मंडला, 1 अक्टूबर 2026
आबकारी दल ने ग्राम गोंझी के जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से शराब निर्माण करने वाले अड्डों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 120 डब्बों में भरा महुआ लहान बरामद किया गया। प्रत्येक डब्बे में लगभग 10 किलोग्राम महुआ लहान पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस प्रकार कुल 1200 किलोग्राम महुआ लहान नष्ट किया गया। इसके साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तनों को भी घटनास्थल पर नष्ट किया गया।

आबकारी बल को देखकर अवैध शराब निर्माण में संलिप्त व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। अवैध रूप से मदिरा निर्माण के संबंध में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध दो प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सचिन मंडलोई, प्रधान आरक्षक विजय कमलेश, नेतराम काकोटिया एवं आरक्षक विकास कौरव उपस्थित रहे। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।
