मंडला, 1 अक्टूबर 2026
जिले में वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 29 एवं 30 सितंबर 2026 को ग्रामीण आजीविका मिशन के बीआरसी भवन में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। 29 सितंबर को आयोजित एफएल-सीआरपी प्रशिक्षण कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता केंद्र (सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया), मंडला के अधिकारी श्री कृष्णकांत अवस्थी ने सहभागिता की। कार्यक्रम में आजीविका मिशन की प्रबंधक श्रीमती सीमा झरिया उपस्थित रहीं।

इसी क्रम में 30 सितंबर को ग्रामीण आजीविका मिशन के बीआरसी भवन में महिष्मति सीएलएफ की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जनपद पंचायत मंडला के अध्यक्ष श्री सोनू भलावी ने की। कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता केंद्र के अधिकारी श्री कृष्णकांत अवस्थी, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा मंडला के शाखा प्रबंधक श्री निखिल बोहरा एवं आजीविका मिशन की प्रबंधक श्रीमती सीमा झरिया उपस्थित रहीं।

दोनों कार्यक्रमों में श्री अवस्थी एवं श्री बोहरा ने समूह की महिलाओं एवं एफएल-सीआरपी को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना सहित बैंक की विभिन्न जमा एवं ऋण योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही डिजिटल बैंकिंग के दौरान होने वाले विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए गए। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई।

