Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

लाड़ली बहना योजना से बदली ग्यारसी नंदा के परिवार की तकदीर मछली व्यवसाय को मिली नई पहचान

मंडला, दिनांक 15-03-2026

मध्यप्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। मण्डला जिले के ग्राम मोहनिया पटपरा की रहने वाली श्रीमती ग्यारसी नंदा के लिए यह योजना किसी वरदान से कम साबित नहीं हुई है।

श्रीमती ग्यारसी नंदा के पति श्री संजू नंदा नर्मदा नदी से मछली पकड़कर स्थानीय साप्ताहिक बाजार में बेचते थे। परिवार में तीन बच्चों की पढ़ाई और घर के खर्चों के बीच सीमित आय के कारण आर्थिक तंगी बनी रहती थी। ऐसे समय में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती ज्योति मरावी ने उनका पंजीयन मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में कराया।

जून 2023 से मिलने वाली सहायता राशि को ग्यारसी नंदा ने घरेलू खर्च में खर्च करने के बजाय एक निवेश के रूप में इस्तेमाल किया। उन्होंने इस राशि को अपने पति के मछली व्यवसाय में लगाया। पहले जहाँ उनका व्यवसाय केवल एक स्थानीय बाजार तक सीमित था, अब वे जिले से उच्च किस्म की मछलियाँ जैसे रोहू, नरेनी, कतला और सलांग खरीदकर 5 से 6 अलग-अलग बाजारों में बेचने लगे हैं।

इस पहल से उनके परिवार की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। ग्यारसी नंदा बताती हैं कि अब प्रति बाजार उन्हें लगभग 300 से 400 रुपये का शुद्ध लाभ हो रहा है। मार्च 2026 तक उन्हें कुल 43,500 रुपये की सहायता प्राप्त हो चुकी है, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में बड़ा सुधार आया है।

श्रीमती ग्यारसी नंदा इस योजना के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि इस योजना ने उनके परिवार को नई दिशा और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।

Related posts

1 से 31 जनवरी तक होगा ब्रुसेलेसिस कार्यक्रम आयोजित

Reva India News

रामेश्वरम-मदुरई तीर्थदर्शन के लिए आवेदन 5 फरवरी तक

Reva India News

भुआ बिछिया में पोषण प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन, पोषण माह का समापन

Reva India News

Leave a Comment