मतदान दलों के लिए बेहतर व्यवस्था बनाएं – डॉ. सिडाना
समीक्षा बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मंडला 10 नवम्बर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के अंतर्गत वेलफेयर मैनेजमेंट की समीक्षा के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि सभी मतदान केन्द्रों में मतदान दलों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं बनाएं। मतदान केन्द्रों में सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों में बिजली, फर्नीचर, नहाने एवं पीने का पानी आदि की समुचित व्यवस्था रखें। प्रत्येक मतदान केन्द्र में टॉर्च, बाल्टी, मग, साबुन, तेल, कंघी, हेंडवॉस, टूथपेस्ट सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। मतदान दलों के लिए बिस्तर की व्यवस्था करें। साथ ही मच्छरों से बचने के इंतजाम रखें। शौचालय स्वच्छ एवं क्रियाशील रहें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों की भोजन व्यवस्था के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह एवं सीएल वर्मा सहित संबंधित उपस्थित रहे।

समाचार
अब तक 2994 निर्वाचन कार्यों में संलग्न अधिकारी, कर्मचारियों ने किया मतदान
मंडला 10 नवम्बर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के अंतर्गत जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए निर्वाचन कार्यों में संलग्न अधिकारी, कर्मचारियों ने डाकपत्र के माध्यम से अपने मतदान कर रहे हैं। निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारी, कर्मचारियों के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रं. 2 में मतदान केन्द्र बनाया गया है। अब तक निर्वाचन में संलग्न कुल 2994 अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक मतदान किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने केंद्र पहुँचकर मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया। मतदान में लगे अधिकारी-कर्मचारियों के लिए डाक मतपत्र से मतदान की प्रक्रिया 11, 13, 14 एवं 15 नवंबर को भी जारी रहेगी।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
समाचार
कलेक्टर ने लिया ईव्हीएम कमिशनिंग का जायजा
मंडला 10 नवंबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के अंतर्गत जिले के बिछिया, निवास एवं मंडला विधानसभा क्षेत्रों में मतदान में इस्तेमाल की जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की कमिशनिंग का कार्य शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मण्डला में संपन्न हुआ। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने पॉलीटेक्निक कॉलेज पहुंचकर ईव्हीएम की कमिशनिंग व सीलिंग कार्य का जायजा लिया। इस दौरान रिटर्निंग ऑफिसर, चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थी अथवा उनके प्रतिनिधि सहित संबंधित उपस्थित रहे।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
समाचार
कम मतदान वाले बूथों में निकाली गई वाहन रैली
मंडला 10 नवम्बर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिले में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मंडला जनपद पंचायत के अंतर्गत विगत चुनाव में कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों में विशेष रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगरपालिका सीमा से लगे ग्राम पंचायतों बिंझिया तथा देवदरा के बूथों में कम मतदान को लेकर लगातार घर-घर जाकर लोगों से मतदान करने की अपील की जा रही है। विगत दिवस बिंझिया तिराहा से एक वाहन रैली का भी आयोजन किया गया। दोपहिया तथा ऑटोरिक्शा में जागरूकता पोस्टर, स्टीकर लगाकर नारे लगाते हुए जनपद पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी तथा संबंधित ग्रामों के जागरूक मतदातागणों द्वारा तीनों ग्राम पंचायतों का भ्रमण किया गया। बिंझिया से प्रारंभ हुई वाहन रैली का समापन ग्राम पंचायत देवदरा में किया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मंडला रमेश मंडावी, पंचायत इंस्पेक्टर राजाराम मरावी, संबंधित पंचायतों के सचिव, रोजगार सहायक, बीएलओ सहित अन्य उपस्थित थे।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
1293.24 लीटर शराब जब्त
मंडला 10 नवंबर 2023
विधानसभा निर्वाचन 2023 से संबंधित सी-विजिल मोबाईल ऐप के इलेक्शन सीजर मैनेंजमेंट सिस्टम (ईएसएमएस) द्वारा आबकारी विभाग एवं एएसएसटी टीम के माध्यम से आज 1293.24 लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 33 हजार 850 रूपए है। जिला कॉन्टेक्ट सेल के एनजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी अब तक 170 शिकायत दर्ज की गई हैं जिनका निराकरण भी कर दिया गया है। इस तरह जिले के चारों तरफ चैकपोस्ट के माध्यम से एफएसटी एवं एसएसटी टीम द्वारा सतत निरीक्षण/निगरानी का कार्य किया जा रहा है।

