Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

सुशासन सप्ताह-2025: ग्राम ग्वारी में ‘प्रशासन गाँव की ओर’ शिविर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने आमजनों से संवाद कर दी शासन योजनाओं की विस्तृत जानकारी

मंडला, 26 दिसंबर 2025

सुशासन सप्ताह-2025 के अंतर्गत गुरुवार को मंडला जिले के ग्राम ग्वारी में ‘प्रशासन गाँव की ओर’ अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने उपस्थित ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन सप्ताह का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना तथा समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि शासन की योजनाएं तभी सार्थक होंगी जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को राजस्व से संबंधित सेवाओं-जैसे नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, जाति, आय एवं निवास प्रमाण-पत्र के समयबद्ध निराकरण की जानकारी दी। साथ ही कहा कि पात्र हितग्राहियों को किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना योजना, वृद्धावस्था पेंशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्राथमिकता से दिलाया जा रहा है।

कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बच्चों का नियमित विद्यालय जाना, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच तथा पोषण आहार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छता, नशामुक्ति, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही गांवों का सतत विकास संभव है।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर कई समस्याओं का निराकरण किया गया। ग्रामीणों ने कलेक्टर से सीधे संवाद कर अपनी बात रखी, जिस पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

 

नशे से दूरी, है जरूरी- एसपी श्री सकलेचा

शिविर में पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा ने कहा कि आपका गाँव नेशनल हाईवे पर है। इस नेशनल हाईवे पर प्रतिवर्ष लोगों की असमय मृत्यु सड़क दुर्घटनाओं में हो जाती है। इसका मुख्य कारण नशा होता है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाने वालों से अनिवार्य रूप से हेल्मेट का उपयोग करने की अपील की। शिविर में पुलिस अधीक्षक ने सभी को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। शिविर में एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीओपी श्री पीयूष मिश्रा, तहसीलदार मण्डला श्री हिमांशु भलावी सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related posts

आज मनाया जाएगा आजादी का अमृत महोत्सव

Reva India News

आधुनिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी को किया जायेगा निरंतर प्रोत्साहित -मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री ने उज्जैन में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का किया शुभारंभ

Reva India News

मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने विश्व जल दिवस मनाया…

Reva India News

Leave a Comment