मण्डला, 26 मार्च 2021
कोरोना के बढ़ते संक्रमण की रोकथाम के उद्देश्य से आयोजित संकट प्रबंधन समिति की बैठक केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कोरोना के संक्रमण पर नियंत्रण पाने के लिए सख्त कदम उठाये जाना आवश्यक है। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, विधायक बिछिया नारायण सिंह पट्टा, विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अपर कलेक्टर मीना मसराम, सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह सहित समस्त एसडीएम, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा खण्ड चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने कहा कि बाजार हाट में होने वाली भीड़ को रोकने के लिए सख्त कदम उठाना आवश्यक है। सार्वजनिक कार्यक्रमों को भी सीमित करना होगा। श्री कुलस्ते ने कहा कि मॉस्क तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराने के लिए लोगों को समझाईश दी जाए तथा आवश्यकतानुसार कार्यवाही की जाए। राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने कहा कि कोरोना जैसी संक्रामक बीमारी पर नियंत्रण के लिए शासन प्रशासन के साथ-साथ समाज को भी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ पर नियंत्रण लगाने के लिए स्वयंसेवी संगठनों का सहयोग लेने तथा ’मेरी होली मेरा घर’ की थीम को घर-घर तक पहुंचाने की बात कही। राज्यसभा सांसद ने मंडला जिले में कोरोना वैक्सीनेशन पर किए जा रहे कार्यों की सराहना की। विधायक बिछिया नारायण सिंह पट्टा ने सलवाह में बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या पर चिंता जाहिर की। उन्होंने सलवाह तथा सिझौरा में जांच शिविर लगाकर संदिग्धों की जांच कराने की बात कही। विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले ने प्रत्येक गांव में स्वयंसेवकों की सहायता से बैरियर लगाने का सुझाव दिया। उन्होंने आव्हान किया कि जागरूकता से कार्य करते हुए खुद सावधानी बरतें और खुद को बचाएं। श्री मर्सकोले ने स्वास्थ्य अमले की उपलब्धता के बारे में भी अपने सुझाव दिए। नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला ने कहा कि बाजारों में होने वाली भीड़ को सख्ती से रोका जाए तथा बाहर से आने वाले लोगों की जांच कराई जाए।
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रशासन द्वारा प्रत्येक जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। मॉस्क एवं सोशल डिस्टेसिंग जैसे प्रोटोकॉल का पालन न करने वालों के विरूद्ध लगातार कार्यवाही जारी है। मेला, मड़ई पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। हाट बाजारों में भीड़ नियंत्रण करने के लिए मजिस्ट्रियल ड्यूटी लगाई जा रही है। लाऊड स्पीकर के माध्यम से भी लोगों को इस संबंध में जानकारी दी जा रही है। होलिका दहन के लिए प्रशासन द्वारा रात्रि 11 बजे तक का समय नियत् किया जा रहा है। इसी प्रकार होलिका दहन के दौरान उपस्थित लोगों की संख्या भी नियत् की जा रही है। लोगों को घर में ही परिवारजनों के साथ होली खेलने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि होली से रंगपंचमी तक हाट बाजार पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। सार्वजनिक स्थलों पर होली खेलना प्रतिबंधित है। धार्मिक, सामाजिक सहित कोई भी सार्वजनिक आयोजनों के लिए संख्या सीमित की जा रही है। ऐसे आयोजनों के लिए एसडीएम से पूर्व अनुमति प्राप्त करना आवश्यक होगा। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि हॉटल, रेस्टॉरेंट में बैठकर खाना प्रतिबंधित किया गया है, यहाँ से सामग्री का पार्सल दिया जाएगा। व्यवसायियों को घर पहुंच सेवा के लिए प्रेरित किया जा रहा है। किसी भी दुकान में एक समय में 5 से अधिक ग्राहक नहीं रूक सकेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम के प्रवेश स्थलों पर रजिस्टर रखकर बाहर आने वालों की सूची तैयार की जा रही है जिनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। बाहर से आने वाले व्यक्तियों को क्वारेंटाईन कराने के लिए पटवारी, सचिव, रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता जिम्मेदार होंगे। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने होलिकोत्सव के दौरान की जाने वाले व्यवस्थाओं के संबंध मंे विस्तार से जानकारी दी। बैठक में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए अनेक निर्णय लिए गए।
