Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कान्हा टाइगर रिजर्व के सुदूर ग्रामीण अंचल में बच्चों के लिए ‘कान्हा बाल उद्यान’ का शुभारंभ

मंडला, 15 अक्टूबर 2026। कान्हा टाइगर रिजर्व मंडला के अंतर्गत परिक्षेत्र मोतीनाला बफर की इको विकास समिति मनोरी द्वारा ग्रामीण बच्चों को सुरक्षित खेल का वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘कान्हा बाल उद्यान’ का निर्माण कराया गया है। आज दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को क्षेत्र संचालक, कान्हा टाइगर रिजर्व श्री रवीन्द्र मणि त्रिपाठी द्वारा इको विकास समिति मनोरी के अध्यक्ष श्री लक्ष्मण सिंह मरकाम एवं विभागीय अधिकारियो, इको विकास समिति सदस्यों, स्कूल के शिक्षक एवं छात्र छात्राओं की उपस्थिति में उद्यान का उद्घाटन कर इसे बच्चों को समर्पित किया गया।

सुदूर ग्रामीण अंचलों में बच्चों के खेलने के लिए सुरक्षित स्थानों का अभाव रहता है। ऐसी स्थिति में बच्चे सड़कों, नदी-नालों के किनारों तथा कभी-कभी वन क्षेत्रों में भी खेलने चले जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं एवं अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। बच्चों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक खेल स्थल उपलब्ध कराने तथा ऐसी संभावित घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से इको विकास समिति मनोरी द्वारा पारित प्रस्ताव के आधार पर इस बाल उद्यान का निर्माण कराया गया है।

‘कान्हा बाल उद्यान’ के साथ ‘कान्हा बाल मित्र दल’ का गठन

 

बाल उद्यान के रखरखाव, स्वच्छता एवं सुरक्षा के प्रति बच्चों में सहभागिता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से बच्चों का ‘कान्हा बाल मित्र दल’ भी गठित किया गया है। इस पहल से बच्चों को सुरक्षित वातावरण में खेलने का अवसर मिलने के साथ-साथ सामूहिक सहभागिता, अनुशासन एवं अपने परिवेश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में भी मदद मिलेगी।

विद्यालय में डेस्क-बेंच एवं शैक्षणिक सामग्री का वितरण

 

इको विकास समिति मनोरी द्वारा बच्चों की शिक्षा एवं विद्यालय में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई है। समिति द्वारा प्राथमिक शाला मनोरी के छात्र-छात्राओं को जमीन पर बैठने के स्थान पर डेस्क-बेंच उपलब्ध कराई गई हैं। इससे विद्यार्थियों को कक्षा में बैठकर अध्ययन करने के लिए अधिक सुविधाजनक व्यवस्था प्राप्त होगी।

इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को स्कूल बैग, जूते, पानी की बोतल एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई है। इन प्रयासों का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना, उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनकी शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है।

कान्हा टाइगर रिजर्व द्वारा इको विकास समितियों के माध्यम से किए जा रहे ऐसे प्रयास वन संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण समुदायों के कल्याण, बच्चों की सुरक्षा एवं शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। ‘कान्हा बाल उद्यान’ एवं शैक्षणिक सुविधाओं की यह पहल ग्रामीण बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ एवं बेहतर भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्ध होगी।

Related posts

किशोरी बालिका जागरूकता शिविर आयोजन के निर्देश

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 20 सितम्बर 2023

Reva India News

घुघरी में उचित मूल्य की दुकानों का औचक निरीक्षण

Reva India News

Leave a Comment