Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

‘बेटियों का विवाह अब चिंता नहीं, उत्सव है’ : मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके संगम घाट पर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, मंत्री-सांसद ने दिया आशीर्वाद

मंडला, 26 अप्रैल 2026

महाराजपुर संगम घाट परिसर में रविवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित हुआ। माँ नर्मदा के पावन तट पर मंडला नगर निकाय, बम्हनी नगर निकाय, मंडला जनपद पंचायत और मोहगांव जनपद पंचायत क्षेत्र के कुल 200 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। समारोह में जनजातीय परंपरा और हिंदू रीति-रिवाज से विवाह सम्पन्न हुए। साथ ही दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी मुस्लिम मजहबी रीति से पढ़ाया गया।

गरीब बेटियों का विवाह अब सामूहिक उत्सव’ : मंत्री श्रीमती उईके

 

नव वर-वधुओं को आशीर्वाद देने पहुंची प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके ने कहा कि पहले निर्धन परिवारों में बेटी के जन्म पर माता-पिता और दादा-दादी को उसके विवाह की बड़ी चिंता सताती थी। सरकार ने इस पीड़ा को समझा और मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना शुरू की। आज गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह चिंता का विषय नहीं रहा, बल्कि यह पूरे समाज का सामूहिक उत्सव बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार बेटियों और महिलाओं के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं। माँ नर्मदा के आशीर्वाद से सभी नव युगलों का जीवन सुखमय हो, यही कामना है।

 

सांसद श्री कुलस्ते बोलेः आनंद का अवसर है सामूहिक विवाह

 

सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह आनंद और सामाजिक समरसता का अवसर होता है। हम सब मिलकर वर-वधुओं की खुशी में शामिल होते हैं। ऐसे आयोजन हमारी सरकार की संवेदनशील सोच का परिणाम हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने भी नव दंपतियों को सुखी दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

 

200 जोड़ों का विवाह, 49 हजार का चेक प्रदान

 

समारोह में जनजातीय समुदाय के 84 जोड़ों सहित कुल 200 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इनमें 1 कल्याणी महिला, 1 दिव्यांग युगल तथा 1 अनाथ बेटी का विवाह भी शामिल रहा। मंडला एवं मोहगांव के ग्रामीण क्षेत्र से एक-एक मुस्लिम जोड़े का भी मुस्लिम रिवाज से निकाह पढ़ाया गया। मंच से मंत्री श्रीमती उईके एवं सांसद श्री कुलस्ते ने ग्राम केहरपुर की दिव्यांग वधु, दादा धनीराम वार्ड की कल्याणी वधु, केहरपुर की ही अनाथ वधु तथा रैगांव की मुस्लिम वधु को 49 हजार रुपये का प्रतीक चेक प्रदान किया। सामूहिक विवाह में परिणय सूत्र में बंधनें वाली सभी वधुओं को डीबीटी के माध्यम से 49 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की गयी है।

ये रहे मौजूद

 

इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री देवसिंह सैयाम, श्री प्रफुल्ल मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेष मिश्रा, जनपद अध्यक्ष मंडला श्री संतोष सोनू भलावी, नगर पंचायत बम्हनी अध्यक्ष श्रीमती मीना हरदहा, जनपद अध्यक्ष मोहगांव श्री गतसिंह भवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सामूहिक विवाह के इस आयोजन में सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, सहायक संचालक जनजातीय कार्य श्री रंजीत गुप्ता, तहसीलदार श्री हिमांशु भलावी, नायब तहसीलदार श्री अजय श्रीवास्तव व श्री रामसिंह उलाडी, सीईओ जनपद मंडला श्रीमती प्रतिमा शुक्ला, सीएमओ श्री गजानन नाफड़े, सहायक परियोजना अधिकारी श्री कपिल तिवारी, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री पीयूष पांडे, परियोजना अधिकारी श्री अनूप नामदेव सहित मंडला, मोहगांव व बम्हनी नगरीय निकाय का अमला मौजूद रहा।

Related posts

मंत्री श्रीमती उइके एवं सांसद श्री कुलस्ते ने किया प्रोजेक्ट सुरक्षा कवच लाँच विद्यार्थियों को आपदा से बचाव के लिए किया जायेगा प्रशिक्षित जिले के एक लाख से अधिक विद्यार्थी होंगे लाभान्वित

Reva India News

पौंड़ीमाल के उच्च श्रेणी शिक्षक निलंबित एवं अतिथि शिक्षक की सेवा समाप्त  

Reva India News

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 8 दिसम्बर 2022

Reva India News

Leave a Comment