विधानसभा आम निर्वाचन-2023
प्रत्येक मतदाता को जागरूक करने निकाली गई स्वीप साइकिल रैली
दिया नैतिक मतदान का संदेश
मंडला 31 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 में शतप्रतिशत मतदान के उद्देश्य को लेकर जिले में मतदाता जागरूकता संबंधी विविध स्वीप गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी विधानसभा तथा ग्राम स्तर पर स्वीप साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय में यह रैली कलेक्ट्रेट से प्रारंभ होकर बैगा-बैगी, चिलमन चौक, बस स्टेंड, लालीपुर, चिलमन चौक, बड़ चौराहा, उदय चौक, जिला चिकित्सालय, रानी अवंती बाई स्कूल, जनपद पंचायत मंडला होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में संपन्न हुई। रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।

साइकिल चलाकर कलेक्टर, एसपी ने बढ़ाया उत्साह
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत निकाली गई इस साइकिल रैली में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग सहित अन्य अधिकारियों ने साइकिल चलाते हुए रैली में सम्मिलित प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। साइकिल रैली के दौरान प्रतिभागियों ने विधानसभा आम निर्वाचन 2023 में 17 नवंबर को अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने साइकिल में मतदाता जागरूकता से संबंधित बैनर, पोस्टर लगाए हुए थे। रैली में जिला स्तर पर तैयार किए गए मतदाता जागरूकता संबंधी गीत बजाए जा रहे थे।

ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर लालशाह जगेत, उप संचालक कृषि मधु अली, सहायक संचालक महिला बाल विकास रोहित बड़कुल, ख्यातिलब्ध गायक श्याम बैरागी, कार्यपालन यंत्री पीएचई मनोज भास्कर, प्राचार्य रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय वीरेन्द्र चौरसिया, मुख्य नगरपालिका अधिकारी गजानंद नाफड़े, जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी वरकड़े, मास्टर ट्रेनर श्रीकांत श्रीवास्तव, बीईओ मंडला कल्पना नामदेव, प्राचार्य हाईस्कूल बिंझिया मुकेश पाण्डेय, अखिलेश उपाध्याय सहित संबंधित उपस्थित थे।
कलेक्टर ने दिलाई ’एकता दिवस’ की शपथ
मंडला 31 अक्टूबर 2023
31 अक्टूबर ’राष्ट्रीय एकता दिवस’ के अवसर पर सभी शासकीय कार्यालयों में एकता दिवस की शपथ दिलाई गई। सरदार पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई ’एकता शपथ’। इस दौरान अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद कुमार सिंह, सीएल वर्मा, हुनेन्द्र घोरमारे सहित संबंधित उपस्थित रहे।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
कलेक्टर ने की उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा
मंडला 31 अक्टूबर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सत्यापन की कार्यवाही जल्द पूर्ण करें।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि खरीदी केन्द्रों के निर्धारण से पूर्व गोदामों में रिक्त स्थानों का सत्यापन कराएं। उपार्जन केन्द्र के लिए गोदाम के नजदीक के स्थलों को प्राथमिकता प्रदान करें। उपार्जन केन्द्र और भंडारण केन्द्र में दूरी कम रखें। उपार्जनकर्ता समिति तथा स्व-सहायता समूह की पात्रता की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करें। उपार्जन के संबंध में कम्प्यूटर ऑपरेटर्स का प्रशिक्षण कराएं। कलेक्टर ने फर्टिलाइजर्स की मांग एवं उपलब्धता की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, संयुक्त कलेक्टर सीएल वर्मा, उपसंचालक कृषि मधु अली सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
सामान्य प्रेक्षकों ने निर्वाचन कार्यालय का किया निरीक्षण
मंडला 31 अक्टूबर 2023
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मंडला जिले के नियुक्त सामान्य प्रेक्षक शाह नवाज चौधरी एवं ओइनम सरनकुमार सिंह ने आज निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण करते हुए तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित जिला कंपलेंट सेल एवं सी-विजिल कंट्रोल रूम पहुंचे तथा सी-विजिल के माध्यम से फ्लाइंग स्क्वायड टीम एवं स्थैतिक निगरानी टीम की मॉनिटरिंग के संबंध में जानकारी लेते हुए शिकायतों तथा निराकरण की जानकारी ली। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने जिले के फ्लाइंग स्क्वायड टीम एवं स्थैतिक निगरानी टीम द्वारा वर्तमान में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को संबंधित लोकेशन के टीम के पास फॉरवर्ड कर दिया जाता है जिसका निराकरण संबंधित एफएसटी करती हैं। इसके पश्चात प्रेक्षकों ने जिला निर्वाचन कार्यालय की पोस्टल बेलेट, मतदान सामग्री वितरण की तैयारी सहित अन्य शाखाओं का भ्रमण किया तथा निर्वाचन के संबंध में की जा रही तैयारियों का अवलोकन करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, हुनेन्द्र घोरमारे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस आज
मंडला 31 अक्टूबर 2023
1 नवंबर को मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रातः 9 बजे कलेक्टर द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मध्यप्रदेश गान किया जाएगा।

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर शासकीय भवनों पर होगी रोशनी
मण्डला 31 अक्टूबर 2023
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार 1 नवंबर को समस्त शासकीय भवनों में रोशनी की जाएगी। इस संबंध में जिले के समस्त विभाग प्रमुखों को एक नवम्बर मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर अपने-अपने कार्यालय में रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए हैं।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन पर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश
मंडला 31 अक्टूबर 2023
नामांकन भरते समय काफिले में बिना वैध अनुमति के 2 वाहन पाए जाने पर मंडला विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफीसर द्वारा इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी के अभ्यर्थी डॉ. अशोक मर्सकोले को जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार 30 अक्टूबर को नामांकन भरते समय डॉ. अशोक मर्सकोले के काफिले में बोलेरो वाहन एमपी 20 जेडएस 7793 तथा एमपी 19 बीबी 1357 शामिल थे। उक्त दोनों वाहनों में पार्टी का झंडा लगा होना पाया गया। साथ ही वाहनों की विंड स्क्रीन पर अनुमति से संबंधित परमिट, अभिलेख चस्पा होना नहीं पाया गया। संबंधित को एक नवंबर को 11 बजे रिटर्निंग ऑफीसर के कार्यालय में उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा हेतु प्रभारी नियुक्त
मंडला 31 अक्टूबर 2023
परीक्षा नियंत्रक म.प्र. लोक सेवा आयोग, इंदौर द्वारा जिले में राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2023, 17 दिसंबर 2023 दिन रविवार को आयोजित की जा रही है। परीक्षा के सफल संचालन हेतु अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह को परीक्षा प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
मतदान अधिकारी-कर्मचारियों का द्वितीय प्रशिक्षण 2 नवंबर से
मंडला 31 अक्टूबर 2023
म.प्र. राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल द्वारा दिए गए निर्देशानुसार विधानसभा आम निर्वाचन-2023 हेतु जिला मंडला के विधानसभा क्षेत्र क्रं. 105 बिछिया, 106 निवास तथा 107 मंडला में निर्वाचन कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु मतदान अधिकारियों/कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सर्व संबंधित का द्वितीय प्रशिक्षण 2, 4 तथा 5 नवंबर 2023 को उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडला में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण 2 पालियों में आयोजित होगा। प्रथम पाली प्रातः 10:30 बजे से 1:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से अपरान्ह 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।

खाद्य पदार्थों के सेम्पल जांच के लिए भेजे गए
मंडला 31 अक्टूबर 2023
आगामी दीपावली त्यौहार के मद्देनजर खाद्य पदार्थों पर विशेष निगरानी रखने एवं आम उपभोक्ताओं को स्वास्थ्यप्रद एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्धता हेतु जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन मंडला के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम हेतु खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान विशेष रूप से दीपावली त्यौहार में उपभोक्ताओं द्वारा अधिक उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों जैसे दूध एवं दूध से निर्मित खाद्य पदार्थ, मिठाईयां, घी, तेल, मसाले, नमकीन ड्रायफ्रूट्स, चॉकलेट, बिस्किट, सेलीब्रेशन पैक आदि खाद्य पदार्थों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। मिलावट को शंका के आधार पर नमूना लेकर जाँच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भिजवाये जा रहे हैं। दीपावली त्यौहार को देखते हुये मंडला स्थित माँ नर्मदा गृह उद्योग देवदरा से खोवा बेस्ड स्वीट्स, ओम किराना से लाल मिर्च पाउडर, अग्रवाल किराना से बटर कुकीज, नवीन किराना से ड्रायफ्रूट्स, मां रेवा किराना से ड्रायफ्रूट्स नमूने लिये गये। एफएसएसएआई निर्देशानुसार नेशनस डेयरी डेबलपमेंट बोर्ड की टीम के साथ जय हिन्द डेयरी से दूध, पनीर, दही, घी के नमूने एवं गायत्री डेयरी से दूध, दही, गुप्ता स्वीट्स से खोवा, स्मार्ट प्वाइंट से बटर, घी के सर्विलेंश नमूने लिये गये। निर्मित एवं संग्रहित होने वाले खाद्य पदार्थों के उचित रख रखाव एवं निर्मित मिठाइयों में बेस्ट बिफोर डेट अंकित करने हेतु खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्देश दिए गए। जिले के सभी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रो में कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
’आओ सजाएं अपना मतदान केन्द्र’ के तहत
गोंड़ी पेंटिंग के माध्यम से की गई बूथों की साज-सज्जा
मंडला 31 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला स्तर पर विविध प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में स्वीप गतिविधियों के तहत जिले में ’आओ सजाएं अपना मतदान केन्द्र’ की महत्वपूर्ण गतिविधि आयोजित की जा रही है जिसके तहत मतदान केन्द्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के साथ-साथ उन्हें आकर्षक रूप से सुसज्जित किया जा रहा है।

’आओ सजाएं अपना मतदान केन्द्र’ गतिविधि के तहत जिले के वनांचल के ग्राम किसली-भिलवानी तथा भरवेली के मतदान केन्द्रों की दीवार पर खूबसूरत गोंड़ी पेंटिंग के जरिए मतदाताओं को प्रेरित किया जा रहा है। गोंड़ी पेंटिंग के साथ-साथ दीवारों पर मतदाता जागरूकता संबंधी नारा-लेखन भी किया गया है। मतदान केन्द्र के नव स्वरूप को देखकर मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह प्रदर्शित हो रहा है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
कलेक्टर ने की रूटचार्ट, कम्यूनिकेशन प्लान तथा वेलफेयर मैनेजमेंट की समीक्षा
मंडला 31 अक्टूबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन 2023 की तैयारियों के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने रूटचार्ट, कम्यूनिकेशन प्लान तथा वेलफेयर मैनेजमेंट आदि की तैयारियों के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। रूटचार्ट की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मतदानकर्मियों को सामग्री वितरण स्थल तक लाने के लिए जनपद स्तर पर वाहनों की व्यवस्था करें। उन्होंने मतदानकर्मियों के रूकने तथा सामग्री वितरण स्थल से मतदान केन्द्र तक जाने की व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। कम्यूनिकेशन प्लान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों से बेहतर संपर्क सुनिश्चित करें। शेडो एरिया के लिए सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करें। इसी प्रकार वेलफेयर मैनेजमेंट के संबंध में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी मतदान केन्द्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, संयुक्त कलेक्टर अरविंद कुमार सिंह, सीएल वर्मा हुनेन्द्र घोरमारे सहित संबंधित उपस्थित थे।

4 ढ़ाबों से घरेलू गैस सिलेंडर जब्त
मंडला 31 अक्टूबर 2023
कलेक्टर के निर्देशन एवं जिला आपूर्ति अधिकारी मण्डला के नेतृत्व में खाद्य विभाग के जांच दल द्वारा संयुक्त रूप से होटल प्रतिष्ठानों की जांच की गई। औचक निरीक्षण के दौरान 4 प्रतिष्ठानों जायसवाल ढ़ाबा, जिनांश ढ़ाबा, बासू ढ़ाबा तथा परिहार ढ़ाबा में घरेलू गैस सिलेण्डर का व्यावसायिक दुरूपयोग किया जाना पाया गया। उक्त प्रतिष्ठानों से कुल 6 नग घरेलू गैस सिलेण्डर, रेगूलेटर, पाईप एवं चूल्हा की जब्ती पत्रक अनुसार जब्त कर प्रकरण बनाए गए हैं। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत उक्त कार्यवाही की गई है।

