निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयपूर्व सुनिश्चित करें – डॉ. सिडाना
नोडल अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मंडला 6 अक्टूबर 2023
नोडल अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयपूर्व सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चैकलिस्ट के अनुसार प्रत्येक मतदान केन्द्रों में बिजली, पानी, फर्नीचर, रैम्प, शौचालय आदि की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि स्कूलों में आवश्यक सुविधाओं के लिए ट्रायबल एवं स्कूल शिक्षा विभाग तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों में आवश्यक सुविधाएं महिला बाल विकास विभाग जिम्मेदार होंगे। इसी प्रकार प्रत्येक मतदान केन्द्रों में पेयजल की व्यवस्था पीएचई द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि मतदान केन्द्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सीईओ जनपद तथा नगरीय क्षेत्रों के लिए मुख्य नगरपालिका अधिकारी नोडल होंगे। उन्होंने 31 अक्टूबर तक मतदान केन्द्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए संबंधितों से प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मतदान केन्द्रों में व्हीलचेयर की उपलब्धता सुनिश्चित करें। इस संबंध में उन्होंने दिव्यांग तथा बुजुर्ग मतदाता वाले मतदान केन्द्रों को प्राथमिकता प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने मतदान की प्रशासनिक तैयारियां, रूटचार्ट, सेक्टर विभाजन, सेक्टर अधिकारी की नियुक्ति, ईव्हीएम मैनेजमेंट, मतदान सामग्री की व्यवस्था, सामग्री वितरण एवं प्राप्ति काउंटर्स की तैयारी, स्वीप गतिविधियां, कानून व्यवस्था, सीविजिल ऐप, मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग, आदर्श आचरण संहिता का पालन एवं अनुवर्ती कार्यवाही, नाम-निर्देशन, मतदान एवं मतगणना दल का गठन, प्रशिक्षण की व्यवस्था, व्यय लेखा, कम्यूनिकेशन प्लान, मतपत्र मुद्रण, स्ट्राँग रूम की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, वेलफेयर मैनेजमेंट, विद्युत एवं चिकित्सा व्यवस्था, वाहनों की आवश्यकता एवं उपलब्धता तथा संपत्ति विरूपण के तहत की जाने वाली कार्यवाही के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश प्रदान किए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, सीएल वर्मा, हुनेन्द्र घोरमारे सहित सभी नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

सेना देगी स्व-सहायता समूह के उत्पादों को बढ़ावा – ब्रिगेडियर ललित शर्मा
मंडला 6 अक्टूबर 2023
माहिष्मती संकुल स्तरीय संघ के ट्रेनिंग सेंटर में भारतीय सेना द्वारा स्थानीय उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने की मुहिम में हिस्सा लेने पर मुहर लगाई गई। इस अवसर पर ब्रिगेडियर ललित शर्मा शौर्य चक्र ने कहा कि भारतीय सेना देश की सुरक्षा के साथ-साथ समाज कल्याण की दिशा में भी सहयोग करने में आगे आई है। इसी कड़ी में जनजातीय बाहुल मंडला जिले में स्वसहायता समूहों की महिला सदस्यों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में सेना ने सहयोग करने का निर्णय लिया है।

ब्रिगेडियर ललित शर्मा ने कहा कि सेना को खुशी है कि ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने के कार्य में हम सहभागी बन रहे हैं। स्वसहायता समूहों के द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि लोकल आर्ट और अन्य सामग्री अच्छी गुणवत्ता वाली है, हम इसे आर्मी चेन के माध्यम से प्रमोट करेंगे। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने मंडला जिले की आदिवासी जनजातियों, यहाँ की मुख्य फसलों, कोदो-कुटकी, महुआ, जंगली शहद और अन्य उत्पादों के विषय में सेना के अधिकारियों को अवगत कराया। कार्यक्रम में भारतीय सेना के कर्नल ओपी शर्मा, सहायक कलेक्टर रवि कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक एनआरएलएम बीडी भैंसारे, ब्लॉक मैनेजर एनआरएलएम योगेंद्र तिवारी, माहिष्मती संकुल संगठन की अध्यक्ष अंजली मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने किया एमसीएमसी कक्ष का निरीक्षण
मंडला 6 अक्टूबर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत जिला पंचायत में बनाए गए एमसीएमसी कक्ष का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कक्ष की सभी व्यवस्थाएं जल्द पूर्ण करें। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक, सोशल एवं प्रिंट मीडिया की मॉनिटरिंग के लिए नियुक्त अधिकारियों से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि एमसीएमसी कक्ष में नियुक्त किए गए कर्मचारियों के मध्य कार्य का विभाजन करें। कक्ष में संबंधित अधिकारियों के अतिरिक्त महत्वपूर्ण टेलीफोन नंबर की डायरेक्टरी रखें। प्री-सर्टिफिकेशन के लिए आवेदन प्रपत्र तथा आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित जानकारी अंकित करें। कलेक्टर ने पेड न्यूज की मॉनिटरिंग एवं फेक न्यूज के खण्डन आदि के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद कुमार, एसीईओ जिला पंचायत क्षमा सराफ, अधिमान्य पत्रकार एवं समिति सदस्य राजेश साहू सहित संबंधित उपस्थित रहे।

प्रकाशित सामग्री में मुद्रक एवं प्रकाशक का नाम आवश्यक – डॉ. सिडाना
प्रिन्टर्स की बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
मंडला 6 अक्टूबर 2023
आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिये कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना की उपस्थिति में प्रिन्टर्स की बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी प्रिंटर्स निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। प्रत्येक प्रकाशित सामग्री में आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें तथा अनिवार्य रूप से मुद्रक एवं प्रकाशक का नाम अंकित करें। निर्वाचन पैम्पलेटों, पोस्टरों आदि का मुद्रण एवं प्रकाशन लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 127ए के उपबन्धों द्वारा विनियमित किया जाता हैं। धारा 127ए पैम्पलेट, पोस्टरों आदि के मुद्रण पर प्रतिबन्ध है। कोई व्यक्ति किसी ऐसे निर्वाचन पैम्पलेट अथवा पोस्टर का मुद्रण या प्रकाशन नहीं करेगा अथवा मुद्रित या प्रकाशित नहीं करवायेगा, जिसके मुख्य पृष्ठ पर मुद्रक एवं उसके प्रकाशक का नाम व पता न लिखा हो। जिला योजना भवन में संपन्न हुई बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद कुमार सिंह, मास्टर ट्रेनर डॉ. टीपी मिश्रा एवं डॉ. श्रीकांत श्रीवास्तव तथा प्रिंटर्स उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण में बताया गया कि मुद्रक तथा प्रकाशक पर उक्त प्रतिबंध का उद्देश्य यह है कि यदि धर्म, वंश, जाति, समुदाय या भाषा अथवा विरोधी के चरित्र हनन इत्यादि के आधार पर अपील जैसे मामले शामिल हो तो सम्बंधित व्यक्तियों विरुद्ध आवश्यक दण्डात्मक या निरोधक कार्यवाही की जा सकती है। आयोग के निर्देशों तथा कानून के उल्लंघन को अत्यधिक गंभीरता से लिया जाएगा तथा उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएगी। प्रशिक्षण में मुद्रण तथा प्रकाशन के संबंध में आयोग द्वारा किए गए प्रावधानों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई तथा प्रिंटर्स की शंकाओं का समाधान किया गया।

एक्सपेंडीचर मॉनीटरिंग एण्ड कम्पलेंट परमिशन मैनेजमेंट की बैठक आज
मंडला 6 अक्टूबर 2023
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन 2023 के अंतर्गत 7 अक्टूबर को प्रातः 10:30 बजे से रानी दुर्गावती स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला में एक्सपेंडीचर मॉनीटरिंग एण्ड कम्पलेंट परमिशन मैनेजमेंट की बैठक आयोजित की गई है। उक्त बैठक में समस्त रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग ऑफीसर, एसएसटी टीम, व्हीएसटी टीम, एफएसटी टीम, व्हीव्हीटी टीम, ईईटी टीम, सहायक व्यय प्रेक्षक एवं लेखा टीम, एमसीएमसी टीम एवं सी-विजिल टीम को उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

विद्यार्थियों को शहीदों के जीवन से सीखने की जरूरत – ब्रिगेडियर ललित शर्मा
मंडला 6 अक्टूबर 2023
स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शौर्य चक्र से सम्मानित ब्रिगेडियर ललित शर्मा ने कहा कि सैनिक बनकर देश की सेवा करना सौभाग्य की बात है। प्रत्येक नागरिक में देश के प्रति समर्पण की भावना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी छात्र-छात्राएं बेहतर अध्ययन कर देश की सेवा में सहभागी बनें। निर्धारित पाठ्यक्रम के साथ-साथ सभी विद्यार्थियों को देश के लिए प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों की जीवनी पढ़कर उससे सीखने की आवश्यकता है।

ब्रिगेडियर शर्मा ने कहा कि शिक्षा प्राप्त कर आप किसी भी क्षेत्र में कार्य करते हुए देश के विकास में सहभागी बन सकते हैं। योग्य शिक्षक तथा प्रेरणास्पद पुस्तक से बड़ी प्रेरणा और कोई नहीं हो सकती। प्रत्येक सफल व्यक्ति के बारे में पढ़ते समय उसके संघर्ष के बारे में जरूर जानें। राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने शिक्षकों से आव्हान किया कि वे अपने विद्यार्थियों के मन में देश प्रेम की भावना जाग्रत करें। ब्रिगेडियर शर्मा ने कहा कि रक्षा के क्षेत्र में भी रोजगार के पर्याप्त अवसर हैं। सेना में महिलाएं उत्साहपूर्वक शामिल हो रही हैं। सभी छात्र-छात्राएं अपना लक्ष्य निर्धारित करते हुए स्व अनुशासन एवं फिजिकल फिटनेस पर ध्यान दें। ब्रिगेडियर शर्मा ने अपने संबोधन के दौरान वीरगाथा-3 अभियान, अग्निवीर योजना आदि के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर उत्कृष्ट विद्यालय में सेना के शस्त्रों का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम में सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया।

खनिज का अवैध परिवहन करते 2 वाहन जब्त
मंडला 6 अक्टूबर 2023
खनिजों के अवैध उत्खनन परिवहन तथा भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम हेतु मध्यप्रदेश शासन खनिज साधन विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर मण्डला के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन तथा अवैध भण्डारण के विरुद्ध सतत् रूप से कार्यवाहियां की जा रही है। इसी परिपेक्ष्य में 6 अक्टूबर को थाना निवास अंतर्गत एक वाहन ट्रेक्टर एमपी 51 एए 3787 एवं एक अन्य वाहन 709 क्रमांक एमपी 51 जी 1406 खनिज गिटटी के अवैध परिवहन की गतिविधि में संलिप्त पाए जाने के कारण खनिज विभाग द्वारा जब्त किया गया।
उक्त दोनों वाहनों को जप्त कर शासकीय अभिरक्षा में संबंधित थाना निवास की सुपुर्दगी में दिया गया। उक्त वाहनों के विरूध म०प्र० खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत् प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय प्रेषित किया जा रहा है।

मां दुर्गा के 52 वें स्थापना वर्ष श्री सिद्ध दुर्गोत्सव समिति करेंगे भव्य आयोजन
मण्डला। मां दुर्गा के 52 वें स्थापना वर्ष को अति आकर्षक बनाने के लिए इस वर्ष श्री सिद्ध दुर्गोत्सव समिति द्वारा अनेक भव्य आयोजन किए जा रहे है। समिति के कार्यकारी अध्यक्ष नीतेश पटैल ने बताया है कि नवरात्र में प्रत्येक दिन अनेक प्रकार की धार्मिक कार्यक्रम होंगे जो जनमानस के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगा। बच्चों और वयस्कों को भक्ति से जोडऩे और उनमें प्राचीन देवी देवताओं के कार्य जैसे रक्तबीज का वध, हनुमान जी की चलित झांकी जिसमें सुरसा नामक राक्षस के साथ युद्ध आदि का संजीव शो होगा। इसके बाद मां दुर्गा जी का अलौकिक दर्शन वह भी अनेक लाईट, साउंड, शंख, नगाड़े, ढोल व शहनाई विभिन्न वाद्ययंत्र युक्त आवाज से किया जायेगा। मां दुर्गा की प्रतिमा की ऊंचाई लगभग 14 फिट बताई जा रही है जो अलौकिक है। अनेक आकर्षक जैसे महाराष्ट्र के कलाकारों द्वारा निर्मित भव्य पंडाल जिसमें रक्त बीज के वध की चलित झांकी लाइट व साउंड के साथ संपूर्ण नवरात्र माता रानी के अलौकिक दर्शन होंगे। शोभायात्रा के मुख्य आकर्षण माता रानी की आकर्षक झांकी, महाराष्ट्र का फेमस ढोल 40 कलाकारों के साथ, आकर्षक साउंड और लाइट सहित छत्तीसगढ़ के पुरस्कार प्राप्त आदिवासी कि कलाकारों द्वारा 108 बाना छेदन दल का चल समारोह, हरियाणा के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भव्य तांडव नृत्य, उत्तर प्रदेश के कलाकारों द्वारा सजीव श्री हनुमत एवं माता जी की सुंदर झांकी ब्रास बैंड अनेक कलाकारों के साथ होगा। इस तरह 251 कन्या पूजन व विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया है। इस आयोजन में समस्त धर्मप्रेमियों का सहयोग प्राप्त हुआ है। यह आयोजन से दर्शकों, बच्चों और युवाओं के मन में पुरातन देवताओं का इतिहास दोहराया जायेगा । संपूर्ण आयोजन में समिति सभी श्रृद्धालुओं से दर्शन के लिए आमंत्रित करती है।

