मंडला, 21 दिसंबर 2025
विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन एवं सकारात्मक कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस एवं हार्टफुलनेस संस्था के संयुक्त तत्वाधान में मंडला जिले में आयोजित तीन दिवसीय ध्यान योग कार्यशाला का पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में समापन हुआ। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के नेतृत्व एवं निर्देशन में “तनावमुक्ति एवं ध्यान केंद्र, हर दिल ध्यान, हर दिन ध्यान” अभियान के अंतर्गत संपन्न हुआ। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 19, 20 एवं 21 दिसंबर को जिले के पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन, समस्त अनुभागों तथा थाना/चौकी स्तर पर सामूहिक ध्यान कार्यक्रम आयोजित किए गए।
संयुक्त राष्ट्र महासंघ द्वारा ध्यान के महत्व एवं उसके शारीरिक-मानसिक लाभों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 21 दिसंबर को विश्व ध्यान दिवस घोषित किया गया है। तीन दिनों तक चले इस अभियान में लगभग 1500 से अधिक मंडला पुलिस एवं सीआरपीएफ 148वीं बटालियन के अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता कर ध्यान योग अभ्यास किया। विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर प्रातः जूम लिंक के माध्यम से लाइव संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा ध्यान के महत्व, तनावमुक्त जीवनशैली एवं सकारात्मक सोच पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए नियमित ध्यान अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षकों द्वारा ध्यान, आत्मचिंतन एवं मानसिक संतुलन से संबंधित व्यावहारिक अभ्यास कराए गए, जिससे प्रतिभागियों ने आंतरिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा, एसडीओपी मंडला श्री पीयूष मिश्रा, डीएसपी महिला सुरक्षा शाखा श्री सतीश चतुर्वेदी, डीएसपी अजाक श्रीमती अर्चना अहीर, श्री अमरी प्रसाद (उप कमांडेंट, 148वीं बटालियन), रक्षित निरीक्षक श्री सुनील नागवंशी, कोतवाली थाना प्रभारी श्री शफीक खान, यातायात थाना प्रभारी श्री ललित धुर्वे सहित बड़ी संख्या में पुलिस एवं सीआरपीएफ के अधिकारी-कर्मचारी तथा हार्टफुलनेस संस्था की ओर से केंद्र प्रभारी श्रीमती पूर्वा धर्माधिकारी, श्री दिनेश कुमार ओझा, श्रीमती उमा ओझा एवं श्री रोहित पांडे उपस्थित रहे।
