मंडला, 18 सितम्बर 2026
मंडला जिले में पंचायतों के उप निर्वाचन 2026 (पूर्वार्द्ध) को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यालय जिला निर्वाचन अधिकारी मंडला द्वारा इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने हेतु आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।
आगामी 23 सितंबर 2026 को रानी फूलकुंवर शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला के छात्रावास में ई.वी.एम. मशीनों की कमिशनिंग की जाएगी। कमिशनिंग के बाद ई.वी.एम. मशीनों को मंडला के स्ट्रॉन्ग रूम से जनपद पंचायत मंडला, नैनपुर, मवई, नारायणगंज और बीजाडांडी के अस्थाई स्ट्रांग रूम में 23 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक सुरक्षित रखा जाएगा। सरपंच के रिक्त पदों के लिए मतदान 29 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसके लिए रिटर्निंग ऑफिसर जनपद पंचायत से 28 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से मतदान दल अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा अस्थाई स्ट्रांग रूम और मतदान दलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षा बल तैनात करने का अनुरोध किया गया है। निर्वाचन के तहत मंडला, नैनपुर, नारायणगंज, मवई और बीजाडांडी जनपद पंचायतों के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्राम पंचायतों (जैसे- गूरारखेड़ा, बड़ीखैरी, बिंझिया, चंदियाजर, देवरीकला, मवई और चरगांवमाल) के निर्धारित भवनों में सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
