Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 2 मार्च 2024

सौंपे गए दायित्वों के बेहतर निर्वहन हेतु अभी से तैयारियाँ प्रारंभ करें – डॉ. सिडाना

नोडल अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर के निर्देश

मण्डला 2 मार्च 2024

लोकसभा निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में आयोजित नोडल अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया सभी नोडल अधिकारी सौंपे गए दायित्वों के बेहतर निर्वहन हेतु अभी से आवश्यक तैयारियाँ प्रारंभ करें तथा विधानसभा निर्वाचन के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार करें। इस संबंध में टीम के अन्य सदस्यों की ब्रीफिंग करें। कलेक्टर ने कहा कि मंडला लोकसभा क्षेत्र में शामिल अन्य जिलों से भी समुचित समन्वय करें। जिला योजनाभवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, एसडीओपी अर्चना अहीर सहित सभी नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक मतदान केन्द्रों में बिजली, पानी, फर्नीचर, रैम्प, शौचालय आदि की व्यवस्थाएं करें। स्कूलों में आवश्यक सुविधाओं के लिए ट्रायबल एवं स्कूल शिक्षा विभाग तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों में आवश्यक सुविधाएं महिला बाल विकास विभाग जिम्मेदार होंगे। इसी प्रकार प्रत्येक मतदान केन्द्रों में पेयजल की व्यवस्था पीएचई द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। वेलफेयर मैनेजमेंट से संबंधित तैयारियों में गर्मी के मौसम का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को एकसाथ मानदेय प्रदान करने का लक्ष्य रखते हुए आवश्यक तैयारियां करें। सारणीकरण के लिए अन्य जिलों से भी समन्वय करने हेतु टीम गठित करें।

स्वीप गतिविधियों में पहचान संबंधी दस्तावेजों की जानकारी अवश्य दें

 

मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप गतिविधियां आयोजित करें। उन क्षेत्रों पर फोकस करें जहां पर पिछले चुनाव में 75 प्रतिशत से कम मतदान हुआ है। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान केन्द्र, मतदान दिनांक एवं समय तथा पहचान के रूप में उपयोग में लाए जाने वाले दस्तावेजों के संबंध में जानकारी अनिवार्य रूप से प्रदान करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी कार्यालय प्रमुख अपने अधीनस्थ अधिकारी, कर्मचारियों की पोर्टल पर दर्ज जानकारी का सत्यापन करते हुए आवश्यक सुधार कराएं। निर्वाचन के समय जानकारी में अंतर पाए जाने पर संबंधित कार्यालय प्रमुख की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।

इन बिन्दुओं पर हुई चर्चा

 

बैठक में कलेक्टर ने मतदान की प्रशासनिक तैयारियां, रूटचार्ट, सेक्टर विभाजन, सेक्टर अधिकारी की नियुक्ति, ईव्हीएम मैनेजमेंट, मतदान सामग्री की व्यवस्था, सामग्री वितरण एवं प्राप्ति काउंटर्स की तैयारी, स्वीप गतिविधियां, कानून व्यवस्था, सीविजिल ऐप, मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग, आदर्श आचरण संहिता का पालन एवं अनुवर्ती कार्यवाही, नाम-निर्देशन, मतदान एवं मतगणना दल का गठन, प्रशिक्षण की व्यवस्था, व्यय लेखा, कम्यूनिकेशन प्लान, मतपत्र मुद्रण, स्ट्राँग रूम की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, वेलफेयर मैनेजमेंट, विद्युत एवं चिकित्सा व्यवस्था, वाहनों की आवश्यकता एवं उपलब्धता तथा संपत्ति विरूपण के तहत की जाने वाली कार्यवाही के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

शेष कार्य जल्द पूरा करते हुए आईसीयू संचालित करें – डॉ. सिडाना

कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय का निरीक्षण

मण्डला 2 मार्च 2024

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने शनिवार को जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने गहन चिकित्सा इकाई आईसीयू के निरीक्षण के दौरान वार्ड में हो रहे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि निर्माण एजेंसी के साथ-साथ विभागीय अधिकारी भी कार्यों को पूर्ण कराने में आवश्यक सहयोग प्रदान करें। जो भी कार्य शेष हैं उन्हें शीघ्र कराते हुए आईसीयू को संचालित करें। कलेक्टर ने आईसीयू में आवश्यक उपकरण तथा अन्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने विभिन्न वार्डों में जाकर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। ओपीडी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अनुपस्थित चिकित्सकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिला चिकित्सालय की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाएं, दवाईयों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दें। इस दौरान उन्होंने मरीजों तथा उनके परिजनों से भी स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. केसी सरौंते, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने किया मेडीकल कॉलेज निर्माण स्थल का निरीक्षण

मण्डला 2 मार्च 2024

मेडीकल कॉलेज निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि निर्धारित ड्राईंग के अनुरूप लेआउट सहित अन्य कार्यवाही जल्द पूरी करते हुए कार्य को गति प्रदान करें। इस संबंध में संबंधित विभाग आपस में बेहतर समन्वय करें। उन्होंने कहा कि कार्य को समय सीमा में पूर्ण करने के उद्देश्य से मासिक लक्ष्य का निर्धारण करते हुए उसे हासिल करने का प्रयास करें। निर्माण में प्रयुक्त हो रही सामग्री तथा कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. केसी सरौंते सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

रबी विपणन मौसम 2024-25 हेतु नियंत्रण कक्ष स्थापित

मण्डला 2 मार्च 2024

रबी विपणन मौसम 2024-25 में समर्थन मूल्य पर गेहूं हेतु पंजीयन, उपार्जन केन्द्रों के व्यवस्थाओं की मॉनिटिरिंग एवं कार्य में आने वाली कठिनाईयों की शीघ्रता से निराकरण हेतु जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष सहायक आयुक्त सहकारिता मण्डला के कार्यालय में स्थापित किया गया है। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अजय झारिया (मो.नं. 9589580114) को नियंत्रण कक्ष का प्रभारी नियुक्त किया गया है। नियंत्रण कक्ष में कर्मचारियों की ड्यूटी पंजीयन, उपार्जन कार्य पूर्ण होने तक के लिए सहकारिता निरीक्षक रितुराज भवेदी एवं उप अंकेक्षक प्रार्थना गजभिये की ड्यूटी लगाई गई है।

नियंत्रण कक्ष में नियुक्त कर्मचारी, अधिकारी प्रतिदिन पंजीयन, उपार्जन से संबंधित प्राप्त होने वाली शिकायतों का संबंधित सहायक, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से निराकरण कराकर विवरण यथा सरल क्रमांक, दिनांक, शिकायतकर्ता का नाम, किसान कोड़, पता, दूरभाष नं., शिकायत का विवरण, अधिकारी जिसे निराकरण हेतु शिकायत भेजी गई एवं निराकरण एक पंजी में संधारित करेंगे तथा प्राप्त शिकायतों एवं निराकरण की दैनिक जानकारी खाद्य शाखा मंडला में प्रस्तुत करेंगे।

 

 

 

 

 

 

बैठक 7 मार्च को

मण्डला 2 मार्च 2024

आगामी लोकसभा निर्वाचन 2024 हेतु संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 14-मण्डला (अजजा) में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होते ही संपादित की जाने वाली कार्यवाहियों के संबंध में 7 मार्च 2024 को दोपहर 12:30 बजे से जिला योजना भवन के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई है। बैठक में संबंधितों की उपस्थिति अनिवार्य है।

 

 

 

 

 

 

 

 

सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, अनुविभागीय अधिकारी (रा.), तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार की बैठक 4 को

मण्डला 2 मार्च 2024

आगामी लोकसभा निर्वाचन-2024 हेतु संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 14-मण्डला (अजजा) में समाविष्ट मण्डला जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, अनुविभागीय अधिकारी (रा.), तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार की बैठक 4 मार्च को टी.एल. बैठक के तत्काल पश्चात से जिला योजना भवन के सभाकक्ष में रखी गई है। संबंधितों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सेक्टर अधिकारियों की बैठक 4 को

मण्डला 2 मार्च 2024

आगामी लोकसभा निर्वाचन-2024 हेतु संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 14-मंडला में समाविष्ट जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए नियुक्त सेक्टर अधिकारियों की बैठक 4 मार्च को अपरान्ह 4 बजे से जिला योजना भवन के सभाकक्ष में आयोजित होगी। बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

उपार्जन केन्द्रों के निर्धारण हेतु जिला स्तरीय समिति गठित

मण्डला 2 मार्च 2024

रबी विपणन मौसम 2024-25 में समर्थन मूल्य पर गेहूं हेतु उपार्जन केन्द्रों के निर्धारण के क्रियान्वयन एवं पर्यवेक्षण हेतु कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति में जिला लीड़ बैंक अधिकारी, उप संचालक कृषि, सहायक आयुक्त सहकारिता, जिला सूचना अधिकारी (एनआईसी), महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक, जिला विपणन अधिकारी मार्कफेड, जिला प्रबंधक एमपीडब्लूएलसी, जिला प्रबंधक एमपीएससीएससी, अधीक्षक भू-अभिलेख, जिला परियोजना प्रबंधक एनआरएलएम, सचिव कृषि उपज मण्डी मण्डला को सदस्य तथा जिला आपूर्ति अधिकारी मण्डला सदस्य सचिव बनाया गया है। समिति पंजीयन व उपार्जन से संबंधित विवादों का भी त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेगी।

 

 

 

 

 

 

जिन कृषकों का बायोमेट्रिक सत्यापन संभव नहीं है उनका जिला आपूर्ति कार्यालय में होगा पंजीयन

मण्डला 2 मार्च 2024

रबी विपणन वर्ष 2024-25 में मृत कृषक, ट्रस्ट एवं धार्मिक संस्थान की भूमि, आधारविहीन कृषक एवं वृद्ध शारीरिक रूप से अक्षम कृषक जिनके बायोमेट्रिक सत्यापन संभव नहीं है, ऐसे सभी कृषकों का पंजीयन जिला आपूर्ति अधिकारी कार्यालय मण्डला से किया जाना है। इस संबंध में जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि पंजीयन कराने हेतु मृत कृषक जिसकी भूमि का नामांतरण लंबित है, मृत्यु प्रमाण पत्र, भूमि नामांतरण के लिये प्रस्तुत आवेदन पत्र, मृत कृषक के परिवार के उत्तराधिकारी सदस्यों के सहमति पत्र एवं पंजीयन कराने वाले उत्तराधिकारी की समग्र आई.डी आधार नंबर एवं उससे लिंक मोबाईल नंबर लाना आवश्यक है। ट्रस्ट एवं धार्मिक संस्थान की भूमि के पंजीयन के लिए ट्रस्ट एवं धार्मिक संस्थान की भूमि पर फसल बुवाई हेतु अधिकृत व्यक्ति को जारी प्राधिकार पत्र एवं उस अधिकृत व्यक्ति (नॉमिनी) का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर आवश्यक है। आधार नंबर विहीन कृषक के लिए कृषक की भूमि की पूर्ण जानकारी, समग्र सदस्य आईडी, मोबाईल नंबर एवं बैंक खाता की जानकारी जरूरी है। इसी प्रकार शारीरिक रूप से असक्षम एवं वृद्ध कृषकों के लिए शारीरिक रूप से असक्षम कृषक के परिवार का नॉमिनी सदस्य, नॉमिनी सदस्य की समग्र आई.डी., आधार नम्बर, आधार से लिंक मोबाईल नम्बर दस्तावेज लाना अनिवार्य है। संबंधित कृषक उपरोक्तानुसार दस्तावेज लाकर 6 मार्च 2024 तक सुबह 11 बजे से सायं 5 बजे तक जिला आपूर्ति अधिकारी मण्डला कार्यालय से अपना किसान पंजीयन करा सकते हैं।

 

Related posts

व्यय लेखा टीम का प्रशिक्षण संपन्न

Reva India News

जिला स्तरीय रोजगार मेला 23 को

Reva India News

बरसात में होने वाली संक्रामक बीमारियों से बचने एडवाईजरी

Reva India News

Leave a Comment