मंडला, 18 नवम्बर 2026
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार युवा संगम अंतर्गत वृहद रोजगार मेला का आयोजन 28 नवंबर 2026 को प्रातः 11 बजे से पीएम श्री महाविद्यालय, मंडला में किया जाएगा। मेले में जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को विभिन्न रोजगार एवं स्वरोजगार अवसरों से जोड़ने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार रोजगार मेले के सफल आयोजन एवं क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मंडला को कार्यक्रम का जिला स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को मेला स्थल पर कानून एवं व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला रोजगार अधिकारी को रोजगार मेले की संपूर्ण व्यवस्थाओं के साथ बेरोजगार युवक-युवतियों के पंजीयन, कम्पनियों से समन्वय, प्रचार-प्रसार, कंपनी प्रतिनिधियों की आवश्यक व्यवस्थाओं तथा उपस्थित युवाओं की कॅरियर काउंसलिंग का दायित्व सौंपा गया है। इसी प्रकार जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, आईटीआई, आजीविका मिशन, जनपद पंचायतों, जनसंपर्क, नगर पालिका, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा संबंधित शैक्षणिक संस्थानों के अधिकारियों को भी विभिन्न दायित्व दिए गए हैं।
रोजगार मेले में राज्य एवं स्थानीय कंपनियों को आमंत्रित कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ रोजगार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मेले में आने वाले अभ्यर्थियों के पंजीयन, मार्गदर्शन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में निर्वहन करते हुए रोजगार मेले को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
