Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

सिर्फ प्रशिक्षण नहीं, युवाओं को स्थाई रोजगार से जोड़ना प्राथमिकता: कलेक्टर श्री धोटे रोजगार मेलों में 100 कंपनियों को सूचीबद्ध करने के निर्देश, पास आउट युवाओं की पर्सनल प्रोफाइलिंग पर जोर

मंडला, 9 मई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि तकनीकी संस्थानों का उद्देश्य केवल युवाओं को प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें स्थाई रोजगार से जोड़ना शासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए युवाओं की व्यक्तिगत प्रोफाइलिंग, सतत काउंसिलिंग और रोजगार के अनुरूप मार्गदर्शन आवश्यक है।

शनिवार को कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में आयोजित जिला रोजगार समिति की बैठक में कलेक्टर श्री धोटे ने शासकीय एवं निजी आईटीआई से पास आउट होने वाले युवाओं के डाटा संकलन और रोजगार उन्मुख रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक युवा की रुचि, कौशल और आवश्यकताओं को समझकर उसकी काउंसिलिंग की जाए, ताकि प्लेसमेंट केवल औपचारिकता न रहकर सार्थक रोजगार में परिवर्तित हो सके।

रोजगार मेलों की तैयारी व्यवस्थित हो

 

रोजगार मेलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि मेला आयोजन से पूर्व कम से कम 100 कंपनियों की सूची तैयार की जाए। कंपनियों में उपलब्ध रिक्त पदों, जॉब प्रोफाइल और आवश्यक योग्यता की जानकारी पहले से एकत्रित कर युवाओं को उसी अनुरूप प्रशिक्षित एवं तैयार किया जाए।

उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों में चयनित युवाओं का नियमित फॉलोअप भी अनिवार्य रूप से लिया जाए। केवल चयन के आंकड़े सफलता का मापदंड नहीं हैं, बल्कि यह सुनिश्चित होना चाहिए कि चयनित युवा लंबे समय तक रोजगार से जुड़े रहें। स्थाई रोजगार ही वास्तविक उपलब्धि है।

विभागीय समन्वय से बढ़ेंगे स्थानीय रोजगार के अवसर

 

बैठक में व्यापारिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों से भी सुझाव प्राप्त किए गए। कलेक्टर श्री धोटे ने समिति की सचिव एवं प्राचार्य आईटीआई सुश्री मनीषा भूरिया को निर्देशित किया कि आईटीआई, जिला रोजगार कार्यालय तथा व्यापार एवं उद्योग केंद्र आपसी समन्वय के साथ संयुक्त कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि तीनों विभाग एकीकृत रणनीति से कार्य करेंगे तो जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराए जा सकेंगे।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीमती वंदना गुप्ता, उप संचालक कृषि श्री अश्विनी झारिया, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास श्री रोहित बड़कुल, सहायक संचालक उद्यानिकी सुश्री दीपा कुलेश, सहायक संचालक डीआईसी श्री बलराम यादव, व्यापारिक प्रतिनिधि श्री रितेश अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 23 फरवरी 2026

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 6 फरवरी 2023

Reva India News

जिले की क्रिकेटर शुचि का राज्य स्तरीय ट्रॉयल के लिए चयन

Reva India News

Leave a Comment