Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

बैगा बाहुल्य ग्राम हर्राटोला में बाल विवाह रोकथाम के लिए विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक

मंडला, 20 नवम्बर 2026

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विकासखंड मवई के बैगा बाहुल्य ग्राम हर्राटोला स्थित एकीकृत शासकीय हाई स्कूल में वन स्टॉप सेंटर द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री विनोद परस्ते के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ग्रामीणों एवं अभिभावकों के समक्ष नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने बाल विवाह से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका एवं 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह कानूनन अपराध है। इसमें संलिप्त व्यक्तियों के लिए दो वर्ष तक का कारावास एवं एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करने, बाल मजदूरी रोकने तथा पॉक्सो अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम एवं लिंग जांच निषेध संबंधी प्रावधानों की जानकारी भी दी।

पैरालीगल वॉलेंटियर श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, पीड़ित प्रतिकर योजना, किशोर न्याय अधिनियम एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में जानकारी देते हुए विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 से अवगत कराया। कार्यक्रम में बाल विवाह शिकायत जिला नियंत्रण कक्ष 07642-252699, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस सहायता 112 एवं साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, ग्रामीणजन, अभिभावक, विद्यार्थी एवं बहुउद्देशीय कार्यकर्ता श्री हरिशंकर कछवाहा उपस्थित रहे।

Related posts

शासकीय आईटीआई मंडला में प्लेसमेंट ड्राइव का आज होगा आयोजन

Reva India News

कटरा में 2 तथा कालपी में 1 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले

Reva India News

प्रतियोगी परीक्षाओं में अधिक भागीदारी के लिए निर्देश जारी

Reva India News

Leave a Comment