प्रत्येक बच्चे को सुपोषण से जोड़ना हमारी जिम्मेदारी- कलेक्टर
आंगनबाड़ी पहुंचे कलेक्टर श्री धोटे
मंडला, 8 अगस्त 2026
शुक्रवार को मोहगांव भ्रमण के दौरान मोहगांव रैयत के आंगनबाड़ी के निरीक्षण पर पहुंचे कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि आंगनबाड़ी में दर्ज प्रत्येक बच्चे की जिम्मेदारी हमारी है। उनके स्वास्थ्य और पोषण का हमें ध्यान रखना है। इसलिए इस दिशा में बेहतर कार्य किया जाए। इस दौरान उन्होंने केन्द्र में दर्ज बच्चों की संख्या, उपस्थिति, मध्याह्न भोजन, वजन, टीकाकरण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहन्ती, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास श्री रोहित बड़कुल, एसडीएम घुघरी श्री सचिन जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने किया कस्तूरबा कन्या आश्रम और स्कूलों का निरीक्षण
स्वास्थ्य जांच बढ़ाने के निर्देश, बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रेरित करने कहा
मंडला, 8 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत मोहगांव भ्रमण पर पहुंचे कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने शुक्रवार को ग्राम उमरडीह स्थित कस्तूरबा आदिवासी कन्या आश्रम, हाई स्कूल और मिडिल स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं और विद्यार्थियों की सुविधाओं, शिक्षा की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
कन्या आश्रम में स्वास्थ्य जांच बढ़ाने के निर्देश
कस्तूरबा आदिवासी कन्या आश्रम में कलेक्टर ने छात्राओं की उपस्थिति, आवास, भोजन की व्यवस्था और स्वास्थ्य जांच की जानकारी ली। इस शैक्षणिक सत्र में अब तक छात्राओं की स्वास्थ्य जांच और उपचार नहीं होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने इसमें वृद्धि के निर्देश दिए।
वार्डन को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर सभी छात्राओं की नियमित स्वास्थ्य जांच कराई जाए और आवश्यकता अनुसार उपचार भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आश्रम में बच्चों को दिए जा रहे भोजन और नाश्ते के मेनू की भी जानकारी ली और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
हाई स्कूल में शिक्षा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर श्री धोटे ने ग्राम में संचालित हाई स्कूल का भी निरीक्षण किया। यहां 32 विद्यार्थियों की कुल दर्ज संख्या देखकर उन्होंने प्राचार्य को निर्देश दिए कि घर-घर जाकर शाला त्यागी बच्चों की पहचान की जाए और उनकी पुनः प्रवेश कराकर दर्ज संख्या बढ़ाई जाए।
कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों से चर्चा के दौरान कलेक्टर ने पिछले माह की मासिक परीक्षा के परिणामों के बारे में पूछा। जब कोई भी विद्यार्थी अपने टेस्ट के परिणाम से अवगत नहीं मिला तो उन्होंने प्राचार्य को कहा कि बच्चों का शैक्षणिक स्तर सुधारें, नियमित टेस्ट लें और परिणामों की जानकारी बच्चों और पालकों दोनों को दें।
मिडिल स्कूल में बच्चों से की आत्मीय चर्चा
इसके पश्चात कलेक्टर ने मिडिल स्कूल का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों से मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, खेल-कूद और पढ़ाई के बारे में बातचीत की। बच्चों से आत्मीयता से पूछा आप बड़े होकर क्या बनना चाहते हो ? बच्चों ने अपने सपनों को साझा किया। कलेक्टर ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मेहनत और लगन से वे अपने लक्ष्य को जरूर हासिल करेंगे।
इस अवसर पर ग्राम की सरपंच, सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम घुघरी श्री सचिन जैन सहित शिक्षा और आदिवासी विकास विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मंडला जिले में 8 अगस्त को हुई 26.1 मिमी बारिश
अब तक 563.6 मिमी वर्षा
मंडला, 8 अगस्त 2026
जिले में 8 अगस्त को कुल 26.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही 1 जून 2026 से अब तक जिले में कुल 563.6 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड हुई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में जिले में 1140.8 मिमी बारिश हुई थी।
तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार, बिछिया में सर्वाधिक 50.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद नैनपुर में 45.4 मिमी, घुघरी में 25.1 मिमी, नारायणगंज में 15.4 मिमी, मंडला में 10.9 मिमी और निवास में 10.0 मिमी वर्षा हुई।
वर्ष 2026 में अब तक नैनपुर में 626.8 मिमी, बिछिया में 656.2 मिमी, घुघरी में 651.1 मिमी, मंडला में 656.5 मिमी, निवास में 418.4 मिमी और नारायणगंज में 337.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
जिले की वार्षिक औसत वर्षा 1326.2 मिमी, जबकि जिला मुख्यालय तहसील मंडला की वार्षिक औसत वर्षा 1442.6 मिमी बताई गई है। वहीं जिले की औसत वर्षा 758.2 मिमी दर्ज की गई है।
आबकारी विभाग मंडला की अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई
मंडला, 8 अगस्त 2026
कलेक्टर मंडला श्री राहुल नामदेव धोटे एवं जिला आबकारी अधिकारी मंडला (प्र.) सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती शैली सैयाम के मार्गदर्शन में आबकारी बल द्वारा मंडला वृत्त में अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध दबिश की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान ग्राम गौंझी में नर्मदा नदी के किनारे अवैध रूप से मदिरा निर्माण करने वाले अड्डों पर दबिश दी गई। इस दौरान एक अवैध अड्डे से लगभग 45 डिब्बों में महुआ लाहन बरामद किया गया। प्रत्येक डिब्बे में लगभग 10 किलोग्राम महुआ लाहन भरा हुआ पाया गया। इस प्रकार कुल लगभग 450 किलोग्राम महुआ लाहन मौके पर बरामद हुआ।
इसके साथ ही 10 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची शराब भी बरामद कर जब्त की गई। लगभग 450 किलोग्राम महुआ लाहन को घटनास्थल पर ही नष्ट किया गया। आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। जब्त महुआ लाहन एवं मदिरा की कुल अनुमानित कीमत 46 हजार 500 रूपए है।
मंडला में 10 अगस्त को मनाया जाएगा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस
मंडला, 8 अगस्त 2026
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार जिले में प्रसव पूर्व देखभाल की गुणवत्ता एवं कवरेज बढ़ाने तथा हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की जांच, निदान एवं परामर्श सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 10 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा।
जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं महिला चिकित्सा अधिकारियों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की जांच एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया जाएगा। अभियान के लिए जिला अस्पताल मंडला सहित सीएचसी बम्हनी बंजर, बिछिया, घुघरी, मवई, मोहगांव, नैनपुर, नारायणगंज, निवास, यूपीएचसी मंडला, सीएचसी अंजनिया, मोहनिया पाटपरा, पीएचसी अंजनिया, पिंडरई, चिरईडोंगरी, माधोपुर, बकोरी, घोंटा, टाटरी और बबलिया में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं निर्धारित की गई हैं।
