथमिक शाला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्र के दृष्टिगत स्कूल में ज़रूरी तैयारियों का जायज़ा लिया। उन्होंने प्राथमिक शाला का निरीक्षण करते हुए कक्षा तीसरी, चौथी तथा पाँचवी के बच्चों का गणित, हिन्दी एवं अग्रेजी संबंधी ज्ञान परीक्षण किया। इस दौरान चौथी कक्षा के प्रिंस ने 15 का पहाड़ा सुनाया और प्रतिदिन स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी बच्चों को समय पर किताब एवं गणवेश का वितरण सुनिश्चित किया जाए। इसी प्रकार स्कूल में पर्याप्त सफ़ाई, लाइट, बच्चों के पीने के पानी, शौचालय आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो। उन्होंने संबंधित सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि स्कूल में बाउंड्रीवॉल का मरम्मत एवं सुधार कार्य करें। इस दौरान उन्होंने ग्वारी के बीएलओ से चर्चा करते हुए स्थानीय मतदाताओं की जानकारी भी ली। उन्होंने ग्रामीणों को मतदाता पुनरीक्षण कार्य की जानकारी देते हुए सूची में नाम जोड़ने तथा संशोधन आदि की प्रक्रिया भी समझाई।

सागर सीएम राईज स्कूल का औचक निरीक्षण
कलेक्टर ने अपने निरीक्षण के दौरान सागर सीएम राईज स्कूल का औचक निरीक्षण किया। उन्होने बारिश के दौरान स्कूल में आवश्यक सुधार कार्य के निर्देश दिए। उन्होंने सागर सीएम राईज स्कूल के बच्चों से आत्मीय बात की। साथ ही दिव्यांग विद्यार्थी लकी से चर्चा करते हुए शिक्षकों को संवेदनशीलता के साथ दिव्यांग बच्चों को पढ़ाने एवं समझाईश के निर्देश दिए।

राजनैतिक दलों के साथ मतदान केन्द्रों युक्तियुक्तकरण संबंधी बैठक संपन्न
मण्डला 8 जुलाई 2023
मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने विधानसभा निर्वाचन 2023 की तैयारियों के तहत मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण तथा फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम, तीनों विधानसभा के रिटर्निंग अधिकारी, विधायक बिछिया नारायणसिंह पट्टा, विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले तथा विधायक मंडला देवसिंह सैयाम सहित संबंधित उपस्थित रहे।

बैठक में संबंधित रिटर्निंग ऑफीसर द्वारा विधानसभा क्षेत्र में मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में प्राप्त प्रस्तावों के बारे में जानकारी दी गई। बैठक में जानकारी दी गई कि बिछिया विधानसभा में कुल 301 मतदान केन्द्र प्रस्तावित हैं। 31 मतदान केन्द्रों में नाम परिवर्तन, 6 मतदान केन्द्रों में भवन परिवर्तन, 1 केन्द्र का विलोपन, 13 मतदान केन्द्रों में मतदाता शिफ्टिंग तथा 4 नवीन मतदान केन्द्र प्रस्तावित किए जा रहे हैं। निवास विधानसभा में कुल 321 मतदान केन्द्र प्रस्तावित हैं। 14 मतदान केन्द्रों में भवन परिवर्तन, 18 मतदान केन्द्रों में मतदाता शिफ्टिंग तथा 1 नवीन मतदान केन्द्र प्रस्तावित किया जा रहा है। इसी प्रकार मंडला विधानसभा में कुल 318 मतदान केन्द्र प्रस्तावित हैं। 45 मतदान केन्द्रों में नाम परिवर्तन, 8 मतदान केन्द्रों में भवन परिवर्तन, 2 मतदान केन्द्रों में मतदाता शिफ्टिंग तथा 2 नवीन मतदान केन्द्र प्रस्तावित किए जा रहे हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल मतदान केन्द्र के युक्तियुक्तकरण कारण सहित प्रस्ताव निर्धारित समयावधि में प्रस्तुत कर सकते हैं।

त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाने में सहभागी बनें
बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सिडाना ने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को फोटोयुक्त मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में जानकारी देते हुए मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहभागी बनने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि राजनैतिक दल के सदस्य भी नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत या बाहर जा चुके मतदाताओं के नाम काटने तथा संशोधन आदि के कार्य में सहयोग करें।
पुनरीक्षण का तारीखवार कार्यक्रम
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 2 अगस्त को किया जाएगा। 2 अगस्त से 31 अगस्त तक का समय दावे आपत्तियाँ दर्ज कराने के लिए नियत है। पुनरीक्षण संबंधी विशेष अभियान 12, 13, 19 तथा 20 अगस्त 2023 को संचालित होगा। दावे आपत्तियों का निराकरण 22 सितम्बर तक किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 4 अक्टूबर 2023 को किया जाएगा।
सिकल सेल एनीमिया के तहत ज्योति का हुआ इलाज
मण्डला 8 जुलाई 2023
प्रधानमंत्री के संकल्प 2047 तक सिकिल सेल बीमारी को देश से समाप्त करना है। सिकिल सेल के लिए जागरूकता जरूरी है। इसी तारतम्य मेंग्राम बिनेका निवासी 30 वर्षीय ज्योति का हुआ इलाज।
ज्योति पटेल सिकल सेल की मरीज है। ज्योति जब 7-8 वर्ष की थी तभी जांच के दौरान पता चला कि वह सिकल सेल एनीमिया की बीमारी से पीड़ित है। वैवाहिक संबंध जेनेटिक कार्ड के मिलान के बाद ही करें। सिकल सेल एनीमिया एक अनुवांशिक रोग है। ज्योति के पिता अशोक पटैल बताते हैं कि मेरे 3 बच्चों को किसी प्रकार की बीमारी नहीं है किन्तु ज्योति 7 वर्ष की थी तभी से हाथ पैरो में दर्द, जकड़न की समस्या थी। अस्पताल में ज्योति की जांच में सिकल सेल एनीमिया पाया गया। मैं बहुत परेशान था। बेटी को हर 6 महीने में खून चढ़ाना पड़ता था। अब बेटी 30 वर्ष की युवा हो चुकी है। लगातार इलाज के बाद ज्योति को अब खून नहीं चढ़ाना पड़ता है, वह स्वस्थ है। अस्पताल से दवाईयां मिलती हैं। प्रधानमंत्री के इस संकल्प के लिए मैं शासन-प्रशासन को धन्यवाद देता हूं।

औद्योगिक क्षेत्र मनेरी तथा मंडला के लिए एमपी ट्रांसको ने की विद्युत व्यवस्था सुदृढ़़
मण्डला 8 जुलाई 2023
औद्योगिक क्षेत्र मनेरी और जनजातीय बहुल क्षेत्र जिला मण्डला के लिए एमपी ट्रांसको ने 132 केव्ही सबस्टेशन मनेरी में 132 केव्ही मंडला लाइन एवं फीडर बे का निर्माण कर ऊर्जीकृत करने में सफलता हासिल की है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने बताया कि इस लाइन को 69.5 करोड़ रूपये की अनुमानित लागत से स्थापित कर ऊर्जीकृत किया गया है। यह लाइन प्रदेश की पहली ट्रांसमिशन लाइन है, जिसे बिजली कंपनियों के मुख्यालय शक्तिभवन से एचएमआई तकनीक का इस्तेमाल कर रिमोट से ऊर्जीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण लाइन को ऊर्जीकृत करने से औद्योगिक क्षेत्र मनेरी एवं जनजातीय बाहुल क्षेत्र जिला मण्डला की विद्युत पारेषण व्यवस्था सुदृ़ढ़ और विश्वसनीय हुई है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए ट्रांसकों कार्मिकों को बधाई दी है।
एमपी ट्रांसको के कार्यपालन अभियंता नरेंद्र तिवारी ने बताया कि वर्तमान में जबलपुर 220 केव्ही सबस्टेशन नयागांव एवं 220 केव्ही सबस्टेशन गोराबाजार से मनेरी के पास सप्लाई उपलब्ध थी। इस नई लाइन के ऊर्जीकृत होने से मनेरी को भी आवश्यकता पड़ने पर अब मण्डला के माध्यम से भी सप्लाई मिल सकेगी। इसी तरह 132 केव्ही उपकेंद्र मंडला को भी आकस्मिक परिस्थिति में मनेरी के माध्यम से जबलपुर की सप्लाई उपलब्ध हो सकेगी। अभी मंडला में नैनपुर होते हुए सिवनी से तथा डिंडौरी होते हुए 220 के व्ही शहडोल के माध्यम से सप्लाई उपलब्ध है।
घने जंगलों के बीच बनाई 78.5 किलोमीटर लाइन
मंडला से मनेरी के बीच 78.5 किलोमीटर 132 केव्ही की लाइन तैयार करने में एमपी ट्रांसको को बेहद चुनौतियों का सामना करना पड़ा। लाइन दुर्गम भौगोलिक क्षेत्रों के साथ घने जंगलों के बीच निर्मित की गई है जिसमें अनेकों टावर्स के लिए वन विभाग से अनुमति प्राप्त कर एमपी ट्रांसकों ने लाइन का निर्माण पूर्ण किया है।

विद्युत संबंधी शिकायतों की सुनवाई 10 से
मण्डला 8 जुलाई 2023
म.प्र. शासन ऊर्जा विभाग के निर्देशानुसार मण्डला वृत्त में जिला स्तरीय विद्युत शिकायत निवारण फोरम का गठन किया गया है। फोरम की बैठक, सुनवाई 10 जुलाई 2023 दिन सोमवार को प्रातः 11 बजे वृत्त कार्यालय मण्डला में आयोजित की जाएगी, जिसमें विद्युत उपभोक्ता अपनी बिल सम्बन्धी समस्याओं का त्वरित निराकरण करा सकेंगे। बैठक, सुनवाई में ऐसे उपभोक्ता जिनकी बिल सम्बन्धी समस्याओं का निराकरण सम्बन्धित कार्यालय से न हुआ हो और वे असंतुष्ठ हों तो सुनवाई में अपनी समस्या रखने हेतु लिखित आवेदन के साथ एक पुराना बिल संलग्न कर उपस्थित होकर अपनी समस्या का निराकरण करा सकते हैं।

पेंशन शिविर 10 से 21 जुलाई तक
मंडला 8 जुलाई 2023
सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण हेतु 10 जुलाई से 21 जुलाई 2023 तक जिला पेंशन कार्यालय मण्डला में पेंशन शिविर का आयोजन किया गया है। कलेक्टर के निर्देशानुसार शिविर में सभी कार्यालय में लंबित प्रकरण जून 2023 तक के एवं पेंशन प्रकरणों में लगाई गई पूर्व आपत्ति का निराकरण कर प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक लंबित पेंशन प्रकरण अनिवार्य रूप से जमा करना सुनिश्चित करेंगे।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 8 जुलाई 2023
जिले में इस वर्ष 1 जून से 8 जुलाई 2023 के दौरान 345.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 247.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 97.8 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 जुलाई को मंडला में 49.2 मि.मी., नैनपुर में 15.4 मि.मी., बिछिया में 9.6 मि.मी., निवास में 33 मि.मी. तथा घुघरी में 11.7 मि.मी. एवं नारायणगंज में 4.6 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 8 जुलाई 2023 को 205 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

ई-कोर्ट एप्लीकेशन एवं पोर्टल का प्रशिक्षण प्रत्येक सोमवार को
मंडला 8 जुलाई 2023
जिले के विभागीय अधिकारियों को ई-कोर्ट एप्लीकेशन एवं पोर्टल पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए ई-दक्ष केन्द्र के वरिष्ठ प्रशिक्षण को ई-कोर्ट एप्लीकेशन एवं पोर्टल का प्रशिक्षण प्रदाय कर मास्टर ट्रेनर बनाया गया है।
अर्ध दिवसीय प्रशिक्षण सप्ताह के प्रत्येक सोमवार को ई-दक्ष केन्द्र, बीआरसी भवन में प्रदाय किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कम्प्यूटर ऑपरेटर के साथ निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम अनुसार ई-दक्ष केन्द्र में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

