विधानसभा आम निर्वाचन-2023
निर्वाचन कार्य में संलग्न अधिकारी-कर्मचारी डाक मतपत्र से करेंगे मतदान
कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा
मंडला 7 नवंबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत निर्वाचन एवं मतदान कार्य में लगे अधिकारी, कर्मचारी डाक मतपत्र से अपना मतदान करेंगे। निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर संबंधित अधिकारी, कर्मचारी डाक मतपत्र से मतदान कर सकेंगे। डाक मतपत्र से मतदान के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रं. 2 मंडला में विधानसभावार मतदान केन्द्र बनाए जा रहे हैं। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रं. 2 मंडला का निरीक्षण करते हुए तैयारियों का जायजा लिया। उन्हांेने निर्देशित किया कि विधानसभावार कक्षों का निर्धारण करते हुए उनमें कक्ष क्रं. सहित अन्य आवश्यक सूचनाएं अंकित कराएं। मतदान करने आने वाले कर्मचारियों की सहायता के लिए सुविधा कक्ष सह सहायता केन्द्र स्थापित करें। डाक मतपत्र से मतदान कराने के लिए बनाए गए मतदान दल के सदस्यों का प्रशिक्षण करें। पूरी प्रक्रिया की प्रोटोकॉल के अनुसार वीडियोग्राफी कराएं। कलेक्टर ने केन्द्र में बिजली, पानी, शौचालय सहित अन्य सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, एसडीएम नैनपुर जेपी यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
ईव्हीएम व्हीव्हीपेट का द्वितीय रेंडमाईजेशन संपन्न
मंडला 7 नवंबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन एवं व्हीव्हीपेट का द्वितीय रेंडमाईजेशन रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा किया गया। कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में संपन्न हुए रेंडमाईजेशन में मंडला एवं निवास विधानसभा के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक शाह नवाज चौधरी, बिछिया विधानसभा के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक ओइनम सरनकुमार सिंह, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, जिला सूचना अधिकारी मधु मिश्रा सहित अभ्यर्थी अथवा उनके अभिकर्ता तथा विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मतदाता जागरूकता के लिए “रन फॉर वोट” आज
सुबह 7:30 बजे स्टेडियम से होगी शुरू
मंडला 7 नवंबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 में शतप्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में विविध स्वीप गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला मुख्यालय में बुधवार 8 नवंबर 2023 को सुबह 7:30 से रन फॉर वोट का आयोजन किया जा रहा है। रन फॉर वोट महात्मा गांधी स्टेडियम से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए संपन्न होगी। सीईओ जिला पंचायत एवं नोडल अधिकारी स्वीप श्रेयांश कूमट ने स्थानीय लोगों से रन फॉर वोट में सहभागिता करने का आग्रह किया है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
केंद्रीय विद्यालय मंडला में हुआ विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण
मंडला 7 नवम्बर 2023
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मंडला में 6 से 7 नवंबर 2023 को ‘स्वस्थ छात्र स्वस्थ भारत’ अभियान के अंतर्गत जिला कलेक्टर एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष डॉ. सलोनी सडाना भा.प्र.से के निर्देशन में विभिन्न चिकित्सकों ने छात्र-छात्राओं का सम्पूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किया। कुछ छात्रों में नेत्र रोग, दंत समस्याएं रक्त की कमी आदि समस्याएं पाई गई। विद्यालय प्रशासन संबंधित छात्र-छात्राओं की बीमारियों को उनके अभिभावकों को अवगत कराकर उनमें जागरूकता फैला रहा है।

केंद्रीय विद्यालय प्रशासन द्वारा वर्ष में दो बार विद्यालय में अध्यनरत छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य का परीक्षण करवाया जाता है। दो दिन तक चले इस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में जिला चिकित्सालय के शिशु रोग विशेषज्ञ, नेत्र चिकित्सक, महिला रोग चिकित्सक, दंत चिकित्सक, नर्सिंग स्टॉफ एवं स्वास्थ्य कार्यकर्त्ता (लैब टेक्निशियन, एएनएम, आशा कार्यकर्त्ता एवं अन्य) द्वारा छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने कुछ छात्र-छात्राओं में रक्त की कमी, दाँतों की समस्या एवं नेत्र संबंधी सामान्य बीमारियां पाई।

विद्यालय के प्राचार्य उपेंद्र कुमार ने बताया कि सम्पूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण में छात्रों का वजन मापन, लंबाई मापन, हीमोग्लोबिन परीक्षण, नेत्र परीक्षण, दंत परीक्षण का मेडिकल रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जा रहा है। विद्यालय में पंजीकृत 665 छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। छात्र-छात्राओं में स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान जो भी बीमारियां चिन्हित की गई। उन्हें उनके अभिभावकों को बताकर उनके स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर प्रियंका शर्मा, हंसराज मीणा, वैभव मोगरे सहित विद्यालय स्टॉफ उपस्थित रहा।

लिपिक वर्गीय कर्मचारियों का लेखा प्रशिक्षण सत्र 1 दिसंबर से
22 नवंबर तक जमा किए जा सकेंगे आवेदन
मंडला 7 नवंबर 2023
शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला जबलपुर में संभाग के समस्त शासकीय कार्यालयों के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के लिये लेखा प्रशिक्षण का नवीन सत्र 1 दिसंबर 2023 से प्रारंभ हो रहा है। नवीन सत्र में संभाग के समस्त कार्यालय प्रमुखों के अधीन कार्यरत नियमित लिपिक वर्गीय कर्मचारी जिन्होंने सहायक ग्रेड-3 के पद पर एक वर्ष की लगातार सेवा पूरी कर ली हो, म.प्र. शासन सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार सहायक ग्रेड-3 के पद पर नियुक्ति हेतु उल्लेखित अनिवार्य अर्हता रखते हों, प्रशिक्षण हेतु पात्र होंगे। इसके लिए आवेदन पत्र 22 नवंबर 2023 की शाम 5 बजे तक जबलपुर कार्यालय में जमा किये जा सकेंगे। प्रशिक्षण शासकीय कर्मचारियों के लिये निःशुल्क है एवं अर्धशासकीय, निगम, मंडल एवं निकाय के कर्मचारियों को म.प्र. शासन द्वारा निर्धारित प्रशिक्षण शुल्क 2 हजार रूपए का चालान सत्र में प्रवेश होने पर अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
अवैध परिवहन करते 4 वाहन जब्त
मंडला 7 नवंबर 2023
खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम के लिए खनिज साधन विभाग द्वारा लगातार कार्यवाहियों की जा रही हैं। जिले की थाना कोतवाली मंडला तथा पुलिस चौंकी पिंडरई के अंतर्गत पिछले 3 दिनों में 2 ट्रेक्टर सहित 4 वाहनों को जब्त किया गया है। जब्त किए गए वाहनों में बिना नंबर के ट्रेक्टर इंजन ई 3716237 मय ट्राली क्रमांक एमपी 51 एए 1917 तथा बिना नंबर के ट्रेक्टर इंजन नं. ई 3720408 को जब्त किया गया है। इसी प्रकार डम्फर क्रमांक एमपी 51 जी 0286, वाहन 709 क्रमांक एमपी 51 जी 0568 को भी अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया है। संबंधित वाहनों को जब्त कर शासकीय अभिरक्षा में मध्यप्रदेश खनिज नियम अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण 2022 के तहत कलेक्टर न्यायालय को प्रेषित किया जा रहा है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
632 लीटर शराब जब्त
मंडला 7 नवंबर 2023
विधानसभा निर्वाचन 2023 से संबंधित सी-विजिल मोबाईल ऐप के इलेक्शन सीजर मेंनेजमेंट सिस्टम (ईएसएमएस) द्वारा आबकारी विभाग एवं एएसएसटी टीम के माध्यम से आज 632 लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 63 हजार 200 रूपए है। जिला कॉन्टेक्ट सेल के एनजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी अब तक 164 शिकायत दर्ज की गई है जिनका निराकरण भी कर दिया गया है। इस तरह जिले के चारों तरफ चैकपोस्ट के माध्यम से एफएसटी एवं एसएसटी टीम द्वारा सतत निरीक्षण/निगरानी का कार्य किया जा रहा है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
12 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों में से
कोई एक भी दिखाकर मतदाता कर सकेंगे मतदान
मंडला 7 नवंबर 2023
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यदि किसी मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज है परंतु उसके पास मतदाता परिचय पत्र उपलब्ध नहीं है तो भी वह मतदाता परिचय पत्र के अलावा 12 वैकल्पिक फोटो युक्त दस्तावेज में से कोई एक दिखाकर मतदान कर सकता है।
इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार यदि किसी कारण से किसी नागरिक को मतदाता सूचना पर्ची प्राप्त नहीं होती है, लेकिन उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज है तो भी वह मतदान कर सकेगा। सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में सभी मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र जारी किया जा रहा है। जो मतदाता वोटर आईडी कार्ड प्रस्तुत करने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें अपनी पहचान स्थापित करने के लिए 12 वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान दस्तावेजों में से कोई एक दिखाना होगा। 12 वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान दस्तावेजों में आधार कार्ड, मनरेगा जॉबकार्ड, बैंक, डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के तहत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटो सहित पेंशन दस्तावेज, केंद्र, राज्य सरकार, पीएसयू, सार्वजनिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों, विधायकों, एमएलसी को जारी किए गए आधिकारिक पहचान पत्र और भारत सरकार के सामाजिक न्याय मंत्रालय द्वारा दिव्यांगजनों को जारी यूनिक डिसेबिलिटी आईडी शामिल है।

