मंडला, 13 मई 2026
माध्यमिक शिक्षा मण्डल, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित हायर सेकेंडरी द्वितीय परीक्षा 2026 के परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। यह संशोधन 14 मई एवं 21 मई को आयोजित होने वाली सीयूईटी यूजी-2026 परीक्षा को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा जारी आदेश के अनुसार पूर्व निर्धारित परीक्षा तिथियों में परिवर्तन किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के तहत 14 मई को होने वाली कृषि, गृह विज्ञान एवं लेखाशास्त्र विषय की परीक्षाएं अब 19 मई को आयोजित होंगी। वहीं 21 मई को प्रस्तावित गणित एवं मनोविज्ञान विषय की परीक्षाएं अब 26 मई को संपन्न कराई जाएंगी।
मण्डल ने सभी स्कूल प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे परीक्षा कार्यक्रम में हुए संशोधन की जानकारी विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचाएं तथा विद्यालयों में सूचना स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। परीक्षा पूर्व निर्धारित समय प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी।
मण्डल सचिव श्री बुद्धेश कुमार वैद्य ने बताया कि नियमित, स्वाध्यायी एवं दृष्टिहीन सहित सभी परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा तिथि, दिवस एवं समय समान रहेंगे। परीक्षा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी मण्डल की वेबसाइट www.mpbse.nic.in पर भी उपलब्ध कराई गई है।
