Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 11 जुलाई 2026

अतिवर्षा से निपटने प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे, हर स्तर पर सतत मॉनिटरिंग हो – मंत्री श्रीमती संपतिया उइके

संभावित अतिवर्षा को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

 

मंडला, 11 जुलाई 2026

अतिवर्षा की संभावित परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने बैठक लेकर विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्ट्रेट स्थित गोलमेज कक्ष में आयोजित इस बैठक में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने जिले में की गई तैयारियों से मंत्री को अवगत कराया।

बैठक में एसएलआर श्री हीरालाल तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी संबंधित विभागों को उनके दायित्व स्पष्ट कर दिए गए हैं। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां किसी भी आपात स्थिति में 07642-251079 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बताया कि आरबीसी 6-4 के प्रकरणों के त्वरित निराकरण के भी निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में एंटी वेनम सहित आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा कि सर्पदंश की घटनाओं में लोग झाड़-फूंक पर भरोसा न करें, बल्कि मैदानी अमला तत्काल सक्रिय होकर पीड़ित को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना सुनिश्चित करे।

बैठक में मंत्री ने नगर क्षेत्रों में जलभराव की समस्या रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस पर एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम ने बताया कि रेडक्रॉस क्षेत्र एवं बड़चौराहा सहित संवेदनशील स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था कर दी गई है तथा सुभाष वार्ड में भी ड्रेनेज व्यवस्था सुचारु रखी जाएगी।

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि पूरा प्रशासन अलर्ट मोड पर रहे तथा ग्राम स्तर तक प्रतिदिन सक्रिय मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। इस पर वीसी के माध्यम से जुड़े एसडीएम नैनपुर श्री आशुतोष सिंह ठाकुर ने जानकारी दी कि संभावित प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत शिविरों के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। जलभराव की स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी। साथ ही होमगार्ड के दो प्रशिक्षित तैराक एवं मोटर बोट भी आपदा राहत कार्यों के लिए उपलब्ध हैं।

इस दौरान बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एडीएम श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्री संस्कार बावरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

64 हजार 772 किसानों को बिना परेशानी उर्वरक वितरण सराहनीय,

नैनो यूरिया एवं नैनो एनपीके के प्रचार-प्रसार पर जोर दें – मंत्री श्रीमती संपतिया उइके

उर्वरक वितरण व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

 

मंडला, 11 जुलाई 2026

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने जिले में खरीफ सीजन के लिए उर्वरक वितरण व्यवस्था की समीक्षा बैठक ली। कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में आयोजित बैठक में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने बताया कि जिले में अब तक 64,772 किसानों को 25,774 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण बिना किसी परेशानी के किया जा चुका है। जिले में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी एसडीएम सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

जिले की सुव्यवस्थित उर्वरक वितरण व्यवस्था की सराहना करते हुए मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि यह अच्छी पहल है और इसी प्रकार किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने ई-टोकन प्रणाली का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए, ताकि अधिक से अधिक किसान इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

बैठक में उप संचालक कृषि श्री अश्विनी झारिया ने ई-विकास प्रणाली, ई-टोकन व्यवस्था तथा जिले में अब तक हुए उर्वरक वितरण की जानकारी दी। इस पर मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि किसानों को फसल की आवश्यकता के अनुरूप ही उर्वरकों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने अधिक मात्रा में रासायनिक उर्वरकों के उपयोग से बचने की सलाह देते हुए नैनो यूरिया एवं नैनो एनपीके के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया। साथ ही किसानों को इनके उपयोग की सही विधि भी समझाने के निर्देश दिए।

इस दौरान बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एडीएम श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्री संस्कार बावरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

ग्रामीण प्रतिभाओं के सपनों को नई उड़ान देगा यह नवाचार – मंत्री श्रीमती संपतिया उइके

प्रदेश के लिए प्रेरणादायी मॉडल बनेगा प्रोजेक्ट संकल्प – सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते

हर विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता – कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे

प्रतिभा को मिलेगा मार्गदर्शन, मंडला में प्रोजेक्ट संकल्प लॉन्च

 

मंडला, 11 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की विशेष पहल पर जिले के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क तैयारी कराने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट संकल्प का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट के जिला योजना भवन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके एवं सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके पश्चात सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रोजेक्ट संकल्प को लॉन्च किया गया।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि प्रोजेक्ट संकल्प अत्यंत सराहनीय और दूरदर्शी पहल है। इससे जिले के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इस योजना की जानकारी अपने परिवार और आसपास के अन्य बच्चों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें।

सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि यह पहल मंडला के विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने वाली है। गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और आधुनिक संसाधनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। यह नवाचार निश्चित रूप से जिले के शिक्षा क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।

 

क्या है प्रोजेक्ट संकल्प ?

 

प्रोजेक्ट संकल्प पर जानकारी देते हुए कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने बताया कि यह प्रोजेक्ट जिले की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी का समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में जिले के 80 शासकीय विद्यालयों में विद्यालय समय से पहले प्रातः 9:30 से 11 बजे तथा विद्यालय समय के बाद शाम 4:30 से 5 बजे तक निःशुल्क कोचिंग संचालित की जाएगी। इसके लिए प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था फिजिक्स वाला के साथ समन्वय किया गया है। विद्यार्थियों को रिकॉर्डेड लेक्चर, डाउट क्लियरिंग सेशन तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन की सुविधा भी मिलेगी।

 

प्रथम बिन्दु – प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग

 

प्रोजेक्ट संकल्प के संबंध में एपीसी श्री मुकेश पांडे ने बताया कि जिले में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के लगभग 85 प्रतिशत विद्यार्थी उचित मार्गदर्शन के अभाव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते थे तथा कई विद्यार्थियों को बेहतर कोचिंग के लिए पलायन करना पड़ता था। इसी आवश्यकता को देखते हुए कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की परिकल्पना पर प्रोजेक्ट संकल्प शुरू किया गया है।

प्रोजेक्ट के तहत विद्यार्थियों को जेईई, नीट, सीयूईटी एवं क्लेट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, साप्ताहिक टेस्ट, मॉक टेस्ट, ओएमआर आधारित परीक्षा, मेंटरशिप, फॉर्म भरने में मार्गदर्शन तथा करियर विशेषज्ञों एवं चिकित्सकों, इंजीनियरों के गेस्ट लेक्चर की सुविधा मिलेगी।

 

द्वितीय बिन्दु – गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की पहल

 

प्रोजेक्ट संकल्प के तहत न सिर्फ जिले के सभी शासकीय विद्यालयों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग दी जायेगी बल्कि कौशल विकास आधारित शैक्षणिक व्यवस्था विकसित करना भी इसका उद्देश्य है। जिसके लिए कक्षा 11वी एवं 12वी के विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर फोकस रखा जायेगा। प्रोजेक्ट के अंतर्गत शिक्षा व्यवस्था में सुधार हेतु एमसीक्यू आधारित मासिक परीक्षाएं, ग्रेडिंग के माध्यम से मॉनिटरिंग, टॉपर क्लब, रिमेडियल कक्षाएं, मॉडल उत्तर, अभिभावक-शिक्षक बैठक तथा प्रत्येक माह उत्कृष्ट विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्राचार्यों के सम्मान जैसे प्रेरक माध्यम अपनाए जायेंगे।

 

करियर मार्गदर्शन पुस्तिका एवं करियर पाथ पोस्टर लॉन्च

 

इस अवसर पर करियर मार्गदर्शन पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इस पुस्तिका का उद्देश्य विद्यार्थियों को विषयवार करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, आवश्यक योग्यता एवं रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान करना है। इसके साथ ही करियर पाथ पोस्टर का विमोचन भी किया गया। यह सामग्री विद्यार्थियों को विषय चयन, उच्च शिक्षा एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करेगी। इसे विद्यालयों, पंचायतों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध कराया जाएगा।

 

अतिथियों का कलम – पुस्तिका देकर स्वागत

 

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ के स्थान पर कलम एवं पुस्तक भेंट कर किया गया। शिक्षा विभाग की इस अभिनव पहल की सभी अतिथियों ने सराहना करते हुए कहा कि यह ज्ञान और शिक्षा के प्रति सम्मान का प्रतीक है तथा इस पहल को जरूरतमंद विद्यार्थियों तक अवश्य पहुंचाया जाना चाहिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, विधायक निवास श्री चैनसिंह वरकड़े, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमलेश तेकाम, जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेष मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि श्री जयदत्त झा, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रही।

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना:

मण्डला से 196 श्रद्धालु माँ कामाख्या शक्ति पीठ के दर्शन को रवाना

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने दिखाई हरी झंडी

 

मंडला, 11 जुलाई 2026

राज्य शासन की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत मण्डला जिले के 196 वरिष्ठ नागरिकों का दल शनिवार को माँ कामाख्या शक्ति पीठ के दर्शन के लिए रवाना हुआ। जिला योजना भवन परिसर के सामने आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने बसों को हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को विदा किया। श्रद्धालुओं का यह दल बसों के माध्यम से पहले नैनपुर पहुंचेगा, जहाँ से आगे की यात्रा रेल द्वारा की जाएगी।

मंत्री श्रीमती उइके ने सभी तीर्थयात्रियों को पुष्पहार एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि आप सभी वरिष्ठ नागरिकों को माँ कामाख्या शक्ति पीठ के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। यह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान और आस्था का प्रतीक है। शासन की यह योजना बुजुर्गों को देश के पवित्र तीर्थों के दर्शन का अवसर दे रही है। तीर्थयात्रियों के यात्रा पर प्रस्थान करने से पूर्व जिला योजना भवन में केबिनेट मंत्री श्रीमती उइके ने श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम, तहसीलदार मण्डला श्री हिमांशु भलावी सहित तीर्थयात्रियों के परिजन उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

मनमानी फीस, महंगी किताबों और सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं – एसडीएम

 

मंडला, 11 जुलाई 2026

विद्यार्थियों के हितों, सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय नैनपुर में अनुविभाग अंतर्गत संचालित सभी निजी विद्यालयों के संचालकों एवं प्राचार्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय दण्डाधिकारी, नैनपुर श्री आशुतोष सिंह ठाकुर ने की। इस अवसर पर एसडीओपी नैनपुर, थाना प्रभारी नैनपुर, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

बैठक में मध्यप्रदेश निजी विद्यालय (फीस तथा संबंधित विषयों का विनियमन) अधिनियम, 2017 तथा मध्यप्रदेश निजी विद्यालय प्रबंधन नियम, 2020 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसडीएम द्वारा स्पष्ट किया गया कि विद्यालय केवल शासन द्वारा निर्धारित एवं अनुमत शुल्क ही लें तथा किसी भी प्रकार का अतिरिक्त या अवैधानिक शुल्क वसूल नहीं किया जाए।

एसडीएम ने विद्यालय संचालकों को यह भी निर्देश दिए कि विद्यार्थियों एवं अभिभावकों पर किसी विशेष दुकान या विक्रेता से पुस्तकें, गणवेश अथवा अन्य शैक्षणिक सामग्री खरीदने का दबाव न बनाया जाए। साथ ही महंगे निजी प्रकाशकों की पुस्तकें खरीदने के लिए भी अभिभावकों को बाध्य नहीं किया जाए। विद्यालयों को केवल शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक अध्ययन सामग्री निर्धारित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए बड़े विद्यालयों में फायर सेफ्टी के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, समय-समय पर उनके परीक्षण, फायर सेफ्टी प्लान तैयार रखने तथा आपदा प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए। विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की भी विस्तृत समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए कि स्कूल वैन एवं अन्य परिवहन वाहन मोटरयान अधिनियम तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें। सभी वाहनों में वैध फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा, अनुभवी चालक, प्राथमिक उपचार किट, अग्निशमन यंत्र, जीपीएस सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विद्यालय एवं वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

जनहानि रोकने के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश लागू

 

मंडला, 11 जुलाई 2026

मानसून के दौरान झरनों, नदी-नालों एवं अन्य जल स्त्रोतों पर होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए नैनपुर एसडीएम श्री आशुतोष सिंह ठाकुर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार अनुभाग नैनपुर के अंतर्गत सभी झरनों, नदियों, वाटरफॉल तथा अन्य दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के 50 मीटर के दायरे में प्रवेश, पिकनिक मनाना, रील बनाना, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, जलक्रीड़ा एवं अन्य मनोरंजक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही खाद्य सामग्री की अस्थायी दुकानें या ठेले लगाने तथा अन्य जोखिमपूर्ण गतिविधियों की भी अनुमति नहीं होगी।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जलमग्न पुल-पुलियों, रपटों को पार करना अथवा पार करने का प्रयास करना, जलभराव वाले क्षेत्रों में वाहन ले जाना या खड़ा करना प्रतिबंधित रहेगा। सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना जलाशयों में नाव अथवा नौकाओं का संचालन तथा व्यावसायिक या मनोरंजनात्मक नौकायन भी पूर्णतः निषिद्ध रहेगा।

प्रशासन ने पुलिस, राजस्व, नगर परिषद, जनपद पंचायत तथा आपदा प्रबंधन दल द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स, चेतावनी संकेतों एवं प्रतिबंधों का पालन करने की अपील की है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 सहित अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर व्यापारियों की बैठक आयोजित

 

मंडला, 11 जुलाई 2026

नगर पालिका परिषद मंडला द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर पालिका परिसर स्थित टाउनहॉल में व्यापारी संघ समिति के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष श्री अविनेश कछवाहा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मंडला, पार्षद श्री विनय बरखानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

नगर पालिका अध्यक्ष श्री कछवाहा ने व्यापारियों से अपने-अपने व्यावसायिक क्षेत्रों में डस्टबिन रखने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने तथा बाजार आने वाले ग्राहकों को भी कपड़े के थैलों के उपयोग के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। बैठक में बताया गया कि शुक्रवार को चलाए गए विशेष सफाई अभियान के दौरान लगभग 8 से 9 टन प्लास्टिक, पॉलीथीन एवं ठोस अपशिष्ट एकत्रित किया गया।

बैठक में स्वच्छता नोडल अधिकारी रुखसार अली ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 की गाइडलाइन की विस्तार से जानकारी देते हुए व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों से प्रतिदिन निकलने वाले कचरे को पृथक कर नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहनों में ही दें तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं पॉलीथीन का उपयोग पूरी तरह बंद करें।

नगर पालिका द्वारा शहर में जागरूकता अभियान के साथ-साथ संकेतात्मक चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित व्यापारियों से नगर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

राज्य स्तरीय मछुआ दिवस पर मंडला के मत्स्य पालकों का सम्मान

आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों की मिली जानकारी

 

मंडला, 11 जुलाई 2026

राष्ट्रीय मछुआ दिवस के अवसर पर कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मछुआ दिवस कार्यक्रम में मंडला जिले के 100 मत्स्य पालकों ने सहभागिता कर आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों एवं उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य मत्स्य पालकों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक तकनीकों से जोड़कर उत्पादन और आय में वृद्धि के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने आधुनिक मत्स्य पालन पद्धतियों, वैज्ञानिक प्रबंधन तथा उत्पादन बढ़ाने के प्रभावी उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही मत्स्य पालन को अधिक लाभकारी बनाने के लिए नवाचारों और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में सांसद श्री आशीष दुबे के मुख्य आतिथ्य में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मंडला जिले के ग्राम रामनगर निवासी श्री ब्रजेश ठाकुर को बायोफ्लॉक तकनीक में नवाचार (अमोनिया नियंत्रण) के लिए सम्मानित किया गया। वहीं श्री आदित्य पन्द्रे ग्राम कजरवाड़ा, नैनपुर को मत्स्य मूल्य संवर्धन एवं विपणन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान मिला। इसके अलावा नवज्योति मत्स्य सहकारी समिति ग्राम मांद को भी मत्स्य पालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सहायक संचालक मत्स्योद्योग श्री एन.के. भगत, सहायक मत्स्य अधिकारी श्री एस.के. भारद्वाज तथा मत्स्य निरीक्षक श्री पी.आर. वैद्य सहित जिले की विभिन्न मछुआ सहकारी समितियों के पदाधिकारी एवं मत्स्य पालक उपस्थित रहे। सागर, मांद, झालपानी, चंगरिया, कोंडरा, गूड़ाअंजनिया, निवास, मवई, नारायणगंज एवं बीजाडांडी क्षेत्रों के मत्स्य पालकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।

मत्स्योद्योग विभाग ने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक तकनीकों एवं वैज्ञानिक प्रबंधन को अपनाने से जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलेगा तथा मत्स्य पालकों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

 

 

 

 

विश्व जनसंख्या दिवस अभियान का शुभारंभ, 18 जुलाई तक चलेगा जनजागरूकता अभियान

 

मंडला, 11 जुलाई 2026

विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को जिले में जनसंख्या स्थिरीकरण एवं परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विश्व जनसंख्या दिवस अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ जिला मुख्यालय स्थित मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक, स्वामी सीताराम वार्ड क्रमांक-11 से किया गया। यह अभियान 11 जुलाई से 18 जुलाई तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों के प्रति जनजागरूकता लाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

जिला परिवार कल्याण कार्यक्रम अधिकारी एवं शहरी क्षेत्र के नोडल अधिकारी डॉ. डी.के. मरकाम ने बताया कि अभियान के दौरान लक्ष्य दंपतियों को परिवार नियोजन के अस्थायी एवं स्थायी साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही दो बच्चों के बीच उचित अंतराल रखने के स्वास्थ्य संबंधी लाभ, छोटे एवं संतुलित परिवार के महत्व तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. मरकाम ने परिवार नियोजन साधनों के उपयोग, जनसंख्या नियंत्रण की आवश्यकता तथा स्वस्थ परिवार के निर्माण में जनभागीदारी के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उठाने और अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर शहरी क्षेत्र मंडला की बीईई श्रीमती सपना साहू, सुपरवाइजर एस.एस. ठाकुर, एलडीसी/एमआईएस मुकेश कार्तिकेय, आशीष तिवारी, संजीवनी क्लीनिक का समस्त स्टाफ, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभियान के दौरान जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम, परामर्श सत्र, परिवार नियोजन सेवाएं तथा विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक पात्र दंपति इन सेवाओं का लाभ उठा सकें और स्वस्थ एवं संतुलित परिवार की अवधारणा को अपनाएं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

एक पौधा माँ के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण

 

मंडला, 11 जुलाई 2026

शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय, मंडला में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक पौधा माँ के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती कल्पना नामदेव के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर संचालित इस अभियान के तहत विद्यालय परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। एनसीसी कैडेट्स ने पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया। इस दौरान गाजर घास उन्मूलन अभियान चलाकर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी श्री विपिन लखेरा ने विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व एवं पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। वहीं एनसीसी अधिकारी संजय धनगर ने प्रत्येक कैडेट को कम से कम 10 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया तथा वायुदूत ऐप एवं माय भारत पोर्टल पर पौधारोपण की तस्वीरें अपलोड करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के प्रभारी श्री प्रवीण अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पौधों के दीर्घकालिक संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए सभी से इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यालय स्टाफ ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनका संरक्षण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।

Related posts

हल्दी की खुशबू से मिली नई पहचान लावर के किसान धर्मपाल सिंह ने मक्के की जगह हल्दी लगाकर बनाई आत्मनिर्भरता की मिसाल

Reva India News

उपसंचालक कृषि ने किया मार्कफेड गोदाम का निरीक्षण

Reva India News

4 से 5 मई  तक रामनगर मंडला में आदि उत्सव का भव्य आयोजन होगा   सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने आदि उत्सव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर की बैठक  

Reva India News

Leave a Comment