मंडला। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार का प्रथम मंडला आगमन हुआ, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। इसके पश्चात भाजपा जिला कार्यालय में ढोल-नगाड़ों के बीच उनका आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। तत्पश्चात प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से परिचय लिया जिसके बाद बैठक ली। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीराम पटेल, उदयप्रताप सिंह, संभाग प्रभारी धनेश धनंजय, जिला उपाध्यक्ष एवं मोर्चा संयोजक महेंद्र पटेल, जिला महामंत्री लखन बंजारा, दुर्गेश साहू, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, डॉ. विजय आनंद मरावी, पूर्व जिला महामंत्री उमेश ठाकुर एवं पूर्व प्रदेश मंत्री राजेश पटेल, नगर अध्यक्ष शिवा रानू राजपूत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में देश के इतिहास में दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया तथा गरीब कल्याण की अनेक योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें। अटल बिहारी वाजपेयी की प्रेरणादायी कविता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं में राष्ट्र सेवा एवं संगठन के प्रति समर्पण का भाव जागृत किया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक देश में परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति हावी रही, लेकिन भाजपा ने विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर राजनीति की नई संस्कृति स्थापित की है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार अत्यंत सरल, सहज एवं कार्यकर्ताओं के बीच रहकर संगठन को मजबूत करने वाले नेतृत्वकर्ता हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश भर में पिछड़ा वर्ग मोर्चा संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष ने प्रदेश अध्यक्ष के आगामी संगठनात्मक प्रवास एवं कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि मोर्चा द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा भाजपा की विचारधारा और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

