मंडला, 2 अक्टूबर 2026
मध्यप्रदेश सरकार की ’आवास सहायता योजना’ दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों की छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा हासिल करने की राह में एक बड़ा संबल बनकर उभर रही है। मंडला जिले के ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली जनजातीय वर्ग की छात्रा वर्षा कुलस्ते की उच्च शिक्षा में जब आर्थिक चुनौतियाँ बाधा बन रही थीं, तब इस योजना ने उनका मार्ग सुगम कर दिया।
वर्षा कुलस्ते वर्तमान में पीएम कॉलेज रानी दुर्गावती पीजी कॉलेज, मंडला से भूगोल विषय में एम.ए. चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा हैं। ग्रामीण पृष्ठभूमि से होने के कारण उन्हें पढ़ाई जारी रखने के लिए मंडला शहर में ही रहना आवश्यक था। कॉलेज हॉस्टल (छात्रावास) में सीट उपलब्ध न होने के कारण उन्हें शहर में किराए का कमरा लेकर रहना पड़ रहा था। कमरे का किराया, राशन और दैनिक जीवन के अन्य खर्च उनके परिवार के लिए एक बड़ा आर्थिक बोझ साबित हो रहे थे, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।
ऐसी परिस्थिति में वर्षा को अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए संचालित श्आवास सहायता योजनाश् की जानकारी मिली और उन्होंने इसके तहत आवेदन किया। योजना के अंतर्गत सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में मकान किराए के भत्ते के रूप में प्राप्त होने लगी।
अब इस वित्तीय सहायता की बदौलत वर्षा बिना किसी आर्थिक तनाव के समय पर अपने कमरे का किराया अदा कर पा रही हैं और अपनी मास्टर डिग्री (एम.ए.) की पढ़ाई शांतिपूर्ण ढंग से बेहतर तरीके से पूरी कर रही हैं। वर्षा कुलस्ते ने इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके उच्च शिक्षा के सपने को एक नई दिशा और उड़ान दी है।
