Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

टी.एल. बैठक में कलेक्टर के निर्देश मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की तैयारी, सीएम हेल्पलाइन निराकरण और सुरक्षा-जागरूकता पर जोर

मंडला, 27 अक्टूबर 2025

जिला योजना भवन के सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने आगामी मध्यप्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रमों की तैयारी समय पर पूर्ण करने तथा संबंधित विभागों को समन्वयपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। 1 नवंबर से 3 नवंबर तक मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत सभी शासकीय कार्यालयों में रोशनी, सुशासन की शपथ एवं शासकीय विद्यालयों में मध्यप्रदेश गान एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाए।

बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की और कहा कि शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतकर्ता से अवश्य बात करें। सीएम हेल्पलाईन में सी और डी रैंकिंग में रहने वालों पर जुर्माना लगाया जाये। इसी क्रम में आगामी समाधान ऑनलाइन के चयनित प्रकरणों पर भी चर्चा की गई तथा त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम और सीएस मॉनिट के लम्बित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि विगत दिवस जबलपुर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक की गई जिसमें उन्होंने विधानसभा-वार विज़न डॉक्यूमेंट तैयार करने के निर्देश दिए। विदित है कि यह दस्तावेज़ भविष्य की प्राथमिकताओं का आधार होगा, अतः इसे तथ्य आधारित एवं लक्ष्य उन्मुख तैयार किया जाएगा। इस संदर्भ में कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित एसडीएम एवं विभाग प्रमुख विधानसभावार निर्धारित प्रारूप में इसे 7 दिवस के भीतर तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

नशा मुक्ति, सुरक्षा और निरीक्षण

 

कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने अनुभाग में पुलिस विभाग के अमले के साथ नशे के विरुद्ध विशेष मुहिम प्रभावी रूप से चलाएं। साथ ही जिले में संचालित छात्रावासों का नियमित निरीक्षण कर सुविधाओं एवं अनुशासन की स्थिति सुनिश्चित करने को कहा। स्कूलों के समीप तम्बाखू उत्पादों का विक्रय नहीं है इसे भी सुनिश्चित करने के निर्देश बैठक में दिए।

राज्य सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कोदो-कुटकी का उपार्जन किया जा रहा है। उपार्जन की तिथि 31 अक्टूबर तक बढ़ाई गई है। जिले के किसानों का शतप्रतिशत पंजीयन कराया जाए।

राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना की घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया के संदर्भ में कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक्सीडेंट की सूचना प्राप्त होते ही राजस्व एवं पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंचे। बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, सभी एसडीएम सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

नेशनल लोक अदालत का आयोजन 14 सितंबर को होगा

Reva India News

शीत-घात से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियाँ एवं सलाह

Reva India News

पत्रकार परिषद का सम्मेलन रविवार को

Reva India News

Leave a Comment