मंडला, 15 जनवरी 2026
जिले में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे वृहद रोजगार मेले की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के संकल्प और मार्गदर्शन में जिले में 20 जनवरी को बड़े स्तर पर रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 45 प्रतिष्ठित कंपनियाँ भाग लेंगी, जो 3500 से अधिक रिक्त पदों के लिए सीधे भर्ती प्रक्रिया पूरी करेंगी।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को एक ही मंच पर कई कंपनियों में चयन का अवसर मिलेगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था सुव्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके।

रजिस्ट्रेशन कर चुके प्रतिभागियों को मिल रही इंटरव्यू की विशेष तैयारी
रोजगार मेले को लेकर युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। रजिस्ट्रेशन कर चुके प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए इंटरव्यू की तैयारी भी करवाई जा रही है। इसी क्रम में प्रशिक्षण सत्र आयोजित कर युवाओं को चयन प्रक्रिया के लिए तैयार किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान ट्रेनिंग ऑफिसर द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। युवाओं को सीवी/रिज्यूम तैयार करने, प्रभावी प्रस्तुति, कॉर्पाेरेट इंटरव्यू की शैली तथा मॉक इंटरव्यू के जरिए इंटरव्यू में आत्मविश्वास बढ़ाने की तकनीकें सिखाई गईं। मंडल आईटीआई में गुरुवार को ट्रेनिंग ऑफिसर्स श्री ललित मरावी, श्री महेन्द्र सिंगौर, श्रीमती हर्षिता बैशाखी कामड़े, श्री धनंजय चौकसे एवं श्रीमती जानकी कुशराम द्वारा रजिस्ट्रेशन कर चुके 80 प्रतिभागियों को बुलाकर मॉक इंटरव्यू की तैयारी कराई गई। प्रतिभागियों को इस तरह की ट्रेनिंग मिलने पर उनका उत्साह बढ़ा है।
युवाओं को मिलेगा एक ही मंच पर अवसर
रोजगार मेले में आने वाली कंपनियाँ अलग-अलग सेक्टर में भर्तियाँ करेंगी, जिससे जिले के युवाओं को अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार अवसर मिल सकेगा। कलेक्टर श्री मिश्रा ने युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में शामिल होकर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और अपनी तैयारी के साथ समय पर उपस्थित हों।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि रोजगार मेले के माध्यम से जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य प्रभावी रूप से पूरा किया जा सके।
