Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कच्चे रास्तों से विकास की पक्की डगर तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बदली भानपुर (बिसौरा) की तकदीर

मंडला, 31 दिसंबर 2025

मंडला जिले के सुदूर वनांचल में बसे ग्राम भानपुर (बिसौरा) के लिए अब सड़क केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि आशा, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन की पहचान बन चुकी है। वर्षों से कच्चे और दुर्गम रास्तों की पीड़ा झेल रहे इस गांव ने आज प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई/पीएम जनमन) के माध्यम से विकास की मुख्य धारा से जुड़ने का सपना साकार होते देखा है।

पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच से दिसंबर 2000 में प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उद्देश्य देश के हर उस गांव तक बारहमासी सड़क पहुंचाना, जो अब तक संपर्क से वंचित थे। यही सपना आज मंडला जिले के विकासखंड निवास अंतर्गत भानपुर (बिसौरा) में साकार हुआ है। भावामाल से बैगाटोला व्हाया बघरोडी टोला (भानपुर) तक कुल 0.900 किलोमीटर लंबी सड़क की निर्माण लागत 50.04 लाख रुपए है।

 

जब रास्ते नहीं थे, तब मुश्किलें थीं

 

ग्राम भानपुर (बिसौरा) विकासखंड मुख्यालय निवास से लगभग 20 किलोमीटर तथा जिला मुख्यालय मंडला से 80 किलोमीटर दूर स्थित है। यहां की 1689 की जनसंख्या और बैगाबसाहट के 262 परिवार वर्षों से कच्चे रास्तों की मार झेल रहे थे। बरसात के दिनों में गांव का संपर्क पूरी तरह टूट जाता था। एम्बुलेंस और पुलिस जैसी आपात सेवाएं समय पर नहीं पहुंच पाती थीं। किसान अपनी उपज मंडला के बाजार तक नहीं ले जा पाते थे। बच्चों की पढ़ाई बीच में छूट जाती थी। रोजगार, स्वास्थ्य और स्वरोजगार के अवसर सीमित रह जाते थे।

 

अब बदली तस्वीर, बदली तक़दीर

 

पीएम जनमन योजना के अंतर्गत भावामाल से बैगाटोला व्हाया बघरोडी टोला मार्ग का निर्माण संविदाकार श्री सुरेन्द्र राय (ग्राम बिछिया, जिला डिंडौरी) द्वारा सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से स्कूल, स्वास्थ्य केंद्रों एवं पुल-पुलियों के पास स्पीड ब्रेकर एवं सांकेतिक बोर्ड लगाए गए हैं। साथ ही पैदल यात्रियों के लिए सड़क के दोनों ओर शोल्डर निर्माण भी किया गया है। आज हालात यह हैं कि अगर गांव में रात में भी कोई बीमार पड़ जाए, तो अब डर नहीं लगता। क्योंकि अब हमारे गांव तक पक्की सड़क पहुंच चुकी है। यह सड़क केवल गांव को शहर से नहीं जोड़ती, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता से भी जोड़ती है।

 

विकास की नई राह

 

भावामाल से बैगाटोला व्हाया बघरोडी टोला (भानपुर) मार्ग ने गांव को आर्थिक प्रगति, सामाजिक बदलाव और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में अग्रसर किया है। अब किसान बाजार तक पहुंच पा रहे हैं, छात्र उच्च शिक्षा के सपने देख पा रहे हैं और गांव के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना वास्तव में उन सपनों की सड़क है, जो गांव से निकलकर देश के विकास तक पहुंचती है।

Related posts

जिले में मिले 9 कोरोना पॉजीटिव

Reva India News

हिंदी दिवस के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय अंजनिया में कार्यक्रम संपन्न

Reva India News

सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते का प्रवास कार्यक्रम

Reva India News

Leave a Comment