मतदान केन्द्रों में आयोजित की गई चुनाव पाठशाला
मंडला 6 सितम्बर 2023
समस्त मतदान केन्द्र स्तर पर बूथ अव्यरनेस ग्रुप के माध्यम से चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रेयांश कूमट के मार्गदर्शन में स्वीप गतिविधियों के तहत मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन विधानसभा एवं मतदान केन्द्र स्तर पर किया जा रहा है। इसी क्रम में 6 सितम्बर 2023 को मतदान केन्द्र स्तर पर बूथ अव्यरनेस ग्रुप के माध्यम से चुनाव पाठशाला आयोजित की गई। पाठशाला में उपस्थित लोगों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, काटने तथा संशोधित कराने के संबंध में आवश्यक जानकारियां प्रदान की गई। इस अवसर पर संबंधित बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का वाचन भी किया गया। साथ ही लोगों को लोकतंत्र में मतदान का महत्व बतलाते हुए नैतिक मतदान करने की शपथ दिलाई गई।

दीदियों ने मुख्यमंत्री को बांधी गोंडी चित्रकला वाली राखी
मंडला 6 सितम्बर 2023
जिला प्रशासन के प्रयासों से ज़िले की गोंडी चित्रकला को कई उत्पादों के माध्यम से बढ़ावा दिया जा रहा है जिससे समूह की महिलाओं कि आय में वृद्धि हो रही है तथा ज़िले की गोंडी चित्रकला को देश में नई पहचान भी मिल रही है। इसी दिशा में स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा गोंडी पेंटिंग वाली आकर्षक राखियों का निर्माण किया गया। रक्षाबंधन के अवसर पर समूह की दीदी द्वारा मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को राखी बांधते हुए उन्हें एक राखी हैंपर भेंट किया गया। श्री चौहान ने दीदियों द्वारा बनाई गई मनमोहक राखियों एवं हैंपर को अनुकरणीय पहल बताते हुए इसे सतत प्रोत्साहित करने की बात कही।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार रक्षाबंधन के त्यौहार पर ज़िले में इंद्री संकुल, वि.ख. नैनपुर में गोंडी चित्रकारी का काम कर रही 20 स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा राखी हैंपर तैयार किया गया, जिसका ऑनलाइन एवं ऑफलाइन के माध्यम से विक्रय किया गया। इस हैंपर को ग्राहकों द्वारा बहुत पसंद किया गया। इस अवसर पर सीएम फेलो सुप्रिया पाठक सहित संबंधित उपस्थित रहे।

उद्यमी बनने की राह हुई आसान – शिवम
मंडला 6 सितम्बर 2023
प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से विभिन्न स्वरोजगारमूलक योजनाएँ संचालित कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सपना पूरा किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम ने गरीब युवा शिवम यादव की उद्यमी बनाने की राह आसान कर दी है।
मण्डला जिले के अन्तर्गत ग्राम कटंगी सेमरखापा निवासी शिवम यादव कहते हैं कि कक्षा 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के पश्चात रोजगार की तलाश कर रहा था। मेरे पास आय का कोई भी जरिया नहीं था, तब विचार किया कि स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहिए। शिवम ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से संपूर्ण जानकारी लेकर मैंने ऑनलाईन माध्यम से इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया। शीघ्र ही मेरा प्रकरण स्वीकृत कर केनेरा बैंक मण्डला के माध्यम से मुझे 20 लाख रूपये का ऋण तथा विभागीय अनुदान 35 प्रतिशत की स्वीकृति उपरांत मैं राईस मिल का व्यवसाय शुरू किया और 15 लोगों को रोजगार भी दे रहा हूं। मैंने कभी सोचा था कि मेरा उद्योग होगा आज वह सपना पूरा हुआ और आगे बढ़ने के रास्ते खुले। मैं और मेरा परिवार अब खुश हैं तथा मध्यप्रदेश शासन को साधुवाद, जिनके सहयोग से मैं यहां तक पहुंचा। साथ ही उद्योग विभाग भी मेरी सफलता में भागीदार बना जिसके कारण मुझे नई राह मिली।

नगरपालिका आवास शाखा से होगा ऋण प्रकरणों का निपटारा
पीएम आवास ऋण के हितग्राही नगरपालिका में संपर्क करें
मंडला 6 सितम्बर 2023
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण किए जाने के लिए नगरपालिका परिषद द्वारा इसे मिशन मोड में किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए नगरपालिका परिषद मंडला के आवास शाखा में ऋण प्रकरणों के निपटारे के लिए हितग्राहियों के प्रकरण निराकृत कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) ए.एच.पी. घटक योजना के तहत निर्माणाधीन आवास हेतु जिन हितग्राहियों के ऋण प्रकरण पंजाब नेशनल बैंक शाखा मण्डला को प्रेषित किये गये थे, वे समस्त हितग्राही नगरपालिका परिषद मण्डला के प्रधानमंत्री आवास शाखा में ऋण की अग्रिम कार्यवाही हेतु 3 दिवस के अन्दर संपर्क करें।

नेशनल लोक अदालत का आयोजन 9 को
प्रकरणों के निराकरण हेतु 18 खंडपीठों का गठन
मंडला 6 सितम्बर 2023
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार नेशनल लोक अदालत का आयोजन 9 सितम्बर 2023 को सम्पूर्ण देश में नेशनल लोक आदालत का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में जिला मण्डला में प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एस0के0 जोशी के निर्देशन में एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री डी0आर0 कुमरे के मार्गदर्शन में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी प्रकार के राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, सिविल प्रकरण विद्युत प्रकरण, मोटर दुर्घटना, भरण-पोषण, चैक बाउन्स, श्रम, राजस्व (जिला न्यायालय एवं मान0 उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरण) पारिवारिक वैवाहिक मामले न्यायालय के प्रकरणों के साथ-साथ, बैंक, नगरपालिका, विद्युत एवं बी0एस0एन0एल0 के प्रीलिटिगशन प्रकरणों का निराकरण किया जायेगा। प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एस0के0 जोशी द्वारा आयोजित होने वाली लोक अदालत में प्रकरणों के निराकरण के लिए प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला न्यायालय के समस्त न्यायाधीशगण एवं अधिवक्तागण व समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डी0आर0 कुमरे ने बताया कि नेशनल लोक अदालत जिला न्यायालय मण्डला एवं तहसील न्यायालय नैनपुर, निवास, बिछिया में भी उक्त नेशनल लोक अदालत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें सभी समझौते योग्य प्रकरणों के निराकरण हेतु 18 खंडपीठों का गठन किया गया है जिसमें आपसी सुलह के आधार पर राजीनामा किया जायेगा।

एसडीएम पहुंचे धरना स्थल सुनी पटवारियों की समस्या
मण्डला। जिले के समस्त पटवारी 28 अगस्त से रानी दुर्गावती स्मारक के नीचे अश्चितकालीन हड़ताल में बैठे हुए है उनकी समस्याओं को सुनने के लिए एसडीएम मण्डला धरना स्थल पर पहुंचे और पटवारियों का हाल चाल जाना। पटवारियों ने एसडीएम मण्डला से मुलाकात करते हुए कहा कि हमे काफी खेद है कि हम लोग पीडि़त किसान, हितग्राही सहित अन्य लोगों की मदद नही कर पा रहे है जिससे वे काफी परेशान दिखाई दे रहे है, लेकिन मजबूरन हमे हड़ताल करना पड़ रहा है। क्योकि यह मांग 25 वर्षो से पटवारी वर्ग करते आ रहा है लेकिन आज भी पटवारियों की जायज मांगो को असुनी कर दी गई है। पटवारियों का कहना है कि 2100 ग्रेड पे से 2800 किया जाए। जबकि जिला सहित प्रदेश के पटवारी अपनी 5 सूत्रीय मांगो को लेकर 25 वर्षो से सरकार से आवेदन निवेदन कर रही है बावजूद पटवारियों की मांग को दरकिनार किया जा रहा है। मप्र पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष गीतेन्द्र गीतू बैरागी ने बताया कि पटवारियों के हडताल में चले जाने से राजस्व के समस्त कार्य प्रभावित हो रहे है। जिले के राजस्व कार्यालय में पीएम एवं सीएम किसानों का सत्यापन, जाति प्रमाण पत्र, भू-स्वामित्व योजना का कार्य, धारणा अधिकार पटटा के कार्य, सीएम हेल्पलाईन निराकरण के कार्यए व्हीआईपी प्रोटोकॉल डियूटी, फसलो की गिरदावरी, मुख्यमंत्री भू अधिकार योजना सहित अनेक योजना के कार्य नही होने से लोग परेशान हो रहे है। गिरदावरी न होने से किसान फसलों का पंजीयन भी नही करा पायेंगे और न ही उन्हें शासकीय निर्धारित समर्थन मूल्य की प्राप्ति हो पाएगी। पटवारी वर्ग अपनी पांच सूत्री मांगो को लेकर अनिश्चितकालीन हडताल पर बैठी है।

