विधानसभा आम निर्वाचन-2023
स्वीप गतिविधियों में सभी विभाग सहभागिता करें – डॉ. सिडाना
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मंडला 25 अक्टूबर 2023
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि जिले में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित स्वीप गतिविधियों में सभी विभाग अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। ग्राम स्तर तक नवाचार करते हुए मतदाताओं को नैतिक मतदान के लिए प्रेरित करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, सीएल वर्मा, हुनेन्द्र घोरमारे सहित संबंधित उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी, कर्मचारी आदर्श आचरण संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। सौंपे गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें। एफएसटी एवं एसएसटी की टीमें संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। कोलाहल अधिनियम का सख्ती से पालन कराएं। उन्होंने मतदान केन्द्रों में मूलभूत सुविधाओं के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। डॉ. सिडाना ने कहा कि सभी अधिकारी टीएल के प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए उनका निर्धारित समयावधि में समुचित निराकरण करें। मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत अक्टूबर माह के खाद्यान्न का उठाव अगले 3 दिवस में पूर्ण करें। गिरदावरी के कार्य को समय में पूर्ण करें। इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने बरेला-मंडला, जहरमऊ-इंद्री आदि सड़कों के निर्माण की कमजोर प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में गति लाने के निर्देश दिए।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
निर्वाचन को निष्पक्ष रूप से संपादित कराने में माईक्रो ऑब्जर्वर्स की भूमिका महत्वपूर्ण – डॉ. सिडाना
माईक्रो ऑब्जर्वर्स का प्रथम प्रशिक्षण सम्पन्न
मंडला 25 अक्टूबर 2023
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूरी चुनाव प्रकिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के दौरान जिले में माईक्रो आब्जर्वर भी तैनात किये जा रहे हैं, जिनका प्रथम प्रशिक्षण रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला में आयोजित किया गया। प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि निर्वाचन को निष्पक्ष रूप से संपादित कराने में माईक्रो ऑब्जर्वर्स की भूमिका महत्वपूर्ण होती है, जिन्हें निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी होना आवश्यक है। प्रशिक्षण में माईक्रो आब्जर्वर अपने कार्यों एवं गतिविधियों का विस्तृत प्रशिक्षण हासिल कर दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करें। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कहा कि चुनाव की प्रकिया में सारे निर्देश और कार्यवाहियां लिखित स्वरूप में है। माइक्रो आब्जर्वर किसी मतदान दलों की कार्यवाही में दखल दिये बगैर सुपरविजन का कार्य करेंगे और विधि और सम्यक रुप से हो रही मतदान प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। माइक्रो आब्जर्वर्स को मतदान की प्रक्रिया की जानकारी से पूरी तरह दक्ष होना आवश्यक है। ताकि वे आवश्यक पड़ने पर मार्गदर्शन और सहयोग भी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र में होने वाली विशेष गतिविधियों एवं भेजी जाने वाली संक्षिप्त जानकारी सीधे प्रेक्षक को भेजेगें। प्रशिक्षण मंे जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ. टीपी मिश्रा एवं डॉ. एसके श्रीवास्तव ने माईक्रो आब्जर्वर्स को उनके दायित्व, कार्यविधियां तथा मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण दिया।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
मतदाताओं को प्रेरित करने जागरूकता वाहन रवाना
कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी
मंडला 25 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत प्रत्येक मतदाता को नैतिक मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, उप संचालक कृषि मधुअली, परियोजना संचालक आत्मा आरडी जाटव तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी संबंधित उपस्थित रहे। यह जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न ग्रामों में भ्रमण करते हुए लोगों को जाति, धर्म एवं प्रलोभनों से बचते हुए नैतिक एवं अनिवार्य मतदान के लिए प्रेरित करेगा। वाहन में मतदाता जागरूकता संबंधी पोस्टर्स के साथ-साथ ध्वनि विस्तारक यंत्र भी लगाए गए हैं जिसमें जिला स्तर से तैयार किए गए मतदाता जागरूकता के गीत बजाए जाएंगे।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
मतदाताओं को जागरूक करने निकली ऑटो रैली
सीईओ जिला पंचायत ने दिखाई हरी झंडी
मंडला 25 अक्टूबर 2023
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत् मतदाताओं को नैतिक मतदान के लिए प्रेरित करने जिला मुख्यालय में ऑटो रैली का आयोजन किया गया। सिटी कोतवाली से प्रारंभ हुई इस रैली को सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली रेडक्रॉस, तहसील तिराहा, चिलमन चौक, बस स्टेंड, लालीपुर, बिंझिया, नेहरूस्मारक होते हुए बैगा-बैगी चौक में संपन्न हुई।

रैली में सम्मिलित सभी ऑटो में मतदाता जागरूकता अभियान से संबंधित बैनर एवं स्टीकर लगाए गए थे। साथ ही मतदाताओं को प्रेरित करने जिला स्तर से तैयार किए गए गाने भी बजाए जा रहे थे। रैली में शामिल लोगों द्वारा नारे लगाते हुए आमजन से भय एवं प्रलोभन से मुक्त होकर नैतिक मतदान की अपील की गई। इस दौरान सहायक कलेक्टर रवि सिहाग, उप संचालक कृषि मधुअली, जिला परिवहन अधिकारी रमा दुबे, यातायात प्रभारी योगेश राजपूत, परियोजना संचालक आत्मा परियोजना आरडी जाटव, पंकज वर्मा सहित संबंधित उपस्थित रहे।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
25 अक्टूबर को एक अभ्यर्थी ने भरा नामांकन
मंडला 25 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के तहत 25 अक्टूबर को जिले में एक अभ्यर्थी द्वारा नामांकन प्रस्तुत किया गया है। इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 106 निवास विधानसभा क्षेत्र से इंडियन नेशनल काँग्रेस के चैनसिंह वरकड़े द्वारा आवेदन पत्र प्रस्तुत किया गया है। आज बिछिया तथा मंडला विधानसभा में एक भी अभ्यर्थी द्वारा नामांकन पत्र प्रस्तुत नहीं किए गए। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2023 नियत है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
नेटवर्क की व्यवस्था हेतु बैठक आज
मंडला 25 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 को दृष्टिगत रखते हुए शेडो एरिया के मतदान केन्द्रों में नेटवर्क की व्यवस्था हेतु 26 अक्टूबर 2023 को प्रातः 10:30 बजे से कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई है। संबंधितों को बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
19 लाख रूपए की प्रचार सामग्री जब्त
जारगी में एफएसटी एवं एसएसटी की कार्यवाही
मंडला 25 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 को सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से गठित फ्लाइंग स्कॉट तथा स्थैतिक निगरानी टीम द्वारा क्षेत्रों का लगातार भ्रमण तथा चैकपोस्ट के माध्यम से निरीक्षण एवं निगरानी का कार्य करते हुए लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम जारगी में वाहन क्रं. एमपी 04 जीबी 9061 की तलाशी लेने पर साड़ी, टी-शर्ट एवं थैला आदि की बोरियाँ जब्त की गई, जिनकी कीमत लगभग् 19 लाख 87 हजार 500 रूपए आंकी गई है। संबंधित अधिकारियों द्वारा सामग्री जब्त कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
मतदान अधिकारी क्रं.-2 का प्रशिक्षण संपन्न
मंडला 25 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत उत्कृष्ट विद्यालय तथा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रं.-2 में मतदान अधिकारी नंबर 2 का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा संबंधितों को ईव्हीएम मशीन के संचालन, मतदान कक्ष की व्यवस्था, मॉकपोल, सीलिंग प्रक्रिया तथा मतदान अधिकारी क्रं. 2 के दायित्वों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुए संबंधितों को निर्वाचन के कार्य को गंभीरतापूर्वक संपादित करने की समझाईश दी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में बतलाई गई बातें मतदान के दिन बहुत ही मददगार साबित होती हैं। सभी प्रशिक्षणार्थी मतदान की प्रक्रिया और अपने दायित्वों को बेहतर ढंग से समझें तथा अपनी शंकाओं का समाधान भी प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त करें। इस दौरान सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग सहित संबंधित उपस्थित रहे।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
कलेक्टर ने किया जिला कंपलेंट सेल एवं सी-विजिल कंट्रोल रूम का निरीक्षण
मंडला 25 अक्टूबर 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के तहत स्थापित जिला कंपलेंट सेल एवं सी-विजिल कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने सी-विजिल, एनजीआरएस पोर्टल सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों तथा उन पर की गई कार्यवाही के संबंध में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिले तथा विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं में स्थापित किए गए चैकपोस्टों में की जा रही कार्यवाही का भी सीसीटीव्ही के माध्यम से अवलोकन किया। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह एवं सीएल वर्मा सहित संबंधित उपस्थित रहे।

एसएसटी दल द्वारा की गई कार्यवाही
1 लाख 36 हजार 500 रूपये नगदी जब्त
मंडला 25 अक्टूबर 2023
एसएसटी टीम क्रमांक 2 चैक पोस्ट सांई ढाबा बालाघाट सिवनी तिराहा नैनपुर में चैकिंग के दौरान एक वाहन क्रमांक एमपी 15 एफएफ 5941 ग्रे रंग की फिएट कंपनी की पुंटो कार जो नागपुर सिवनी तरफ से मण्डला आ रही थी जिसे चैकपोस्ट दल द्वारा रोककर चैक किया गया। दौरान चैकिंग के गाड़ी में धीरज बोरकर उम्र 49 वर्ष निवासी शांति नगर थाना लकड़गंज जिला नागपुर के कब्जे में एक लाल महरून कलर का बैग मिला जिसे चैक करने पर एक सफेद कागज का बंडल लिपटा मिला जो शंका होने पर उसे चैक किया गया जिसमें नगदी 1 लाख 36 हजार रूपये मिले। उक्त राशि को रखने लाने ले जाने के संबंध में वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया जो मौके पर किसी प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत नही किया गया उक्त कार्य म. प्र. विधान सभा चुनाव 2023 आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन होना पाये जाने से एसएसटी दल क्रमांक 02 नैनपुर के व्दारा जप्त किया गया है।
उक्त कार्य में सहायक उपनिरीक्षक कृषि उपज मंडी गोपाल प्रसाद नीलवंशी सहायक उपनिरीक्षक शिवशंकर सिंह थाना नैनपुर, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी बीर सिंह टेकाम एवं आर 6 सुरेश जैतवार, आर 358 गोविंद कुमरे का विशेष योगदान रहा।

