Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 15 जुलाई 2023

प्रत्येक व्यक्ति को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार संकल्पित – श्री कुलस्ते

सांसद रोजगार मेला में 299 युवाओं को ऑफर लेटर वितरित

मंडला 15 जुलाई 2023

            शनिवार को सरदार पटेल कॉलेज में सांसद रोजगार मेला का आयोजन किया गया, जिसमें देश की प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। सांसद रोजगार मेले में 1392 युवाओं ने अपना पंजीयन कराया जिनमें से 299 युवाओं का प्रारंभिक चयन कर ऑफर लेटर वितरित किए गए। इस अवसर पर केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार संकल्पित है। इस अवसर पर मंडला विधायक देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति दिवाकर सिंह, भारत सरकार के हिन्दी सलाहकार समिति के सदस्य सुधीर कसार सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

श्री कुलस्ते ने कहा कि युवाओं को उनकी योग्यता एवं रूचि के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने के लिए शासकीय, अर्धशासकीय तथा प्राईवेट सेक्टर में भी अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्हांेने कहा कि अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रोजगार के क्षेत्र में उठाए जा रहे प्रयासों की सराहना की। विधायक मंडला देवसिंह सैयाम ने अपने संबोधन में उपस्थित युवाओं से सांसद रोजगार मेला के माध्यम से अपनी योग्यता और रूचि के अनुसार लाभ उठाने का आव्हान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने मेले के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना एक सराहनीय प्रयास है, जिसका स्थानीय लोगों को लाभ उठाना चाहिए। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति दिवाकर सिंह, क्विस कंपनी के सीएमडी महेश्वर डंगवाल ने अपने विचार व्यक्त किए। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।

 

 

इन कंपनियों ने वितरित किए ऑफर लेटर

 

सांसद रोजगार मेले में 1392 युवाओं ने अपना पंजीयन कराया जिनमें से 299 युवाओं का प्रारंभिक चयन कर ऑफर लेटर वितरित किए गए। जानकारी के अनुसार क्विस कंपनी के माध्यम से टाटा मोटर्स ने 53, फ्लिपकर्ट ने 39, डिक्सन ने 38, लावा ने 52, एसबीआई कार्ड ने 24, एमोजोन ने 5, फोन पे 2, एलआईसी 19, एसबीआई इन्स्योरेंस 20 तथा कैप्टन गार्ड ने 47 युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किए। चयन प्रक्रिया रविवार को भी जारी रहेगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय ग्रामीण एवं इस्पात राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने किया वृ़द्धाजन वार्ड का शुभांरभ

मंडला 15 जुलाई 2023

            राष्ट्रीय वृद्धाजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय मण्डला मंे 10 बिस्तरीय वार्ड का शुभांरभ केन्द्रीय ग्रामीण एवं इस्पात राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते द्वारा किया गया। 10 बिस्तरीय वार्ड में 5 बेड पुरूष एवं 5 बेड महिलाओं के लिये बनाये गये हैं। वृद्धाजन वार्ड पृथक से बनाने से वृद्धाजनों को समुचित उपचार मिल पायेगा एवं उनकी देखभाल की जा सकेगी। इसी तारतम्य में केन्द्रीय एवं राज्य सरकार के मंशानुरूप प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व के तहत सुमन हेल्प का जीर्णोद्धार कर शुभांरभ किया गया।

 

 

जिनके घरों में गर्भवती महिलायें हैं और परिवार वाले उनका अस्पताल का खर्च उठाने एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवायें प्रदाय कराने में असमर्थ होते हैं, ऐसे लोगों का निःशुल्क उपचार इस योजना में किया जाता है। सुमन हेल्पडेस्क के माध्यम से जोखिमयुक्त गर्भवती महिलाओं को 4 जांचें, आवश्यक दवाईयां, आवश्यकतानुसार सोनोग्राफी एवं खून की कमी होने पर खून चढ़ाने की सलाह हेल्पडेस्क के माध्यम से प्रदाय की जाती है। इस अवसर पर मण्डला विधायक देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, सिविल सर्जन डॉ. विजय सिंह धुर्वे, चिकित्सकगण तथा संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले में हुई औसत वर्षा की जानकारी

मण्डला 15 जुलाई 2023

            जिले में इस वर्ष 1 जून से 15 जुलाई 2023 के दौरान 453.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 328.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 125.4 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 जुलाई को मंडला में 2.6 मि.मी. तथा नैनपुर में 3.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 15 जुलाई 2023 को 1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

शासकीय आईटीआई में प्लेसमेंट ड्राईव 17 को

मंडला 15 जुलाई 2023

            शासकीय आईटीआई मंडला में 17 जुलाई 2023 को प्रातः 10 बजे से प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जायेगा। इस प्लेसमेंट ड्राइव में टर्नर, फिटर, मशीनिष्ट, मशीनिष्ट (ग्राइंडर), मोटर मैकेनिक, ट्रेक्टर मैकेनिक, टेक्नीशियन ऑटोमोटिव मेन्यूफेक्चरिंग, फाउंडरी मेन, शीट मेटल, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, मैकेनिक ऑटो बॉडी पेंटिंग, मैकेनिक ऑटो बॉडी रिपेयर, वेल्डर, मैकेनिक डीजल, मोटर मैकेनिक व्हीकल ट्रेड से आईटीआई पास प्रशिक्षणार्थी जिनकी उम्र 18 से 26 वर्ष है, सम्मिलित हो सकते हैं। मारुती सुजुकी कम्पनी, गुड़गांव के लिए अभ्यर्थियों का चयन लिखित एवं मौखिक परीक्षा के आधार पर होगा। चयनित अभ्यर्थियों को 7 महीने के लिए कम्पनी में जॉब पर रखा जायेगा। चयनित अभ्यर्थियों को कम्पनी द्वारा 29200 रूपये प्रतिमाह एवं अन्य सुविधाएं प्रदान किया जायेगा। इच्छुक अभ्यर्थी निम्न लिंक पर https://www.marutisuzuki.com/corporate/careers/join-us/workmen-hiring => Temporary Workmen => Apply now में रजिस्ट्रेशन करें एवं उक्त दिनांक को अपने मूल दस्तावेज, 10वीं एवं आईटीआई की अंकसूची, आधार कार्ड, दो फोटो एवं शैक्षणिक बायोडाटा के साथ उपस्थित होवें। अधिक जानकारी के लिए शासकीय आईटीआई मण्डला में सम्पर्क करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

बरसात में होने वाली संक्रामक बीमारी से बचें

मण्डला 15 जुलाई 2023

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जनसमुदाय के लिए जारी एडवाइजरी में कहा है कि वर्तमान समय में बरसात में जलजनित बीमारी होने की संभावना होती है। बरसात में अक्सर दस्त, उल्टी, बुखार, आव, पेट दर्द, पेचिस, पीलिया, टायफाइड, डायरिया जैसी बीमारियां होती हैं। बीमारी से बचने के लिए सावधान रहें। बीमार न हों, इसके उपाय करें एवं स्वस्थ्य रहें।

 

बीमारी से कैसे बचें

 

दस्त, उल्टी, बुखार, आव, पेट र्दद, पेचिस, पीलिया, टायफाइड, डायरिया जैसी संक्रामक बीमारी से बचने के लिए ताजा भोजन करें। शुद्ध पानी पिएं (उबला पानी, आरो का पानी, फिल्टर का पानी, हेंडपंप का पानी पिएं) कुआँ, नदी, नाला का पानी ना पिये। पानी क्लोरिनेशन करके पियें। सड़ीगली सब्जी, फल, बासा खाना ना खायें एवं बरसात के दिनों मांस का सेवन ना करें। व्यक्तिगत स्वच्छता अपनायें। खानें की चीजों को छूनें से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोएं। संक्रमित चीजों को छूने के बाद या शौंच के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएं। स्वच्छ शौचालय का उपयोग करें।

 

उपचार

 

डॉक्टर के परामर्श से उल्टी, दस्त के लिए टेबलेट फ्यूराजोलाडिन मेट्रोंजिन, डायकलोमिन, मेट्रोक्लोरापामाइड, जिंक ओ.आर.एस. का घोल, खीरा, दही, सिकंजी, चावल का पानी तथा तरल पदार्थों का अधिक मात्रा में सेवन करें।

 

सुझाव

 

दस्त से संबंधित संक्रामक बीमारी होने पर नजदीकी अस्पताल जायें, ग्राम स्तर में आशा कार्यकर्ता डिपो होल्डर के माध्यम से जीवन रक्षक दवाइयां प्राप्त करें। बरसात के दिनों में वेक्टर जनित रोग जैसे- मलेरिया, डेंगू, चिकिनगुनियां, फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारियां होती है। गंदा पानी, नाली, गडढों में एकत्रित पानी से मच्छर के लारवा से अंडे पनपते हैं।

 

मलेरिया

 

मादा एनाफिलिस मच्छर के काटने से मलेरिया होता है।

 

डेंगू

 

डेंगू के लारवा साफ पानी में पैदा होता है। जैसे- कूलर, टूटे हुए टायर, टंकी में एडीज मच्छर के लावा पनपते हैं। एडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है।

 

चिकिनगुनिया

 

इसका वायरस सीधे हड्डी पर अटेक करता है जिससे असहनीय दर्द होता है। डेंगू, मलेरिया, चिकिनगुनिया फायलेरिया से कैसे बचें- घर के आसपास की सफाई रखें, पानी इकट्ठा ना होने दें, गड्ढों को भरा जाये, टायर, कबाड़ समान ढक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। कूलर वा टंकी के पानी को एक सप्ताह में खाली करें। नीम का धुआं करें। शाम के समय खिड़की दरवाजा बंद रखें, रात्री में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी अस्तीन के कपडे़ पहने मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल रिपेलेंट इत्यादि का उपयोग करें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करायें।

 

सुझाव

 

बुखार आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर खून की जांच करायें एवं ग्रामीण क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता के पास जाकर खून की जांच करायें एवं दवाइयां प्राप्त करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सर्पदंश के बचाव, इलाज एवं भ्रांतियाँ

मण्डला 15 जुलाई 2023

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है जिसमें कहा गया है कि बरसात के दिनों में सर्प के काटने के अत्यधिक केस आते हैं। सर्प के काटने से व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है। आमजन सर्पदंश को अनदेखा न करें। पीड़ित को किसी नजदीकी अस्पताल में तुरंत लेकर जाएं। झाड़-फूक में ना रहें। सांप के दांत के नीचे विष की थैली होती है। सर्प काटने पर विष सीधे शरीर में खून के माध्यम से फैल जाता है। सामान्यतः जहरीले सापों के काटने पर दांतों के दो निशान अलग ही दिखाई देते हैं। गैर विषैले सांप के काटने पर दो से ज्यादा निशान हो सकते हैं। परंतु ये दिखाई नही देते हैं। ये सोचना गलत होगा कि सांप ने नहीं काटा। ज्यादातर सांप गैर विषैले भी होते हैं।

 

लक्षण

 

सांप के काटने पर लगभग 95 प्रतिशत मामलों में पहला लक्षण नींद का आना, इसके साथ ही निगलने या सांस लेने में तकलीफ होना। आमतौर पर सर्पदंश पर आधे घंटे बाद लक्षण दिखाई देने लगते हैं।

 

यह ना करें

 

रस्सी से ना बांधे, ब्लेड से ना काटें। पारंपरिक तरीकों का इस्तेमाल न करें। मुँह से खून ना चूसें। ओझा-गुनिया के पास ना जायें। अंधविश्वास में ना पड़ें।

 

यथा संभव निम्नानुसार कार्य करें

 

सांप के काटे व्यक्ति को दिलासा दिलायें। घटना के तथ्यों का पता लगायें। गीले कपडे़ से डंक के जगह की चमड़ी को साफ करें जिससे वहाँ पर लगा विष निकल जाये। सांप काटे व्यक्ति को करवट सुलायें क्योंकि कई बार उल्टी भी होने लगती है, करवट सुलाने से उल्टी श्वसन तंत्र में ना जाये। जहाँ पर सांप ने काटा है उस स्थान पर कपडे़ से हल्का सा बाँध देवें ताकि हिलना-डुलना बंद हो जाये।

 

उपचार

 

सांप काटे व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था बनायें। सर्प के काटने के जहर को मारने के लिए अस्पताल मेंएंटी स्नेक इंजेक्शन निःशुल्क लगाया जाता है, जो अस्पताल में उपलब्ध है। डॉक्टर की सलाह अनुसार उचित उपचार कराएं।

 

बचाव

 

अंधेरे में ना जाएं। गड्ढों या बिलों में हाँथ ना डालें। झाड़ियों में ना जायें। पानी भरे गड्ढों में ना जायें तथा पैरों में चप्पल-जूते पहनकर चलें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

15 अगस्त तक मत्स्याखेट पूर्णतया प्रतिबंधित

मण्डला 15 जुलाई 2023

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने अधिसूचना जारी कर कहा है कि वर्षाऋतु में मछलियों की वंशवृद्धि के दृष्टिकोण से उन्हें संरक्षण देने के लिए म.प्र. नदीय मत्स्योद्योग अधिनियम 1972 के अंतर्गत 16 जून से 15 अगस्त 2023 तक की अवधि को बंद ऋतु के रूप में अधिघोषित किया गया है। म.प्र. शासन मछली पालन विभाग के अनुसार छोटे तालाब या अन्य स्त्रोत जिनका संबंध किसी नदी व नाले से नही है और जिन्हें निर्दिष्ट जल की परिभाषा के अंतर्गत नहीं लाया गया है, को छोड़कर समस्त नदियों, जलाशयों में बंद ऋतु में मत्स्याखेट पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही मत्स्य विक्रय या मत्स्य विनिमय अथवा परिवहन करना भी प्रतिबंधित हैं। इन नियमों के उल्लंघन पर म.प्र. राज्य मत्स्य क्षेत्र अधिनियम 1981 की धारा 5 के तहत उल्लंघनकर्ता को एक वर्ष का कारावास या 5 हजार रूपये तक का जुर्माना या दोनों से दण्डित किये जाने का प्रावधान है। मत्स्य समितियों, मत्स्य समूहों, निजी मत्स्यपालकों एवं जन साधारण को सूचित किया जाता है, कि वे 16 जून 2023 से 15 अगस्त 2023 तक किसी भी प्रकार का मत्स्याखेट, मत्स्य विनिमय, परिवहन न तो स्वयं करें, न ही इसमें किसी अन्य को सहयोग दें अन्यथा उल्लंघन करने पर उपरोक्त नियमों के तहत कानूनी कार्यवाही की जायेगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

दस्तक अभियान प्रथम चरण का आयोजन 18 जुलाई से

मंडला 15 जुलाई 2023

            दस्तक अभियान अंतर्गत 5 वर्ष उम्र तक के बच्चों में प्रमुख बाल्यकालीन बीमारियों की सक्रिय पहचान एवं प्रबंधन किया जाता है, ताकि बाल मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। वर्ष 2023-24 में दस्तक अभियान के प्रथम चरण का आयोजन स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के सहयोग से 18 जुलाई से 31 अगस्त 2023 तक किया जाना है। स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के मैदानी कार्यकर्ताओं के संयुक्त दल द्वारा 5 वर्ष तक के बच्चों के घर-घर जाकर उनकी चिकित्सीय जांच एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने हेतु समुदाय में बीमार नवजातों और बच्चों की पहचान, प्रबंधन एवं रेफरल किया जाएगा।

इसी प्रकार 5 वर्ष से कम उम्र के गंभीर कुपोषित बच्चों की सक्रिय पहचान रेफरल एवं प्रबंधन, 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों में गंभीर एनीमिया की सक्रिय स्क्रीनिंग एवं प्रबंधन, 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में बाल्यकालीन दस्त रोग की पहचान एवं नियंत्रण हेतु ओ.आर.एस. एवं जिंक उपयोग संबंधी सामुदायिक जागरूकता एवं प्रत्येक घर में गृहभेट के दौरान ओ.आर.एस. पहुँचाना, (सघन दस्त रोग पखवाड़ा-आई.डी.सी.एफ. गतिविधि का आयोजन) 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में शैशव एवं बाल्यकालीन निमोनिया की त्वरित पहचान, प्रबंधन एवं रेफरल, 9 माह से 5 वर्ष तक के समस्त बच्चों को विटामिन ए अनुपूरण, बच्चों में दिखाई देने वाली जन्मजात विकृतियों एवं वृद्धि विलंब की पहचान, 5 वर्ष तक की आयु वाले बच्चों में श्रवणबाधिता एवं दृष्टिकोण की पहचान/पुष्टि कर आरबीएसके के कार्यक्रम में पंजीयन कर उपचारित करना, समुचित शिशु एवं बाल आहारपूर्ति संबंधी समझाईश समुदाय को देना, एस.एन.सी.यू. एवं एन.आर.सी. से छुट्टी प्राप्त बच्चों में बीमारी की स्क्रीनिंग तथा फॉलोअप को प्रोत्साहन तथा गृहभेंट के दौरान आंशिक रूप से टीकाकृत एवं छूटे हुये बच्चों की टीकाकरण की स्थिति की जानकारी लेना शामिल हैं।

 

 

देश के विकास में युवाओं की सहभागिता आवश्यक – श्री कुलस्ते

जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम संपन्न

 

मंडला 15 जुलाई 2023

                डाईट सभाकक्ष में जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम का आयोजन केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर मण्डला विधायक देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष संदीप सिंगौर, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

                इस अवसर पर केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि देश के विकास में युवाओं की सहभागिता आवश्यक है। उन्‍होंने अपने संबोधन में युवाओं को भारत के गौरवशाली इतिहास का अध्ययन कर उससे प्रेरणा लेने की बात कही। विधायक देवसिंह सैयाम ने कहा कि युवा अपने जीवन में सिर्फ पढ़ाई तक सीमित न रहें बल्कि अच्छे संस्कारों को भी महत्व दें। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि नेहरू युवा केन्द्र युवाओं की प्रतिभाओं को लगातार निखारने का काम कर रही है। इस तरह के उत्सव में युवाओं को अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। इससे पूर्व कार्यक्रम का प्रारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम में पेंटिंग, कविता लेखन, मोबाईल फोटोग्राफी, भाषण, सामूहिक लोकनृत्य आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को पुरूस्कार वितरित किए गए।

 

 

 

 

 

17 जुलाई को आयोजित होगा स्कूल चलें हम अभियान 2023 कार्यक्रम

समस्त शासकीय शालाओं में किया जाएगा सजीव प्रसारण

 

मंडला 15 जुलाई 2023

                आगामी 17 जुलाई 2023 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में स्कूल चलें हम अभियान का राज्य स्तरीय कार्यक्रम सीएम राइज़ विद्यालय, गुलाना जिला शाजापुर में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दूरदर्शन मध्यप्रदेश, आकाशवाणी एवं अन्य संचार माध्यमों पर प्रातः 11 बजे से किया जायेगा। जिसका सजीव प्रसारण समस्त शासकीय शालाओं में किया जाएगा। उक्त दिवस पर सभी शालाओं में एसएमडीसी/एसएमसी की विशेष बैठक एवं अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित की जाएगी तथा शाला के पूर्व विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधिगण सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम दिवस पर समस्त पात्र शालाओं में विशेष भोजन का वितरण कराया जाए।

                इस संबंध में जारी निर्देश में कहा गया है कि स्कूल चलें हम अभियान को जन आंदोलन में परिणित करने की दृष्टि से 17 से 19 जुलाई तक प्रदेश की समस्त शासकीय शालाओं में जनसमुदाय की सहभागिता में ’भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम आयोजित किया जाना निर्देशित है। इस दौरान विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध, प्रभावशाली, प्रबुद्ध एवं सम्मानित व्यक्तियों को एक प्रेरक की भूमिका में आमंत्रित कर विद्यार्थियों से उनकी भेंट आयोजित की जाए। जिसमें वे विद्यार्थियों को अपने अनुभवों से अवगत कराते हुए उन्हें बेहतर भविष्य गढने हेतु प्रेरित कर सकें। इनके अतिरिक्त अन्य स्थानीय व्यक्ति, युवा, महिलाएं आदि भी प्रेरक बन सकते है। अन्य इच्छुक व्यक्ति https://www.educationportal.mp.gov.in/mpsch लिंक के माध्यम से 17 से 19 जुलाई के मध्य अपनी सुविधा से किसी एक दिवस का और शाला का चयन कर सकेंगे। स्थानीय स्तर पर विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ी, साहित्यकार, कलाकार, संस्कृतिधर्मी, समाजसेवी, उद्योगपति, उन्नत एवं सफल किसान, व्यवसायी, मीडिया और संचार मित्र, सैन्य और पुलिस अधिकारी, वरिष्ठ शासकीय अधिकारियों आदि के मध्य उक्त कार्यक्रम और लिंक का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। आमंत्रित व्यक्ति इस दौरान विद्यार्थियों/शाला उपयोग की वस्तुएं यथा पेन, पेन्सिल, मोम कलर, कलर, बॉक्स, ओरेगामी शीट्स, ज्यामिति बॉक्स, स्टेशनरी, विभिन्न खेल-कूद सामग्री आदि भेंट भी कर सकते हैं। निर्देश में कहा गया है कि जिले के प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के समस्त अधिकारी गण को दिनांक 17 जुलाई को किसी एक शाला में जाकर एक पीरियड अध्यापन कराने हेतु शालाओं का आवंटन किया जाए।

Related posts

मंडला फोर्ट को अमृत स्टेशन में मिलेगी राशि पीएचई मंत्री ने रेल मंत्री से किया था आग्रह

Reva India News

पाले से बचाव के लिये कृषकों को सलाह

Reva India News

साइकिल, स्कूटर, कार आदि स्टेण्ड का ठेका के लिए मुहरबंद निविदा आमंत्रित

Reva India News

Leave a Comment