Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

राज्यपाल श्री पटेल ने पीएम जनमन योजना के लाभार्थियों का कराया गृह प्रवेश ग्राम अमाही में रहा उत्सव जैसा माहौल  

मंडला 19 अगस्त 2025

राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने मंगलवार को ग्राम अमाही में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया। इस दौरान परिवारजनों से आत्मीय बातचीत कर उनसे इस योजना का लाभ मिलने के बाद उनके जीवन में आए बदलाव के बारे में जाना।इस मौके पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, जनपद पंचायत अध्यक्ष नैनपुर श्रीमती ओमवती उइके, सरपंच श्री अखिलेश मरावी, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कूमट, एसडीएम नैनपुर श्री आशुतोष ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ श्री विनोद मरावी मौजूद थे।

राज्यपाल श्री पटेल ने प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के हितग्राही श्रीमती निर्मला करनपुरिया, श्रीमती राधाबाई धुर्वे,श्रीमती पुष्पा उइके एवं श्रीमती आशाबाई उइके को गृह प्रवेश कराया। अपने घर के गृह प्रवेश के इस कार्यक्रम में शामिल हुए राज्यपाल श्री पटेल की मौजूदगी से सभी लोग आनंदित और उत्साहित नजर आए। हितग्राहियों ने भी ख़ुशी से पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया और छींदी से बने पुष्पगुच्छ भेंट किए। नवनिर्मित आवास में पहुंचकर राज्यपाल श्री पटेल ने इन हितग्राहियों से पूछा कि नए घर में आकर कैसा महसूस कर रहे हैं ? शासन की किन-किन योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है ? राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि अपने बच्चों को अवश्य पढ़ाए। यही आपके प्रगति की दिशा तय करेगी। सरकार प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए बनाई गई विभिन्न राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।

 

स्वयं सहायता समूह की लखपति दीदी से किया संवाद

 

राज्यपाल श्री पटेल ने इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लखपति दीदी के रूप में अपनी पहचान बनाई श्रीमती सोहनिया मरावी से संवाद किया। श्रीमती मरावी ने बैगाचक महिला किसान उत्पादक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि इस कंपनी में वर्तमान में 16 हजार से अधिक महिला किसान सदस्य हैं। कंपनी का अब तक का कुल टर्नओवर 7 करोड़ रूपए से अधिक का है। यह कंपनी कोदो-कुटकी, मसूर की खरीदी प्रसंस्करण कर कोदो का चावल बनाती है एवं बिक्री करती है। आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित स्व-सहायता समूह के माध्यम से उनकी आर्थिक स्थिति में काफी बदलाव आया है। इससे होने वाली आय से उन्होंने 3 ट्रेक्टर, 2 थ्रेसर, एक रोटावेटर और एक लेंडलीवर खरीदा है। इन सभी के उपयोग से उन्हें 90 हजार से एक लाख रूपए की मासिक आय हो रही है। बच्चे अब इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। राज्यपाल श्री पटेल ने उनकी प्रशंसा करते हुए अन्य महिलाओं को भी आजीविका मिशन से जुड़कर प्रगति की राह पर अग्रसर होने कहा।

आंगनवाड़ी केन्द्र का किया निरीक्षण, परिसर में किया पौधारोपण

 

हितग्राहियों के गृहप्रवेश कार्यक्रम एवं लखपति दीदी संवाद के उपरांत उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। यहां मौजूद बच्चों को पोषण टोकरी एवं उपहार भेंट किए। साथ ही गोदभराई एवं अन्न प्राशन कार्यक्रम में शामिल हुए। एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत आंगनवाड़ी परिसर में अशोक का पौधा लगाया।

Related posts

राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक 20 जुलाई को  

Reva India News

भवन विहीन आंगनवाड़ी केंद्रों को मिलेंगे नये भवन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके के प्रयास लाए रंग

Reva India News

विद्युत उपभोक्ताओं के लिए जन समस्या निवारण शिविर 2 जुलाई को लगेगा

Reva India News

Leave a Comment