Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

मणिपुरी नृत्यांगना कंकना सिंह की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

मंडला – मशहूर चित्रकार सैयद हैदर रज़ा की स्मृति में मंडला में आयोजित छ: दिवसीय साहित्यिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम में बुधवार की शाम रज़ा साहब की पुण्य तिथि की पूर्व संध्या पर मणिपुरी नृत्य का एक मनोहारी कार्यक्रम नर्मदा तट के माहिष्मती घाट पर आयोजित हुआ। सांस्कृतिक नगरी कोलकाता की प्रसिद्ध मणिपुरी नृत्यांगना कंकना सिंह ने नर्मदा नदी के माहिष्मती घाट पर अपनी सधी हुई प्रस्तुतियों से मणिपुरी नृत्य की परंपरा, सूक्ष्म भंगिमाओं और शास्त्रीय नृत्य के लास्य को जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक प्रस्तुति “कृष्ण रूप वर्णन” से हुई। प्रख्यात गुरु बिपिन सिंह द्वारा लास्य अंगिका शैली में रचित यह प्रस्तुति मणिपुरी ताल प्रणाली के दुर्लभ 11 मात्राओं वाले “ताल कंकन” पर आधारित थी। कंकना सिंह ने श्रीकृष्ण के दिव्य रूप को कोमल मुद्राओं, चंचल हस्त मुद्राओं, गर्दन-भंगिमा, चंचल नेत्रों और शांत मुखाभिव्यक्ति के माध्यम से साकार किया। मृदु चरण-संचालन और तरल देह-लय ने प्रस्तुति को और प्रभावी बनाया।

दूसरी प्रस्तुति “अभिसारिका” पूर्णतः अभिनय प्रधान रही। इसमें प्रियतम से मिलने निकलती नायिका की मनःस्थिति को कंकना सिंह ने अत्यंत सूक्ष्मता से व्यक्त किया। आशंका, संकोच, उत्सुकता और प्रेम की मिश्रित छाया उनके चेहरे और दृष्टि में स्पष्ट दिखी। सावधान पद प्रहार, संयत हस्तमुद्राओं एवं भंगिमाओं ने नायिका के भीतर चल रहे भाव-संघर्ष को प्रभावी ढंग से सामने रखा। लास्य अंगिका में प्रस्तुत इस रचना ने प्रेम, प्रतीक्षा, आशंका और समर्पण के भावों को संतुलित रूप में उभारा।

तीसरी प्रस्तुति “अर्धनारीश्वर” थी, जिसकी रचना और कोरियोग्राफी स्वयं कंकना सिंह ने की है। ऋग्वेद के नासदीय सूक्त और देवी सूक्तम् से प्रेरित इस प्रस्तुति में आदि शंकराचार्य रचित हरगौरी अष्टकम् के अंश भी शामिल थे। नृत्य में शिव और शक्ति की संयुक्त सत्ता को प्रभावशाली भंगिमाओं के जरिए प्रस्तुत किया गया। एक ओर स्थिर, गंभीर और नियंत्रित मुद्रा में शिवतत्त्व, तो दूसरी ओर कोमल, प्रवाहमयी और लयात्मक गतियों में शक्तितत्त्व दिखाई दिया।

कार्यक्रम का समापन “घन बारी प्रबंध” से हुआ। नृत्य-प्रधान इस प्रस्तुति में वर्षा ऋतु और मूसलाधार बारिश की अनुभूति को लय, गति और ऊर्जा के माध्यम से मंच पर रचा गया। कंकना सिंह की प्रस्तुतियों ने मणिपुरी नृत्य की शास्त्रीय गरिमा, सूक्ष्म भावाभिव्यक्ति, नियंत्रित लय, कोमल सौंदर्य तथा आध्यात्मिक गहराई को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर और दर्शक-दीर्घा को मंत्रमुग्ध कर दिया।

Related posts

संसदीय दल ने किया ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों का अध्ययन मानिकसरा में कस्टम हायरिंग सेंटर, वाटरशेड और आजीविका मिशन के काम देखे

Reva India News

पुलिस थाना मोतीनगर जिला सागर के द्वारा 311 पाव एवं 21 देसी शराब की बोतल ( करीब 70 लीटर) अवैध शराब बरामद,* 

Reva India News

सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला, नवनियुक्त पदाधिकारियों को दी शुभकामनाएं .भाजपा जिला अध्यक्ष श्री मिश्रा ने कहा कि संगठन ही हमारी सबसे बड़ी ताकत

Reva India News

Leave a Comment