Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 18 दिसम्बर 2023

योजनाओं के लाभ से वंचित हितग्राहियों को

विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान पात्रतानुसार लाभान्वित करें – श्रेयांश कूमट

समय-सीमा की बैठक में प्रभारी कलेक्टर के निर्देश

मंडला 18 दिसम्बर 2023

                समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में सीईओ जिला पंचायत एवं प्रभारी कलेक्टर श्रेयांश कूमट ने निर्देशित किया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान विभिन्न योजनाओं से वंचित हितग्राहियों का चिन्हांकन करें तथा उन्हें पात्रतानुसार लाभान्वित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। ग्रामीणजनों को यात्रा के उद्देश्य तथा निर्धारित तिथि के संबंध में जानकारी प्रदान करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन एवं रवि कुमार सिहाग, समस्त एसडीएम तथा सभी विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

श्री कूमट ने निर्देशित किया कि भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन राज्य सरकार की सहभागिता से किया जाता है। अतः विकसित भारत संकल्प यात्रा में सभी विभागों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने विकसित भारत संकल्प यात्रा के रूटचार्ट, पोर्टल एंट्री आदि के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। टीएल प्रकरणों की समीक्षा करते हुए प्रभारी कलेक्टर श्रेयांश कूमट ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी इन प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गंभीरतापूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें। इसी प्रकार सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों को भी प्राथमिकता प्रदान करें। स्कूल, आंगनवाड़ी एवं छात्रावास सहित शासकीय जमीनों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें। मध्यान्ह भोजन का उठाव समय पर पूर्ण करें। उपार्जन में धान की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। नलजल योजनाओं के रखरखाव पर ध्यान दें। न्यायालयीन प्रकरणों का समय पर जवाब प्रस्तुत करते हुए कलेक्ट्रेट में जानकारी उपलब्ध कराएं। सड़क, स्कूल, आंगनवाड़ी आदि के निर्माण कार्यों में गति लाएं। कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखें। उन्होंने उपार्जन केन्द्रों में उपलब्ध सुविधा, बारदानों की उपलब्धता, परिवहन आदि के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।

कहीं भी बोरवेल खुले न रहें

बैठक में राजस्व, पीएचई तथा स्थानीय निकाय के अधिकारियों को निर्देशित किया किया गया कि उनके क्षेत्रांतर्गत होने वाले बोरवेलों पर सतत निगाह रखें। कहीं भी बोरवेल खुला न रहे उनमें अनिवार्य रूप से केप लगाएं। इस संबंध में लापरवाही पाए जाने पर बोरवेल कराने वाले के साथ-साथ बोरवेल का कार्य करने वालों के विरूद्ध भी वैधानिक कार्यवाही करें। क्षतिग्रस्त कुएं की मरम्मत कराएं। खुले कुओं में भी जाली आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

डीजे संचालक स्वयं ध्वनि की तीव्रता की मॉनिटरिंग करें

 

बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस, राजस्व एवं स्थानीय निकाय के अधिकारी अपने क्षेत्रों में कोलाहल नियंत्रण अधिनियम का गंभीरतापूर्वक पालन कराएं। सभी डीजे संचालकों को डेसिबल मापने वाला ऐप डाऊनलोड कराएं। डीजे संचालक स्वयं ध्वनि की तीव्रता की मॉनिटरिंग करें। संबंधितों की बैठक आयोजित कर उन्हें शासन के निर्देशों का पालन करने की समझाईश दें। निर्देशों की अव्हेलना करने वालों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

मांस विक्रेताओं में जागरूकता लाएं

 

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने कहा कि खुले में मांस बेचना पूर्णतः प्रतिबंधित है। मांस विक्रेताओं को अपनी दुकान पर अपारदर्शी कांच लगाना आवश्यक है। धार्मिक स्थलों से 100 मीटर की दूरी पर भी मांस का विक्रय नहीं होना चाहिए। उन्होंने इस संबंध में मांस विक्रेताओं की बैठक लेकर उन्हें जागरूक करने के निर्देश दिए। श्री सकलेचा ने कहा कि संबंधित निकाय मांस विक्रेताओं को पंजीयन तथा लायसेंस जारी करने आदि की कार्यवाही सुनिश्चित करें।

’’सबकी योजना सबका विकास’’ के तहत प्रशिक्षण संपन्न

 

मंडला 18 दिसम्बर 2023

                सबकी योजना सबका विकास जन योजना अभियान अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 की एकीकृत ग्राम पंचायत विकास योजना, जनपद पंचायत विकास योजना एवं जिला पंचायत विकास योजना तैयार किए जाने हेतु सीईओ जिला पंचायत एवं प्रभारी कलेक्टर श्रेयांश कूमट की अध्यक्षता में जिला योजना सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों का प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में प्रभारी कलेक्टर श्रेयांश कूमट ने कहा कि जन सहभागिता से तैयार की जाने वाली योजनाएं बहुआयामी एवं बहुक्षेत्रीय होनी चाहिए। इन योजनाओं में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, आजीविका, जल एवं स्वच्छता, अधोसंरचनात्मक गतिविधियां और व्यक्तिगत हितग्राही मूलक गतिविधियों का समावेश आवश्यक है। प्रशिक्षण में कार्ययोजना तैयार करने हेतु जिला स्तर एवं जनपद पंचायत स्तर पर समस्त विभागों तथा विशेषज्ञ संस्थाओं तथा जनपद स्तरीय जीपीडीपी नोडल आदि के साथ विजन निर्माण कार्यशाला का आयोजन करने जिसमें योजना निर्माण के दौरान विभागीय गतिविधियों और संसाधनों के पूर्ण जुड़ाव और कार्यक्रमों लिस्टिंग का कार्य किए जाने के संबंध में जानकारी दी गई। डिस्ट्रिक्ट मैनेजर जीपीडीपी सुश्री अनुराधा हुई द्वारा पावरप्वाईंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से 9 थीमेटिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

 

 

 

 

 

 

लाउडस्पीकर व ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग व नियंत्रण को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न,

लगभग 80 धार्मिक स्थलों पर नियमानुसार लाउडस्पीकर की संख्या कम की गई एवं अनेक धर्मस्थलों पर स्वेच्छा से लाउडस्पीकर पूर्णतः हटाएं

मंडला 18 दिसम्बर 2023

                मध्यप्रदेश शासन द्वारा सर्वाेच्च न्यायालय एवं मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खण्डपीठ जबलपुर द्वारा ध्वनि प्रदूषण विनिमय एवं नियंत्रण के लिये जारी निर्देशों के पालन में धार्मिक स्थलों एवं अन्य स्थानों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों जैसे लाउडस्पीकर, डीजे संबोधन प्रणाली के अनियंत्रित व नियम विरुद्ध प्रयोग पर नियंत्रण के संबंध में निर्देश जारी किये गये हैं। प्राप्त निर्देशानुसार मंडला पुलिस द्वारा समस्त थाना एवं चौकियों में सभी समाज प्रमुख, शांति समिति के सदस्यों, धर्मगुरुओं एवं डीजे संचालकों के साथ बैठक कर धार्मिक स्थलों एवं अन्य स्थानों में नियमानुसार ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के संबंध में दिशा निर्देशों से अवगत कराया गया। अतः समाज के प्रमुखों एवं सभी धर्म प्रमुखों को मिलकर यह सुनिश्चित करना है कि ध्वनि प्रदूषण के नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जायें। साथ ही शासन के निर्देश तथा सर्वाेच्च न्यायालय के निर्णय का पालन सामूहिक सहभागिता से करने की प्राथमिकता दी जाए। बैठक के दौरान सभी ने ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के लिए शासन के निर्देशों के पालन करने में अपनी सहमति व्यक्त की।

अनेक धर्मस्थलों पर स्वेच्छा से लाउडस्पीकर हटाए

 

मध्यप्रदेश सरकार का धार्मिक स्थलों से तेज आवाज के बजाने वाले लाउडस्पीकर हटाने के आदेश के बाद कलेक्टर कार्यालय में भी सभी गुरुओं की पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने धर्म गुरुओं के साथ मिलकर प्रदेश सरकार द्वारा जारी किए गए आदेश का पालन करने में सहयोग करने की अपील की थी। जिसका असर देखने को मिला एवं मंडला पुलिस के विभिन्न थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस द्वारा समन्वय बनाकर लगभग 80 धार्मिक स्थलों पर नियमानुसार लाउडस्पीकर की संख्या कम की गई एवं आदेश का सम्मान करते हुए अनेक धर्मस्थलों पर स्वेच्छा से लाउडस्पीकर पूर्णतः हटाए गये। साथ आमजन भी पुलिस को नियम विरूद्ध बजने वाले डीजे एवं लाउडस्पीकर की सूचना हेतु 100 डायल या कंट्रोल रूम मंडला के नंबर 07642-250613 पर भी दे सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

19 दिसंबर को 14 पंचायतों में पहुँचेगी विकसित भारत संकल्प यात्रा

मंडला 18 दिसम्बर 2023

                भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का राज्य सरकार की सहभागिता से क्रियान्वयन किया जा रहा है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उसे लाभान्वित करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रारंभ की गई है। यह यात्रा 19 दिसंबर को बिछिया विकासखंड के ग्राम राजो माल एवं धरमपुरी माल, बीजाडांडी में पाठाचौरई एवं कालपी, मवई में नेवसा एवं लालपुर, मोहगांव मंे हर्राटीकुर एवं बिलगांव, नैनपुर में सर्री एवं कजरवाड़ा, नारायणगंज विकासखंड के कोबरी कला एवं माडोगढ़, मंडला विकासखंड के सुभरिया एवं बेहंगा पंचायत पहुंचेगी। यात्रा के सफल आयोजन के लिए पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर होगा।

 

 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले में 39 का प्रारंभिक चयन

मंडला 18 दिसम्बर 2023

                शासकीय आईटीआई मंडला में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला का आयोजन किया गया। मेले में 73 अभ्यर्थी उपस्थित हुए जिसमें वीई कमर्शियल कम्पनी पीथमपुर द्वारा 39 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया। कंपनी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को 10500 रूपये मासिक स्टाइपेंड एवं अन्य सुविधाए दी जाएँगी। मेले में प्राचार्य आरएस वरकडे, टीपीओ आनंद मरावी, प्रशिक्षण अधिकारी, अशोक तेकाम, ललित मरावी, सुभाष भारतीया, वैशाली कामड़े, शितलेश खरे, गोविन्द पंचेश्वर उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

निःशुल्क मेगा शिविर में प्रथम दिवस हुए 85 मोतियाबिंद ऑपरेशन

मंडला 18 दिसम्बर 2023

                सिविल सर्जन डॉ. विजय सिंह धुर्वे ने बताया कि राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रथम दिवस जिला चिकित्सालय मण्डला में 85 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जाकर लेंस प्रत्यारोपित किये गये। शिविर में विक्टोरिया हॉस्पीटल जबलपुर से डॉ. तरूण अहरवाल, नेत्र रोग विशेषज्ञ, डॉ. उषा दत्त विक्टोरिया अस्पताल जबलपुर, डॉ. आदित्य साहू नरसिंहपुर द्वारा ऑपरेशन किये गये हैं। शिविर में मरीजों के आवास, भोजन एवं दवाईयों की व्यवस्था पूर्णतः निःशुल्क है। डॉ. धुर्वे द्वारा ऐसे मरीज जिनकी आंखों से धुंधला दिखाई देता हो, आंखों में जाला पड़ गया हो, जिला चिकित्सालय मण्डला में आकर अपना पंजीयन कराएं एवं शिविर का लाभ प्राप्त करें। 19 दिसंबर को नैनपुर विकासखण्ड से आये चिन्हित मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन किये जायेंगे। यह विशाल मेघा शिविर 18 से 23 दिसंबर तक जिला चिकित्सालय मण्डला में आयोजित हो रहा है।

 

 

 

भागवत कथा में प्रथम दिन भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का किया वर्णन सात दिवसीय अष्टलक्ष्मी महायज्ञ हुआ आरंभ  

 

 


मण्डला । जिला मुख्यालय स्थित देवदरा मेहर बाबा कुटी प्रागंण में आयोजित श्री अष्टलक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत महापुराण का संगीतमय आयोजन आरंभ हुआ। प्रात: 10 बजे यजमानों को महायज्ञ की विधि से परिचय कराते हुए वैदिक मंत्रों के साथ महायज्ञ का आव्हान किया। लगभग 4 घंटे तक लगातार मंत्रो के साथ पूजन अर्चन करते हुए श्रीअष्ट लक्ष्मी महायज्ञ का आव्हान हुआ और यजमानों ने यज्ञ स्थल में प्रवेश किया

वहीं दोपहर 2 बजे से कथा माहात्मय का व्याख्यान करते हुए कथावाचक पं. नीलू महाराज ने उपस्थित प्रधान यजमान, यजमान एवं धर्मप्रेमियों से कहा कि श्रीमद् भागवत कथा पुराण में सभी ग्रंथों का सार है और यही एक ऐसा ग्रन्थ है जिसमें भगवान की सभी लीलाओं का वर्णन किया गया है। यह बाते हम सभी जानते हैं और हर कथाओं में सुनने को भी मिलती है मगर कथा श्रवण के बाद उस पर अमल करने से ही पुण्य प्राप्त होता है। भागवत महापुराण में भक्त को मरने से पहले क्या कर्म करे कि अपनी मुक्ति को प्राप्त कर सके उस सुगम मार्ग का मार्गदर्शन केवल भागवत महापुराण में मिलता है। भगवान की भक्ति से मोक्ष की प्राप्ति करने का सबसे सरल उपाय राम नाम संकीर्तन है। श्रीअष्टलक्ष्मी एवं श्रीमद् भागवत कथा महापुराण का संगीतमय आयोजन यज्ञ सप्ताह का आयोजन 25 दिसंबर तक किया गया है।

जिसकी शुरुआत कलश यात्रा के साथ हुई। कथा के पहले दिन महिलाओं के द्वारा सैकड़ो की संख्या में कलश यात्रा में अपनी सहभागिता दर्ज कराई गई। श्रीमद् भागवत कथा में रोजाना सुबह 9 बजे से सामूहिक महायज्ञ का आयोजन बनारस से पधारे वैदिक विद्वानों व आचार्य संतोष शास्त्री जी महाराज एवं आशीष पांडे महाराज व पंडित ओमप्रकाश महाराज के वैदिक विधि से यज्ञ कराया जा रहा है। साथ ही सात दिनों तक चलने वाली सप्ताह ज्ञान यज्ञ में श्रीमद्भागवत महापुराण का मूल पाठ भी कराया जा रहा है। जिसमें दर्जनों जोड़े भाग ले रहे हैं। भागवत कथा मे भगवान श्रीकृष्ण की जीवन गाथा का वर्णन किया है और जन्म से लेकर अंत तक जो अभिनव लीला भगवान ने रची उसका वर्णन है

दुष्ट और अशुभ शक्तियों का विनाश किया है कर्म के अनुसार भक्ती प्रेम देकर दुष्टों को दंड दिया है एवं उनका संहार किया है। वहीं जो अच्छे कर्म करेंगा उसे अच्छा फल मिलेगा बुरा करोंगे बुरा सबक मिलता है। श्रीमद्भागवत महापुराण एक अपूर्व धार्मिक ग्रंथ है। इस महान ग्रन्थ में भगवान के अवतारों में यज्ञ, बुद्ध और कल्कि को छोड्कर अन्य सभी कथाओं का विस्तृत वर्णन किया गया है। दशम स्कन्ध में वर्णित भगवान श्रीकृष्ण की सुमधुर मंगलमयी कथाएं तो भक्त-हृदय को अत्यधिक प्रिय हैं। अष्टलक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत महापुराण यज्ञ में गौर गणेश का पूजन किया गया। यह गौर गणेश की गोबर की मूर्ति भारत की सबसे बड़ी गौशाला जडखोर राजस्थान की गौशाला से लाई गई है यह गौशाला श्रीकृष्ण की नित्य गौ चरण स्थली है। चंद्र सरोवर गोवर्धन से जल और मिट्टी लाई गई है यहां चंद्रमा का प्राकट्य हुआ था। साथ ही मानसी गंगा का जल और श्री राधा कुंड का जल गोवर्धन परिक्रमा मार्ग से लाया गया है।

यज्ञ शाला के अंदर के कलशों  में 35 पवित्र नदियों का जल एवं चार समुद्रों का जल एवं 24 तीर्थों की मिट्टी छोड़ी गई है जिनमें नैमिसारन्य, काशी, वृंदावन, चारों धाम, जगन्नाथ पुरी, रामेश्वरम, द्वारिका, बद्रीका धाम, हरिद्वार, रेवा सागर संगम पुष्कर की मिट्टी प्रमुख हैं। जो यहां यज्ञ के दौरान देखने को मिल रही है। अद्भुत होगी नवग्रह बाटिका सूर्य ग्रह के उत्पत्ति स्थल कोणार्क उड़ीसा से मिट्टी लाकर अकोना का पौधा लगाया गया है। चंद्र की उत्पत्ति चंद्र सरोवर परसोली गोवर्घन से मिट्टी लाकर पलास का पौधा लगाया गया है। मंगल की उत्पत्ति मंगलनाथ उज्जैन में हुई जहां से मिट्टी लाकर खैर या गुडहल का पौधा लगाया गया। बुध के लिए बोध गया से मिट्टी लाकर अपामार्ग का पौधा लगाया गया है। गुरु के लिए सिंधु या गुरुग्राम से मिट्टी लाकर पीपल का पौधा लगाया गया है। शुक्रके लिए भोजकट गुजरात से मिट्टी लाकर गूलर का पौधा लगाया गया है शनि के लिए सिगनापुर से मिट्टी लाकर शमी का पौधा लगाया गया है। राहु और केतु के लिए उज्जैन से मिट्टी लाकर दूब और कुश के पौधे लगाए गये हैं। श्रीअष्टलक्ष्मी महायज्ञ में कथा सुनने सैकड़ो की संख्या में धर्मप्रेमी कार्यक्रम स्थल पहुंचे।

Related posts

21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Reva India News

27 को होगा उत्तरवाहिनी नर्मदा परिक्रमा का सामूहिक आयोजन व्यास नारायण मंदिर से प्रारंभ होगी परिक्रमा ग्राम घाघा में प्रथम दिन होगा रात्रि विश्राम एवं भजन संध्या

Reva India News

17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन जन आंदोलन के रूप में किया जायेगा

Reva India News

Leave a Comment