Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

समय-सीमा पत्रों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें – कलेक्टर सीएम हेल्पलाइन में शत-प्रतिशत निराकरण कर ए-ग्रेड में आने के निर्देश आदि उत्सव 2026 के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर ने पूरी टीम को दी बधाई

मंडला, 18 मई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में सोमवार को जिला योजना भवन में समय-सीमा और विभागीय समन्वय समिति की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री धोटे ने सभी विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित के कार्यों और टीएल पत्रों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। संबंधित अधिकारी स्वयं व्यक्तिगत फॉलोअप कर समय पर जवाब प्रस्तुत करें और जिन प्रकरणों पर कार्रवाई पूरी हो चुकी है, उन्हें तत्काल क्लोज कराएं। शुक्रवार तक सभी टीएल प्रकरणों में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन और फील्ड विजिट पर कड़ा रुख

 

कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि आगामी 2 दिनों के भीतर सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण कर जिला ए-ग्रेड में आए, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। विशेष रूप से 50 और 500 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया जाए।

जिलाधिकारियों के फील्ड विजिट की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सिर्फ भ्रमण पर जाना काफी नहीं है। मौके पर निरीक्षण कर उसका प्रतिवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। विजिट के दौरान आंगनबाड़ी और स्कूलों का निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए।

1 जून से शुरू होगा ग्राम दिवस कार्यक्रम

 

ग्रामीणों की समस्याओं के जमीनी स्तर पर समाधान के लिए कलेक्टर श्री धोटे ने बताया कि 1 जून से जिले में ग्राम दिवस कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसमें सभी फील्ड फंक्शनरी अनिवार्य रूप से गांवों में मौजूद रहेंगे और जनसुनवाई कर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे।

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बलराम तालाब, खेत तालाब और अमृत सरोवर के काम समय पर पूरे करने को कहा गया। साथ ही स्कूल शिक्षा और एमएसएमई विभाग को रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने परिवहन में गति बढ़ाने तथा खुले में रखे गेहूं के उठाव के लिए मजदूरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।

विभागीय कार्यों एवं सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

 

बैठक में कलेक्टर श्री धोटे ने निर्देशित किया कि जनगणना 2027 के प्रारंभिक कार्यों को 20 मई तक शत-प्रतिशत पूर्ण करें। विस्फोटक अधिनियम के तहत सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा जलाशयों में पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा एसी ट्राईबल को बैगा आहार अनुदान योजना के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए 1 जुलाई से 31 जुलाई तक विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीएम मॉनिट, सीएस मॉनिट, पीडीएस वितरण, कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन, वर्षा पूर्व तैयारी, ड्रॉप आउट बच्चे, पुस्तक वितरण, लखपति दीदी, वृंदावन ग्राम और नरवाई प्रबंधन जैसे अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

आदि उत्सव 2026 के सफल आयोजन के लिए टीम को दी बधाई

 

कलेक्टर श्री धोटे ने आदि उत्सव 2026 के सफल आयोजन के लिए सभी जिला अधिकारियों और कर्मचारियों को हृदय से बधाई दी। उन्होंने कहा अत्यधिक तापमान के बावजूद दो दिवसीय कार्यक्रम में लगातार काम करना आसान नहीं था, लेकिन पूरी टीम ने जिस समर्पण, धैर्य और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया, वह वाक़ई में प्रशंसनीय है। यह सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत, आपसी विश्वास और समन्वय का परिणाम है।

बैठक के दौरान जिला योजना भवन में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, डिप्टी कलेक्टर श्री संस्कार बावरिया, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम उपस्थित रहे। इसके साथ ही अन्य अनुविभागों के एसडीएम, तहसीलदार तथा जनपद पंचायतों के सीईओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

Related posts

क्षय रोग के उन्मूलन के लिए सरकार प्रतिबद्ध – मंत्री श्रीमती उईके योजना भवन में आयोजित कार्यक्रम में पोषण किट एवं ट्राइसिकल का किया वितरण

Reva India News

अनुपस्थित चिकित्सकों पर कार्यवाही करने के निर्देश कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण

Reva India News

सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कूमट को सीएम हेल्पलाईन के निराकरण में 91.18 वेटेज स्कोर के लिए मिला प्रशस्ति पत्र

Reva India News

Leave a Comment