सांसद रोजगार मेला का उद्घाटन करेंगे केंद्रीय मंत्री श्री कुलस्ते
मेला में युवाओं को विभिन्न पदों पर मिलेंगे रोजगार के अवसर
मंडला 14 जुलाई 2023
मंडला लोकसभा क्षेत्र के युवाओं को अनेक पदों पर रोजगार का अवसर मुहैया कराने सांसद रोजगार मेला का आयोजन 15 जुलाई को स्थानीय सरदार पटेल कॉलेज में मंडला सांसद केंद्रीय इस्पात ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के प्रयासों से किया जा रहा है। सांसद रोजगार मेले का शुभारंभ प्रातः 10 बजे केंद्रीय इस्पात ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते करेंगे। इस अवसर पर मंडला विधायक देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा सहित अन्य पदाधिकारी जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। रोजगार मेले में मंडला के युवाओं को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों के पदों में भर्ती हेतु सांसद रोजगार मेला आयोजित किया गया है। इस आयोजन से देश की विभिन्न कंपनियों द्वारा सृजनित पदों पर योग्य उम्मीदवार को सीधे पदों में भर्ती का लाभ मिलेगा।

सहायक शिक्षक फागूलाल मरावी निलंबित
मंडला 14 जुलाई 2023
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्यविभाग ने शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय घुघरी में पदस्थ सहायक शिक्षक फागूलाल मरावी को पदीप दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, उदासीनता बरतने, संस्था में छात्रों के प्रवेश में अनियमित्ताएँ करके उनसे अवैध धनराशि लेने एवं अन्य आरोपों के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन काल में इनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी मवई निर्धारित किया गया है। इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

प्रत्येक कार्यालय में वोटर एवेयरनेस फोरम के गठन के निर्देश
मंडला 14 जुलाई 2023
आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिये प्रत्येक विभाग में कार्यरत अधिकारी, कर्मचारियों में मतदाता जागरूकता के संस्कार और संस्कृति, संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया (ईव्हीएम, व्हीव्हीपीएटी) संबंधी तकनीकी ज्ञान विकसित करने, संवैधानिक प्रावधानों का ज्ञान विकसित करने के उद्देश्य से वोटर एवेयरनेस फोरम का गठन किया जाना है जिसमें सभी कर्मचारियों की सदस्यता खुली रहेंगी। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया है कि सभी विभाग प्रमुख अपने कार्यालय, विभाग, संस्था के अतंर्गत नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे जिनका अनुभव चुनाव कार्य में होना अनिवार्य है। सभी अपने कार्यालय, विभाग, संस्था में वोटर एवेयरनेस फोरम (व्हीएएफ) का गठन कर नोडल अधिकारी की नियुक्ति करते हुए जानकारी हार्ड एवं सॉफ्टकॉपी में कार्यालय कलेक्टर जिला निर्वाचन को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।

स्वरोजगार स्थापित करने हेतु PMEGP एवं MUKY योजनांतर्गत ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना
मंडला 14 जुलाई 2023
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला में मध्यप्रदेश शासन की महात्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में जिले के शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना में विनिमार्ण हेतु 50 हजार से 50 लाख तक, सेवा/खुदरा व्यवसाय हेतु 50 हजार से 25 लाख तक का ऋण प्रकरणों का आवेदन समस्त पोर्टल से ऑनलाईन आवेदन प्राप्त किये जा रहे हैं।
पात्रता
आवेदक का 8वी कक्षा उत्तीर्ण, 18 से 45 आयु वर्ग के हों तथा जिनकी परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रू से कम हो वो पात्र हैं। मूल निवासी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पेन कार्ड, आधार कार्ड, कोटेशन, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, आवश्यक लायसेन्स व अन्य दस्तावेज। अब आवेदकों को विनिर्माण उद्योग स्थापना के लिए 50 हजार से 50 लाख तक तथा सेवा एवं खुदरा व्यवसाय इकाई के लिए 50 हजार से 25 लाख तक बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जायेगा। योजना में 3 प्रतिशत त्रैमासिक दर से 7 वर्ष तक की अवधि हेतु ब्याज अनुदान एवं सीजीटीएमएसई गारंटी शुल्क 7 वर्ष तक प्रतिपूर्ति के रूप में देय है।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला में केन्द्र शासन की महात्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना में जिले के बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने हेतु बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना में निमार्ण उद्योग इकाई हेतु 50 लाख रूपये तक सेवा इकाई हेतु 20 लाख रूपये तक का ऋण प्रकरणों का आवेदन PMEGP पोर्टल से ऑनलाईन आवेदन प्राप्त किये जा रहे हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला एवं बैंकों से किसी भी कार्यदिवस पर कार्यालीन समय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 15 जुलाई 2023 को सरदार बल्लभ भाई पटैल कॉलेज, बड़ी खैरी, मण्डला में आयोजित रोजगार मेले के साथ ही साथ हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी प्रदाय की जाएगी।

आज सरदार पटेल कॉलेज में ’सांसद रोजगार मेला’
केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने की युवाओं से सहभागिता की अपील
मण्डला 14 जुलाई 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री तथा सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते के निर्देशन में 15 जुलाई को भव्य सांसद रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। यह मेला 15 जुलाई 2023 को प्रातः 10 बजे सरदार पटेल कॉलेज खैरी मंडला में लगेगा। इस रोजगार मेले में देश की प्रतिष्ठित कम्पनियां सहभागी होंगी जिनके माध्यम से मंडला एवं आसपास के क्षेत्र के शिक्षित युवक-युवतियों को योग्तानुसार रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा। केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने युवाओं से अपील की है कि ऐसे सभी शिक्षित युवक-युवतियों जो रोजगार के इच्छुक हैं वे अपना बायोडाटा, अंक सूची, आधार कार्ड, अनुभव एवं योग्यता के अन्य प्रमाण पत्र साथ लेकर आ सकते हैं।

जिले में हुई औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 14 जुलाई 2023
जिले में इस वर्ष 1 जून से 14 जुलाई 2023 के दौरान 452.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 314.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 138.4 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 जुलाई को मंडला में 1.8 मि.मी., नैनपुर में 8.2 मि.मी. तथा घुघरी में 8.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 14 जुलाई 2023 को 3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ने जवानों ने किया श्रमदान
मण्डला। शुक्रवार को 148 वीं वाहिनी केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल केन्द्रीय रिजर्व पुलिस ने श्रमदान करते हुए मानवता की मिशान पेश की है। मधु किशोर कालोनी में आवागम हेतु सडक़ काफी खराब होने के कारण वहां के नागरिकों की समस्या को देखते हुए 148 वीं वाहिनी मण्डला के जवानों द्वारा श्रम दान करके सडक़ की मरम्मत किया गया। जानकारी के अनुसार मृदुकिशारे कॉलोनी में आवागमन करने वाला मार्ग काफी दिनों से क्षतिग्रस्त हो गया था। यहां बरसात के चलते जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोग चोटिल हो रहे है यहां आवागमन करने वाले राहगीरों को काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। जिसकी जानकारी केन्द्रीय रिजर्व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को लगी तो उन्होंने केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के साथ मिलकर श्रमदान करते हुए गड्ढों को भरा गया। यहां लगभग डेढ़ किमी तक क्षतिग्रस्त मार्ग को बारिक गिट्टी से भरा गया और मार्ग को सुचारू रूप से सुधारीकरण किया गया। यह सराहनीय कार्य देख कॉलोनी के रहवासी कॉफी खुशी व्यक्त की और 148 बटालियन केन्द्रीय रिजर्व के समस्त पुलिस बल का आभार व्यक्त किया गया। बता दें कि देश की आंतरिक सुरक्षा एवं नक्सलवाद माओवाद का खात्मा करने के लिए प्रतिबद्ध केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 148 वीं वाहिनी मंडला एवं बालाघाट में तैनात है। वही केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के द्वारा किए गए कार्य की भूरी-भरी प्रशंसा की गई।

