मतदान का प्रतिशत बढ़ाने मनाया गया दीपोत्सव
“आओ दीप जलाएँ, मतदान की अलख जगाएँ” थीम पर जलाए गए 11 हजार दीप
मंडला 9 नवम्बर 2023
प्रजातांत्रिक व्यवस्था में निर्वाचन के जरिए उम्मीदवारों का चयन करने में एक-एक मत महत्वपूर्ण होता है। जिले में ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं की सहभागिता और मतदान प्रतिशत को बेहतर करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जिलेभर में अनेक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गुरूवार को जिला मुख्यालय के रपटाघाट में “आओ दीप जलाएँ, मतदान की अलख जगाएँ” थीम पर दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मतदाता जागरूकता के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन द्वारा माँ नर्मदा के रपटाघाट में 11 हजार दीपों का प्रज्ज्वलन किया गया एवं आकाशदीप छोड़े गए। दीप प्रज्ज्वलन के दौरान रपटाघाट पर माँ नर्मदा का अद्भुत दृश्य आलोकित हुआ। दीपोत्सव के दौरान मंडला करेगा मतदान तथा जिले के स्वीप शुभंकर कानु की आकृति पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। कार्यक्रम स्थल पर मनमोहक रंगोलियाँ भी बनाई गई थी। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी, कर्मचारियों और आम नागरिकों को मतदान की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सामान्य प्रेक्षक शाहनवाज चौधरी एवं ओइनम सरनकुमार, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, सीएल वर्मा, उपसंचालक कृषि मधु अली, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी शारदा सिंह, प्राचार्य हाईस्कूल बिंझिया मुकेश पांडे, नगरपालिका सीएमओ गजानंद नाफड़े, उपयंत्री रूकसार अली सहित संबंधित उपस्थित थे।
समय निकालें, मतदान करें – कलेक्टर
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत् रपटाघाट में आयोजित दीपोत्सव के दौरान उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि मंडला जिले में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। इसलिए मतदान प्रतिशत में भी महिलाओं की भागीदारी अधिक होनी चाहिए। उन्होंने आव्हान किया कि सभी महिलाएं 17 नवम्बर को अपने घर के काम से थोड़ा समय निकालकर अनिवार्य रूप से मतदान करें। साथ ही अपने परिवार तथा पास-पड़ोस के लोगों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करें।

मतदान दिवस की सभी प्रक्रियाओं पर रहेगी पैनी नजर
माइक्रो ऑब्जर्वर का प्रशिक्षण संपन्न
मंडला 9 नवम्बर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के सुचारू क्रियान्वयन हेतु रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में माइक्रो ऑब्जर्वर का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। सामान्य प्रेक्षक शाहनवाज चौधरी एवं ओइनम सरनकुमार सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराना माइक्रोऑब्जर्वर की जिम्मेदारी है। माइक्रोऑब्जर्वर का कार्य प्रेक्षक के प्रतिनिधि के तौर पर मतदान केंद्र पर उपस्थित रहकर सभी प्रक्रियाओं को पर पैनी नज़र रखना हैं। मतदान केन्द्र में किसी प्रकार की प्रतिकूल परिस्थितियां संज्ञान में आने पर उन्हें तत्काल अवगत कराएं एवं निर्वाचन की सभी गतिविधियों की टाइमिंग निर्धारित प्रपत्र पर दर्ज करे।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में माईक्रो ऑब्जर्वर्स की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती हैं, जो निर्वाचन की संपूर्ण गतिविधियों पर नजर रखते हैं। माइक्रोऑब्जर्वर को मॉकपोल अपने समक्ष संपन्न कराना है। साथ ही मतदान प्रक्रिया, गोपनीयता, निष्पक्षता सहित अन्य बिन्दुओं पर चाही गई जानकारी निर्धारित समय में उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण में कुशल प्रशिक्षकों द्वारा मतदान दिवस की सारी प्रक्रियाओं की बारीकी से जानकारी दी गई तथा मतदान केन्द्र में बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, मास्टर ट्रेनर्स डॉ. टीपी मिश्रा एवं डॉ. श्रीकांत श्रीवास्तव सहित संबंधित उपस्थित रहे।

डाक मतपत्र से मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ
मंडला 9 नवम्बर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के अंतर्गत जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए निर्वाचन कार्यों में संलग्न अधिकारी, कर्मचारियों ने डाकपत्र के माध्यम से अपने मताधिकार का उपयोग किया। निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारी, कर्मचारियों के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रं. 2 में मतदान केन्द्र बनाया गया है। निर्वाचन में संलग्न कर्मियों ने उत्साहपूर्वक मतदान किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने केंद्र पहुँचकर मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया। मतदान में लगे अधिकारी-कर्मचारियों के लिए डाक मतपत्र से मतदान की प्रक्रिया 10, 11, 13, 14 एवं 15 नवंबर को भी जारी रहेगी।

कलेक्टर ने लिया ईव्हीएम कमिशनिंग का जायजा
मंडला 9 नवंबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के अंतर्गत जिले के बिछिया, निवास एवं मंडला विधानसभा क्षेत्रों में मतदान में इस्तेमाल की जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की कमिशनिंग का कार्य शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मण्डला में किया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने पॉलीटेक्निक कॉलेज पहुंचकर ईव्हीएम की कमिशनिंग व सीलिंग कार्य का जायजा लिया। इस दौरान रिटर्निंग ऑफिसर, चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थी अथवा उनके प्रतिनिधि सहित संबंधित उपस्थित रहे।

17 नवंबर को सामान्य अवकाश घोषित
मंडला 9 नवम्बर 2023
मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग भोपाल द्वारा विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के मतदान दिवस 17 नवंबर 2023 (शुक्रवार) को संपूर्ण मध्यप्रदेश में सामान्य अवकाश घोषित किया गया है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
314 लीटर शराब जब्त
मंडला 9 नवंबर 2023
विधानसभा निर्वाचन 2023 से संबंधित सी-विजिल मोबाईल ऐप के इलेक्शन सीजर मैनेंजमेंट सिस्टम (ईएसएमएस) द्वारा आबकारी विभाग एवं एएसएसटी टीम के माध्यम से आज 314 लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 41 हजार 900 रूपए है। जिला कॉन्टेक्ट सेल के एनजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी अब तक 170 शिकायत दर्ज की गई हैं जिनका निराकरण भी कर दिया गया है। इस तरह जिले के चारों तरफ चैकपोस्ट के माध्यम से एफएसटी एवं एसएसटी टीम द्वारा सतत निरीक्षण/निगरानी का कार्य किया जा रहा है।

