मंडला, 01 दिसंबर 2025
रानी दुर्गावती स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला में अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव 2025 के अंतर्गत गीता जयंती महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, सामाजिक संगठन, विद्यार्थी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलन एवं श्रीमद्भगवद्गीता का पूजन और आरती के साथ किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन का व्यवहारिक मार्गदर्शन है। उन्होंने कहा कि आज की तेज़ रफ़्तार दुनिया में गीता के उपदेश हर व्यक्ति को शांति, संतुलन और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर ले जाते हैं। श्री कुशराम ने युवाओं से गीता के संदेशों को आत्मसात कर समाज निर्माण में योगदान देने की अपील की।

इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि गीता का ज्ञान हर युग के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति द्वंद्व और भ्रम की स्थिति में होता है, तब गीता का सार उसे सही दिशा प्रदान करता है। श्री कछवाहा ने समाज में नैतिक मूल्यों, सद्भाव और सेवा-भाव को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में इस्कॉन टेम्पल उज्जैन से पधारे धर्मगुरु ने गीता सार का अत्यंत सरल और प्रभावी वर्णन प्रस्तुत किया। उन्होंने जीवन में कर्तव्य, आत्मज्ञान, समभाव और कर्मयोग के महत्व को समझाते हुए कहा कि गीता मानव जीवन को दिशा देने वाली अद्वितीय धरोहर है। उनके प्रवचन के दौरान पूरा सभागार भाव-विभोर हो उठा।

आयोजकों द्वारा उपस्थित अतिथियों को श्रीमद्भगवद्गीता की प्रतीक प्रति भेंट कर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल तथा महर्षि विद्या मंदिर के बच्चों ने प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं का मन जीत लिया।टीम नटराज ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम् पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुति देकर सभागार में राष्ट्रभावना का उत्साह भर दिया। आर्य वीरांगना दल की छात्राओं ने शस्त्र एवं लाठी-कला का प्रभावशाली प्रदर्शन कर भारतीय परंपरा और वीरता की झलक प्रस्तुत की। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया। कार्यक्रम में श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय का सामूहिक पाठ भी कराया गया।

इस कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्री संतोष सोनू भलावी, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े, सहायक आयुक्त ट्राईबल विभाग श्रीमती वंदना गुप्ता, डीपीसी श्री कुलदीप कठल सहित अन्य अधिकारी, धर्मगुरू, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे। कार्यक्रम स्थल परिसर में श्रीमद्भगवद्गीता के पुस्तिका की भी स्टॉल लगाई गई। कार्यक्रम का संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया।

