Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

दूरस्थ ग्रामों तक पहुंच रही चलित प्रयोगशाला  

मण्डला 18 जुलाई 2021

जिले के विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से शिक्षण सत्र 2020-21 में कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में “प्रोजेक्ट नई उड़ान” का शुभारंभ किया गया था, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इसी क्रम में अब तक 116 ग्राम पंचायतों के कुल 576 गांवों में चलित प्रयोगशाला सह अधिगम सामग्री यूनिट द्वारा छात्रों को सूक्ष्मदर्शी, लेंस, दर्पण, एवं जीव विज्ञान के स्पेसिमेन संबंधी विस्तृत जानकारी दी जा रही है। छात्रों से पाठ्यक्रम संबंधी प्रायोगिक कार्य कराए जा रहे हैं जिसका लाभ कक्षा 9वीं से 12वीं के साथ ग्राम के अन्य स्वाध्याय विद्यार्थियों को भी मिल रहा है। एपीसी मंडला मुकेश पाण्डेय एवं विकास खंड शिक्षा अधिकारी जिला मंडला द्वारा कार्यक्रम की सतत मॉनिटरिंग भी की जा रही है। मुकेश पाण्डेय चलित प्रयोगशाला कार्यक्रम के साथ ग्रामीण छात्रों एवं ग्रामीणों को कैरियर गाइडेंस, कोविड-19 टीकाकरण एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। जिला कार्यालय द्वारा प्रेषित की गई गूगल सीट के माध्यम से विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यक्रम का विवरण प्रदान कर रहे हैं। विज्ञान शिक्षकों की उपस्थिति में चलित प्रयोगशाला कार्यक्रम अंतर्गत अब तक कुल 16128 विद्यार्थी लाभान्वित हुए एवं 1683 गांव के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

जिले के विद्यार्थियों की विषय संबंधी एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रति सप्ताह रविवार को ऑनलाइन क्विज तैयार कर हल कराए जा रहे हैं। इस ऑनलाइन क्विज के नवाचारी शिक्षक शक्ति पटेल के द्वारा प्रति सप्ताह भाषा ज्ञान, गणित, इतिहास, विज्ञान, भूगोल, अर्थव्यवस्था, राजव्यवस्था आदि से संबन्धित प्रश्न जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में छात्रों तक ऑनलाइन पहुँचाकर हल कराए जा रहे हैं। इन क्विज में भाग लेने से छात्रों के विषय संबंधी ज्ञान के साथ ही सामान्य ज्ञान में वृद्धि हो रही है।

गतवर्ष जिले के विषय विशेषज्ञों का पेनल तैयार कर जेईई एवं नीट की तैयारी हेतु ऑनलाईन कोचिंग सुविधा प्रारंभ की गई थी जिसमें कक्षा 11वीं एवं 12वीं में 90-90 छात्र-छात्राओं को गूगल फॉम द्वारा ऑनलाईन परीक्षा प्रक्रिया के माध्यम से चयनित कर निःशुल्क कोचिंग सुविधा प्रदान की गई थी। इस क्रम में इस सत्र में पुनः यह कार्यक्रम जिला स्तर से प्रारंभ किया जा रहा है। कक्षाओं का संचालन पिछले सत्र के जिले के प्रमुख शिक्षकों द्वारा ही किया जायेगा।

शिक्षण सत्र 2021-22 में भी उक्त प्रोजेक्ट में नवीन नवाचारों को शामिल कर शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने हेतु गतिविधियाँ की जानी हैं। इन गतिविधियों को सम्मिलित रूप से “प्रोजेक्ट नई उड़ान भाग 02” नाम दिया गया है। इसके अंतर्गत मासिक शिक्षक प्रशिक्षण का 19 जुलाई से शुभारंभ होगा। इसके लिए आवश्यक है कि सर्वप्रथम जिले के हाई एवं हायर सेकेन्डरी विद्यालयों में अध्यापन कर रहे शिक्षकों की अध्यापन कुशलता का उन्नयन किया जाए। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु जिले के हाईस्कूल तथा हायर सेकंडरी विद्यालयों में अध्यापन करने वाले शिक्षकों के विषय शिक्षण आधारित प्रशिक्षण माह जुलाई से प्रतिमाह आरंभ किए जा रहे हैं।

एपीसी मण्डला समग्र शिक्षा अभियान मुकेश पाण्डेय से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रत्येक विषय के दो-दो विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए चयनित किया गया है। शक्ति पटेल, गायत्री शुक्ला, अखिलेश उपाध्याय, चैन सिंह कुशरो, डॉ. कमलेश हरदहा, प्रमोद शुक्ला, राकेश चौरसिया, सतीश शुक्ला, नवीन चौरसिया, सुनीता बैरागी, महेंद्र चौधरी एवं लखन लाल शुक्ला को मास्टर ट्रेनर के रूप में नियुक्त किया गया है। इस संबंध में सभी प्राचार्यों व शिक्षकों को आदेश जारी कर दिए गए हैं

Related posts

निर्वाचन दायित्वों के संशोधित कार्य विभाजन आदेश जारी

Reva India News

38 कोरोना मरीज स्वस्थ हुए

Reva India News

जिले में अब तक 1129.6 मिमी वर्षा

Reva India News

Leave a Comment