Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार 23 अगस्त 2021

समय पर करें प्रकरणों का निराकरण, अन्यथा अधिकारी होंगे जिम्मेदार – हर्षिका सिंह

राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर के निर्देश

मण्डला 23 अगस्त 2021

राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि राजस्व न्यायालयों में चल रहे प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करें। प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक किये जाने पर संबंधित अधिकारी व्यक्तिशः जिम्मेदार होंगे। 6 माह से अधिक कोई भी प्रकरण लम्बित नहीं रहना चाहिये। उन्होंने कहा कि प्रत्येक राजस्व अधिकारी प्रत्येक कार्यदिवस में कम से कम 20 प्रकरणों का निराकरण करें, अन्यथा की स्थिति में संबंधितों का अवैतनिक दिवस घोषित करने की कार्यवाही की जायेगी। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्रकरणवार समीक्षा करते हुये कहा कि अनेक राजस्व न्यायालयों में प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लम्बित रखा जा रहा है जो कतई स्वीकार नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि एक वर्ष से अधिक समय से लम्बित प्रकरणों को चरणबद्ध रूप से निराकृत करने की कार्यवाही करें। एक वर्ष से अधिक समय से लम्बित प्रकरणों के निराकरण के लिये उन्होंने समय सीमा निर्धारित की। उन्होंने कहा कि जो आदेश जारी हो रहे हैं उन्हें तत्काल ऑनलाईन करें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिये नियमानुसार कार्यवाही करें। अतिक्रमणों को चिन्हित कर दो दिवस में उनकी जानकारी प्रस्तुत करें। जहां भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण होता है वहां संबंधित राजस्व निरीक्षक तथा पटवारी के विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जाये। श्रीमति सिंह ने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों का समय पर संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने का प्रयास करें। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें, कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिये। स्वामित्व योजना की समीक्षा की दौरान कलेक्टर ने कैलेण्डर बनाकर कार्य करने के लिये निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली के लिये विशेष शिविरों का आयोजन करें। इस संबंध में 15 सितम्बर तक संतोषजनक प्रगति होने पर ही संबंधितों का वेतन आहरित करें। कलेक्टर ने 25 एवं 26 सितम्बर को होने वाले वैक्सीनेशन के महाअभियान के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

प्रोटोकाल का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों पर करें कार्यवाही

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि कोविड 19 के संबंध में शासन द्वारा जारी प्रोटोकाल का सख्ती का पालन करायें। मॉस्क न लगाने वाले तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वाले व्यक्तियों पर चालानी कार्यवाही करें। सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली भीड को रोकने कारगर कदम उठायें। उन्होंने कहा कि मॉस्क नहीं लगाने वाले तथा दुकानों में भीड एकत्र करने वाले व्यापारियों पर भी सख्त कार्यवाही करें। व्यापारियों को समझाईश दें कि वे बगैर मॉस्क लगाये व्यक्ति को किसी भी प्रकार की सामग्री का प्रदाय न करें।

 

वैक्सीनेशन महाभियान को सफल बनाने जनप्रतिनिधिगणो का सहयोग आवश्यक

जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न

25 एवं 26 अगस्त को वैक्सीनेशन महाभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समिति के सदस्यों को 25 एवं 26 अगस्त को आयोजित होने वाले वैक्सीनेशन महाभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत अधिक से अधिक कोविड वेक्सिनेशन के लिए जिला प्रशासन द्वारा बनाई गई रणनीति एवं प्लानिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जिले में अब तक लगाए गए कोविड टीके के प्रथम एवं द्वितीय डोज़ की आकडेवार जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में अब गर्भवती महिलाओं का भी कोविड टीकाकरण किया जा हैं। कलेक्टर ने बताया कि 25 जून 26 अगस्त  के लिए जिले को  38 हजार टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया है। 25 एव 26 अगस्त को दोनों दिवस प्रथम एवं द्वितीय डोज़ लगाए जाएंगे। इसी प्रकार 26 अगस्त को द्वितीय डोज़ को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में सेकंड डोज़ के लिए 60 हजार व्यक्ति पात्र हैं।

कलेक्टर ने बैठक में वैक्सीनेशन महा अभियान के द्वितीय चरण के लिए बनाए गए माइक्रोप्लान की जानकारी दी। इसी प्रकार जिला स्तर से लेकर स्थानीय स्तर पर संलग्न किए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बारे में बताया। कलेक्टर ने बताया कि मैदानी अमले द्वारा पंचायत स्तरीय क्राइसिस मैनेजमेंट समिति की बैठक ली जा रही है तथा 25 एवं 26 को आयोजित होने वाले अभियान के द्वितीय चरण के बारे में जानकारी एवं सहयोग की अपील की जा रही है। जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक में सदस्यों द्वारा भी सुझाव दिए गए। बैठक में विधायक निवास डॉ अशोक मर्सकोले ने वैक्सीनेशन की सफलता के लिए अधिक से अधिक मोबाइल टीम का उपयोग करने तथा लक्ष्य के अनुपात में वैक्सीनेशन डोज़ की उपलब्धता सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। इसी प्रकार विधायक बिछिया नारायण सिंह पट्टा ने बारिश के दौरान भी टीकाकरण केंद्र तक पात्र हितग्राहियों को लाने के लिए व्यवस्था बनाने का सुझाव दिया।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला ने बताया कि द्वितीय डोज़ के लिए पार्षदगणो का भी सहयोग लिया जाएगा तथा नगरीय क्षेत्रों में शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन का प्रयास किया जाएगा। नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री चन्दानी ने सेकंड डोज़ के लिए सूचना प्रसारित करने संबंधी सुझाव दिए। इसी प्रकार जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा ने जनप्रतिनिधियों का सहयोग प्राप्त करते हुए वैक्सीनेशन को सफल बनाने एवं ग्रामीण स्तर की विभिन्न धार्मिक समितियों का सहयोग लेने का भी सुझाव दिया। इस दौरान जिला पंचायत के सदस्यों द्वारा वैक्सीनेशन अभियान की जानकारी प्रसारित करने के लिए स्थानीय स्तर पर अनाउंसमेंट, पात्र व्यक्तियों की सूची चस्पा करने, प्रवासी लोगों को लक्षित कर उनका टीकाकरण कराए जाने, गांव-गांव मोबाइल टीम के माध्यम से जानकारी प्रसारित करने के सुझाव दिए गए। बैठक में केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, एडीएम मीना मसराम, भीष्म दिवेदी, राकेश तिवारी, संबंधित अधिकारी तथा जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

 

 

 

 

नोडल अधिकारी अपने क्षेत्र के कोविड टीकाकरण लक्ष्य को प्राप्त करने प्रभावी रणनीति बनाये -कलेक्टर हर्षिका सिंह

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने  25 एवं 26 अगस्त को आयोजित होने वाले कोविड वैक्सीनेशन महाअभियान के द्वितीय चरण के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारी आगामी 3 दिन अपने निर्धारित क्षेत्र में रहेंगे तथा वैक्सीनेशन महाअभियान के लिए निर्धारित टीकाकरण केन्द्र लक्ष्य की जानकारी प्राप्त करते हुए अनिवार्यतः लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे। श्रीमती सिंह ने जिला प्रशासन द्वारा कोविड वैक्सीनेशन महाअभियान के अंतर्गत बनाई गई रणनीति पर चर्चा करते हुए नोडल अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने सभी   नोडल अधिकारी को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत एवं गांवों का टारगेट निर्धारित करें तथा लक्ष्य को प्राप्त करते हुए अनिवार्यतः डाटा इंट्री सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि टीकाकरण के लिए पात्र व्यक्तियोें की जानकारी प्राप्त करें तथा उन्हें आगामी दिनों में टीकाकरण के लिए आमंत्रण दे। श्रीमति सिंह ने कहा कि नोडल अधिकारी अपने क्षेत्र के द्वितीय डोज के लिए पात्र हितग्राहियों की जानकारी प्राप्त करें।  उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी माइक्रोप्लान को अंतिम रूप दे तथा स्थानीय स्तर पर पब्लिक अनाउंसमेंट, फ्लेक्स एवं मुनादी के माध्यम से जानकारी प्रसारित करें।

कलेक्टर ने कहा की कोविड वैक्सीनेशन के साथ के साथ-साथ डाटा एंट्री भी अत्यावश्यक है। उन्होने कहा कि स्थानीय स्तर पर मैदानी अमले के साथ मीटिंग करें तथा टीम के रूप में लक्ष्य को निर्धारित करते हुये रणनीति बनाये। कलेक्टर ने कहा कि टीकाकरण के दौरान बारिश के मद्देनजर भी टीकाकरण केंद्रों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। आवश्यकता होने पर टीकाकरण केंद्र तक लोगों को  लाने के लिए गाड़ियों का भी उपयोग करें । कलेक्टर ने जन अभियान परिषद को निर्देशित किया कि अपने मैदानी वॉलिंटियर्स के माध्यम से अधिक से अधिक वैक्सीनेशन की जानकारी प्रसारित करें। कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र के सीईओ जनपद से समन्वय पर करते हुए वैक्सीनेशन महाअभियान को सफल बनाने रणनीति पर चर्चा सुनिश्चित करेंगे।

 

 

 

वैक्सीनेशन के लिए पात्र व्यक्तियों की सूची तैयार कर, उन्हे आमंत्रण दे- हर्षिका सिंह

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 25 एवं 26 अगस्त को आयोजित होने वाले कोविड वैक्सीनेशन महाअभियान के द्वितीय चरण  की तैयारियों पर चर्चा करने के लिए सभी एसडीएम, बीएमओ, सीईओ जनपद तथा सीएमओ नगरपालिका एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने 25 एवं 26 अगस्त को आयोजित होने वाले कोविड वैक्सीनेशन के महाअभियान के द्वितीय चरण के संबंध में माइक्रो प्लान सहित अन्य तैयारियों की ब्लॉकवार जानकारी ली। उन्होंने सभी सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्र के माइक्रोप्लान सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करें। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को टीकाकरण केंद्रों तक समय पूर्व पहुंचाना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार टीकाकरण केंद्रों की जानकारी स्थानीय स्तर पर संकट प्रबंधन समितियों, जनप्रतिनिधि तथा मैदानी अमले के साथ सांझा करें तथा जन-जागरूकता प्रसारित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी एसडीएम अपने क्षेत्र के नगरीय निकायों का माइक्रो प्लान तैयार कर संबंधित अधिकारियों से समन्वय करें। उन्होंने कहा कि यह माइक्रोप्लान नोडल अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों एवं मैदानी अमले के साथ भी साझा करें।

कलेक्टर ने कहा कि टीकाकरण के लिए पात्र व्यक्तियों की सूची सीडीपीओ, एनआरएलएम तथा जन अभियान परिषद के सदस्यों के साथ साझा करें। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त को भी जिले में कोविड टीकाकरण का कार्य जारी रहेगा। सभी अधिकारी 23 अगस्त को अधिक से अधिक टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार 25 एवं 26 अगस्त को कोविड टीकाकरण के लिए सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि बारिश के मद्देनजर टीकाकरण केंद्रों में सभी जरूरी तैयारियां पूरी करें।

 

 

 

वैक्सीन की प्रथम डोज आंशिक सुरक्षा,दूसरी डोज मतलब पूरी सुरक्षा

कोरोना महामारी के विरूद्ध पूरी तरह से रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने के लिए वैक्सीनेशन काफी कारगर साबित हो रहा है। वैज्ञानिक तथ्य भी यही कहते हैं कि वैक्सीन की दोनों डोज समय पर लग जाने से व्यक्ति के कोरोना संक्रमित होने की संभावना 93 प्रतिशत तक घट जाती है। साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों की मृत्यु की संभावना भी नगण्य हो जाती है। प्रदेशवासियों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिये संवेदनशील राज्य सरकार लक्षित समूह को वैक्सीन का सुरक्षा कवच देने के लिए कटिबद्ध है। वैक्सीनेशन का शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर 25 एवं 26 अगस्त को दो दिवसीय टीकाकरण महाअभियान चलाया जाएगा।

कोरोना संक्रमण की पहली और दूसरी लहर ने विश्व के अधिकांश देशों को अपनी चपेट में ले लिया था। कोरोना काल में अनेकों ने अपनी जान भी गंवाई। कोरोना के साथ लड़ाई में भारत ने कम समय में स्वदेशी वैक्सीन तैयार कर एक अनूठा उदाहरण पूरे विश्व के सामने प्रस्तुत किया। वैक्सीन का निर्माण जितनी तेजी से किया गया, उतनी ही रफ्तार से प्रदेशों में वैक्सीन पहुँचाई भी गई। इसके बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने “सबको वैक्सीन-निःशुल्क वैक्सीन” मंत्र देकर वैक्सीन तक सभी की पहुँच सुनिश्चित की। वैक्सीन की उपलब्धता के साथ उसके उपयोग में मध्यप्रदेश पूरे राष्ट्र में अग्रणी रहा।

वैक्सीन के द्वितीय डोज का महत्व

कोरोना महामारी से बचाव के तौर पर रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने के लिए कोविड-19 के दोनों डोज लगवाना अत्यन्त आवश्यक है। कोविड-19 टीके का प्रथम डोज मनाव शरीर में आंशिक सुरक्षा प्रदान करता है, जिसके लगने के बाद भी संक्रमित होने का खतरा बना रहता है। वैक्सीन का द्वितीय डोज समयावधि में लगवाने से वैक्सीन की एफिकेसी सर्वाधिक रहती है। प्रदेश में अभी दो प्रकार की वैक्सीन कोविशील्ड और कोवैक्सीन लगाई जा रही है। चिकित्सकीय एवं वैज्ञानिक आधार पर कोविशील्ड वैक्सीन की प्रथम डोज लेने के 84 दिन बाद द्वितीय डोज और कोवैक्सीन की प्रथम डोज लेने के 28 दिन बाद द्वितीय डोज लेना जरूरी है। वैक्सीन की द्वितीय डोज लगने के 2 से 3 सप्ताह बाद ही शरीर में कोरोना बीमारी के विरूद्ध प्रतिरोधक क्षमता पूर्ण रूप से विकसित होती है। साथ ही शरीर एक से अधिक प्रकार की एंटीबॉडी तैयार करता है जो कोरोना और उसके अन्य वेरिएंट के विरूद्ध बचाव करने में सहायक होती है।

महाअभियान को सफल बनाने जन-भागीदारी भी जरूरी

कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन सिर्फ सरकार की ही नहीं, समाज की जिम्मेदारी भी है। हर नागरिक को स्व-प्रेरणा से आगे आकर सरकार द्वारा दिए जा रहे वक्सीन के सुरक्षा कवच को अपनाना होगा। यह अतिश्योक्ति नहीं होगी कि मध्यप्रदेश में वैक्सीनेशन के लिए चलाए गए प्रथम टीकाकरण महाअभियान में राष्ट्रीय स्तर पर जो सफलता मिली, उसमें जन-भागीदारी की महत्ता को नकारा नहीं जा सकता है। प्रदेश में वैक्सीनेशन महाअभियान का दूसरा चरण 25 एवं 26 अगस्त को होने जा रहा है। प्रथम महाअभियान की तरह इस महाअभियान में भी राज्य सरकार के प्रयासों के साथ जनता की भागीदारी भी बहुत जरूरी होगी।

वैक्सीनेशन के बाद भी सजग और सर्तक रहना है जरूरी

यूं तो वैक्सीनेशन की दोनों डोज लगवा लेने के बाद काफी हद तक कोरोना संक्रमण का प्रभाव कम हो जाता है। इसके बावजूद भी सजग और सर्तक रहने की आवश्यकता है। कोरोना वायरस के प्रति अनुकूल व्यवहार को अपनाते रहना होगा, जिसमें मास्क लगाना, हाथों को समय-समय पर सेनेटाइज करना, ज्यादा भीड़-भाड़ न करना और न ही उसमें शामिल होने जैसी गतिविधियों को अपनाते रहना होगा। तभी हम अपने आपको और समाज को कोरोना वायरस से बचा पाएंगे।

नागरिकों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील सरकार

राज्य सरकार ने कोरोना संक्रमण को खत्म करने के लिये जो भगीरथी प्रयास किये वह किसी से छिपे नहीं हैं। कोरोना की जाँच से लेकर उपचार की जो व्यवस्थाएँ की गई, उससे प्रदेश में कोरोना संक्रमण को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सका है। वैक्सीन का सुरक्षा कवच हर नागरिक को मिल जाए, यह प्रयास राज्य की संवेदनशील सरकार ने किया है। इन प्रयासों में आम नागरिक के साथ धर्मगुरूओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, कोरोना वॉलेंटियर्स, शहरी-ग्रामीण जन-प्रतिनिधियों के साथ समाज के हर वर्ग को आगे आकर अपनी नैतिक जिम्मेदारी के साथ वैक्सीनेशन महाअभियान में सहयोग करना होगा।

प्रदेश में 4 करोड़ के पार हुआ वैक्सीन डोज का आंकड़ा

वैक्सीनेशन के आंकड़ों पर यदि नजर डाले तो हम पायेंगे कि मध्यप्रदेश में वैक्सीनेशन के लिए लक्षित समूह की संख्या 5 करोड़ 49 लाख है, जिसके विरूद्ध अब तक प्रदेश में 4 करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन के डोज लगाए जा चुके हैं। इनमें से वैक्सीन की दूसरी डोज 65 लाख से अधिक लोगों को लग चुकी है। वैक्सीनेशन का लक्ष्य पूरा करने के लिये मध्यप्रदेश में टीकाकरण महाअभियान का दूसरा चरण 25 अगस्त से प्रांरभ किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य वैक्सीन के दूसरे डोज का कव्हरेज बढ़ाना भी है।

 

 

जिला स्तरीय स्वीप कोर कमेटी गठित

 

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार  मण्डला जिले के लिए  जिला स्तरीय स्वीप कोर कमेटी गठित करने के आदेश जारी कर दिये है।  जारी आदेश के तहत कमेटी में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी   अध्यक्ष तथा महानिदेशक सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा क्षेत्रीय आउटरीज ब्यूरो या पीआईबी का नामांकित प्रतिनिधि, सहायक संचालक जनसंपर्क, डायरेक्टर(इंजीनियरिंग) (क्षेत्रीय प्रमुख) आकाशवाणी केन्द्र कटंगा, जबलपुर द्वारा नामांकित प्रतिनिधि, डॉ. पुरूषोत्तम भांवरे सहा.प्राध्यापक रानी दुर्गावती शास. स्ना.महा. (प्रभारी एनएसस मण्डला), श्रीमती अनिता झारिया सहा.प्राध्यापक, रानी दुर्गावती शास. स्ना.महा. (प्रभारी एनएसस मण्डला) एवं श्री प्रतीक सिन्हा जिला युवा अधिकारी,नेहरू युवा केन्द्र  सदस्य नियुक्त किये गये है।

 

 

जिले में अब तक 676.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

 

जिले में इस वर्ष एक जून से 23 अगस्त के दौरान 676.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 917 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 240.1 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

सर्पदंश से बचाव, इलाज एवं भ्रांतियों के संबंध में एडवाईजरी

 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने एडवाईजरी जारी की है कि बरसात के दिनों में सर्पदंश के केस अत्यधिक सामने आते हैं। सांप के काटने में व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है तथा सांप के काटने को अनदेखा ना करें, सर्प के काटने पर किसी नजदीकि अस्पताल तुरन्त लेकर जायें, झाड़-फूंक में ना रहें, सांप के दांत के नीचे विष की थैली होती है, जो सीधे खून के माध्यम से शरीर में फैल जाता है। सामान्तयः जहरीले सांपों के काटने पर दांतों के दो निशान अलग ही दिखाई देते हैं। गैर विषैले सांप के काटने पर दो से ज्यादा निशान हो सकते हैं, परन्तु ये निशान नहीं दिखते हैं, ये सोचना गलत होगा कि सांप ने नहीं काटा है, ज्यादातर सांप गैर विषैले भी होते हैं। सांप के काटने पर करीब-करीब 95 प्रतिशत मामलों में पहला लक्षण नींद का आना है। इसके साथ ही निगलने या सांस लेने में तकलीफ होती है, आमतौर पर सांप के काटने पर आधे घंटे बाद लक्षण दिखाई देने लगते हैं।

 

सर्प के काटने पर यह ना करें

रस्सी से ना बांधें, ब्लेड से ना काटें, पारम्परिक तारीकों का इस्तेमाल ना करें, मुंह से खून ना चूसें। ओछा, गुनिया के पास ना जायें। सांप काटे व्यक्ति को नदी में प्रवाहित नहीं करें। अन्धविश्वास में ना पड़ें।

 

यथा संभव कार्य करें –

 

सांप के काटे व्यक्ति को दिलासा दिलायें। घटना के तथ्यों का पता लगायें। गीले कपडे़ से डंक की जगह की चमड़ी को साफ करें, जिससे वहां पर लगा विष निकल जाये। सांप काटे व्यक्ति को करवट सुलायें, क्योंकि कई बार उल्टी भी होने लगती है, इसलिये करवट सुलाने से उल्टी श्वसनतंत्र में ना जाये। जहां पर सांप ने काटा है उस स्थान पर हल्के कपडे़ से बांध दें, ताकि हिलना-डुलना बंद हो जाये।

 

उपचार

 

सांप काटे व्यक्ति को तत्काल नजदीकि अस्पताल ले जाने की व्यवस्था बनायें। सांप के जहर को मारने के लिये अस्पताल में निःशुल्क एंटी स्नेक इंजेक्शन लगाया जाता है एवं डॉक्टर द्वारा दी गई सलाह के अनुसार उचित उपचार करायें।

 

बचाव

अंधेरे में ना जायें। बिलों में हाथ ना डालें। झाड़ियों में ना जायें। पानी भरे गड्ढे में ना जायें। पैरों में चप्पल और जूते पहनकर चलें।

 

 

 

 

 

Related posts

अंजनिया कॉलेज में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ

Reva India News

सड़क सुरक्षा से संबंधित बैठक आयोजित कमेटी ऑन रोड सेफ्टी के चेयरमैन श्री सप्रे ने की अध्यक्षता  

Reva India News

नैनपुर में गोद भराई जन जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

Reva India News

Leave a Comment