मंडला, 1 अक्टूबर 2026
जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों मंडला, निवास और बिछिया में 18-19 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में जोड़ने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. भोपाल के निर्देश पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मंडला के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी मतदान केंद्रों पर 3 अक्टूबर शनिवार, 5 अक्टूबर सोमवार, 9 अक्टूबर शुक्रवार और 10 अक्टूबर शनिवार को विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्र में कैंप का आयोजन सुनिश्चित करें और प्राप्त आवेदनों की जानकारी प्रतिदिन शाम 4 बजे तक कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
