Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 13 सितम्बर 2023

निर्वाचन संबंधी निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करें अधिकारी – डॉ. सिडाना

आरओ, एआरओ तथा नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न

मंडला 13 सितम्बर 2023

                विधानसभा निर्वाचन 2023 के अंतर्गत रिटर्निंग ऑफीसर, सहायक रिटर्निंग ऑफीसर, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, नोडल अधिकारियों तथा विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण जिला योजना भवन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विधानसभा 2023 के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करें। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि निर्वाचन के संबंध में जो भी आदेश करें वह नामजद जारी किया जाए। प्रशिक्षण के दौरान समस्त अधिकारियों को नामांकन से प्रतीक चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया, पोस्टल बैलेट, मतदान प्रक्रिया एवं ईव्हीएम का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। दोपहर बाद निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण, आदर्श आचरण संहिता तथा मीडिया प्रमाणीकरण एवं अनुवीक्षण समिति से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के अंतिम सत्र में उपस्थित प्रतिभागियों के मध्य निर्वाचन प्रक्रिया पर आधारित क्विज आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला पंचायत सीईओ श्रेयान्श कूमट, मास्टर ट्रेनर डॉ. टीपी मिश्रा, डॉ. श्रीकांत श्रीवास्तव, डॉ. अनिल गुप्ता सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

रेडक्रॉस समिति के लेखापाल सुनील बर्मन के विरूद्ध एफआईआर दर्ज

सीएमएचओ को कारण बताओ नोटिस जारी

मंडला 13 सितम्बर 2023

                रेडक्रॉस समिति के संचालन एवं आय-व्यय के लेखा-जोखा की जांच में अनियमितता पाए जाने पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने समिति के मैनेजर सह लेखापाल सुनील बर्मन को तत्काल प्रभाव से टर्मिनेट कर दिया है साथ ही सीएमएचओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रकरण में सुनील बर्मन के विरूद्ध सीएमएचओ द्वारा कोतवाली मंडला में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार रेडक्रॉस समिति के आय-व्यय की जांच के लिए गठित समिति की रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया जिला रेडक्रॉस समिति में कार्यरत प्रभारी लेखापाल सुनील बर्मन द्वारा अनियमितता करना पाया गया है। दानदाताओं द्वारा दी गई राशि तथा किराए की राशि के गबन के मामले पर प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने रेडक्रॉस समिति के मैनेजर सह लेखापाल सुनील बर्मन को टर्मिनेट कर दिया है। प्रकरण में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

सीएमओ ने दर्ज कराई एफआईआर

 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने मंडला थाने में आवेदन देते हुए रेडक्रॉस के मैनेजर सह लेखापाल सुनील बर्मन के विरूद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया है। सीएमएचओ द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार रेडक्रॉस सोसायटी में दानदाताओं द्वारा रसीद क्रं. 11942 पर 4 लाख 65 हजार रूपए जमा हुए थे इनमें से सुनील बर्मन द्वारा सोसायटी के खाते में 1 लाख 15 हजार रूपए ही जमा किए गए। इसी प्रकार रेडक्रॉस सोसायटी के भवन का किराया सुनील बर्मन को रसीद क्रं. 11940 पर 28 जुलाई 2022 से 8 सितंबर 2023 तक कुल 1 लाख 44 हजार 416 रूपए प्रदान किए गए किन्तु सोसायटी के खाते में कुल 24 हजार 587 रूपए ही जमा किए गए। इस प्रकार सुनील बर्मन द्वारा कुल 4 लाख 94 हजार 416 रूपए हेराफेरी कर राशि का गबन किया गया है। सीएमएचओ ने बताया कि सोसायटी के अन्य खातों की जांच भी की जा रही है। सुनील बर्मन के विरूद्ध भारतीय दण्ड संहिता 1860 की धारा 420 एवं 409 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

 

 

 

 

 

दिव्यांगों के लिए जनसुनवाई बन रही वरदान

मंडला 13 सितम्बर 2023

                राज्य शासन गरीब, वंचित, वृद्ध एवं दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। जनसुनवाई के माध्यम से आवेदकों द्वारा बताई जा रही समस्या के जिला प्रशासन द्वारा संज्ञान में आते ही उन समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।

ऐसा ही एक मामला 12 सितम्बर 2023 को आयोजित हुई जनसुनवाई में आया। ग्राम इमलीगोहान के अस्थिबाधित दिव्यांग हिम्मत मरावी ने ट्राईसाईकिल की समस्या से संबंधित आवेदन दिया। इसी प्रकार स्वामी सीताराम वार्ड मण्डला के अस्थिबाधित दिव्यांग बालकिशन बैरागी ने बैसाखी के लिए आवेदन दिया था। कलेक्टर के निर्देशानुसार सामाजिक न्याय विभाग के पीयूष पांडे ने दिव्यांग हिम्मत मरावी को ट्राईसाईकिल तथा दिव्यांग बालकिशन बैरागी को बैसाखी प्रदान की। दोनों ही आवेदकों ने अपनी समस्या का मौके पर ही निराकरण होने से जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय विभाग के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

नोडल अधिकारी नियुक्त

मंडला 13 सितम्बर 2023

                18 सितम्बर 2023 को राजा शंकरशाह, कुंवर रघुनाथशाह का बलिदान दिवस प्रातः 10 बजे से किला वार्ड में मनाया जाएगा। बलिदान दिवस की संपूर्ण व्यवस्था के लिए मुख्य नगरपालिका अधिकारी को नोडल अधिकारी निुयक्त किया गया है।

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम

मंडला 13 सितम्बर 2023

                केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते का 15 सितम्बर 2023 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 15 सितंबर को रात्रि 11:30 बजे मंडला सर्किटहाउस पहुंचेंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 16 सितम्बर 2023 को प्रातः 8 बजे मंडला से जिला नरसिंहपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

50 बिस्तरीय बनेगा निवास का सिविल अस्पताल

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के उन्नयन को मंजूरी

11 करोड़ 34 लाख 86 हजार रूपए स्वीकृत

 

मंडला 13 सितम्बर 2023

                लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग मध्यप्रदेश द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निवास के उन्नयन को मंजूरी प्रदान की गई है। इस संबंध में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने बताया कि अनुसूचित जनजाति उपयोजना क्षेत्र अंतर्गत 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निवास अब 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल भवन में उन्नयित किया जाएगा। इस हेतु 11 करोड़ 34 लाख 86 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति भी प्रदाय कर दी गई है। क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पहल की गई थी जिसके आधार पर यह स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल के फर्नीचर क्रय के लिए भी 8 लाख 14 हजार रूपए की स्वीकृति दी गई है। निर्माण कार्य हेतु परियोजना क्रियान्वयन इकाई लोक निर्माण विभाग (भवन) एजेंसी होगी।

 

 

 

 

 

 

 

चंदवारा में डाक चौपाल आयोजित

 

मंडला 13 सितम्बर 2023

                भारतीय डाक विभाग मंडला डाक संभाग अंतर्गत उपसंभाग मंडला के ग्राम पंचायत भवन चंदवारा में सामुदायिक विकास कार्यक्रम डाक चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रवण परते सदस्य जनपद पंचायत मोहगांव, मनोती बाई भारतीया सरपंच ग्राम पंचायत चंदवारा, सहदेव भारतीया प्रधानाध्यापक शासकीय माध्यमिक विद्यालय चंदवारा, सुरेश सिंह राजपूत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवारा, सहायक अधीक्षक डाकघर मंडला उपसंभाग पीएन सिंगौर, उपसंभागीय निरीक्षक डाकघर नैनपुर अमित कुमार पटेल एवं डाक विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

                कार्यक्रम में डाक विभाग से जुड़ी विभिन्न जनहितैषी एवं लाभदायक योजनाएं जैसे बचत खाता, आवर्ती खाता, सावधि जमा खाता, मासिक आय योजना, वरिष्ठ नागरिक बचत खाता, आईपीपीबी बचत खाता, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा इत्यादि की जानकारी दी गई। सहायक अधीक्षक पीएन सिंगौर के द्वारा डाक विभाग से जुड़ी योजनाओं के बारे में बताया गया, कई बीमा योजनाओं के बारे में बताया गया एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक द्वारा किस प्रकार 399 में 10 लाख का एक्सीडेंटल बीमा योजना कवर किया जा रहा है इत्यादि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। डाक विभाग की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को दस्तावेज भी सौंपे गए। नुक्कड़ नाटक एवं प्रचार रैली के माध्यम से आमजन को हक विभाग की सरल योजनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

 

Related posts

कान्हा के मोगली रिसॉर्ट से अवैध गैस सिलेंडर जप्त

Reva India News

मंगलवार को बिछिया के 18 कुआं में किया गया क्लोरीनेशन

Reva India News

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 19 जून 2023

Reva India News

Leave a Comment