Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

15 जून को अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ वृद्धजन दुर्व्यवहार रोकथाम जागरूकता दिवस मनाया जाएगा

मंडला, 11 जून 2026

वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 15 जून को जिले में अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ वृद्धजन दुर्व्यवहार रोकथाम जागरूकता दिवस मनाया जाएगा। इस संबंध में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा प्रतिवर्ष 15 जून को यह दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य वृद्धजनों के प्रति होने वाले शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक, आर्थिक एवं सामाजिक शोषण, उपेक्षा तथा दुर्व्यवहार की रोकथाम के लिए समाज को संवेदनशील बनाना है। वृद्धजनों के प्रति दुर्व्यवहार वर्तमान समय की एक गंभीर सामाजिक चुनौती है, जिसका प्रभाव उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा, आत्मसम्मान एवं जीवन की गुणवत्ता पर पड़ता है। वृद्धजनों के लिए सम्मानजनक एवं सुरक्षित वातावरण का निर्माण परिवार, समाज और शासन की साझा जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के वृद्धाश्रमों, डे-केयर केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें वृद्धजन अधिकारों एवं कल्याणकारी योजनाओं पर संगोष्ठी, जन-जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनसंवाद, वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह, अंतरपीढ़ी संवाद (इंटरजेनरेशनल बॉन्डिंग), स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर, डिजिटल साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन, विधिक सहायता, संपत्ति संरक्षण तथा साइबर ठगी से बचाव संबंधी जानकारी भी दी जाएगी। ग्राम सभाओं, नगरीय निकायों एवं शैक्षणिक संस्थानों में वृद्धजनों के सम्मान और संरक्षण से जुड़े शपथ एवं संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने सभी विभागों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, छात्र-छात्राओं एवं युवाओं से कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। साथ ही आयोजित कार्यक्रमों की रिपोर्ट, प्रतिभागियों की संख्या एवं जियो-टैग्ड फोटोग्राफ निर्धारित समयावधि में प्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Related posts

जगन्नाथ वरिष्ठ मूल मा.शाला में कार्यशाला संपन्न हुआ

Reva India News

बीजाडांडी की घटना के संबंध में प्रकाशित खबर का खंडन क्रिटिकल गर्भावस्था एवं सिकलसेल से पीड़ित थी महिला

Reva India News

ग्राम चंदगांव में आयोजित हुआ जनसेवा शिविर

Reva India News

Leave a Comment