Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार 2 सितम्बर 2021

कलेक्टर ने किया घुघरी क्षेत्र के खजरी, जुनवानी एवं नाहरवैली का दौरा

 

मण्डला 2 सितम्बर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने घुघरी अनुविभाग के अंतर्गत खजरी, जुनवानी एवं नाहरवैली का दौरा किया। उन्होंने भ्रमण के दौरान खजरी तथा जुनवानी पंचायत भवन में संचालित कोविड वैक्सीनेशन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित स्टॉफ से वैक्सीनेशन के लक्ष्य तथा प्रतिदिन किए जा रहे वैक्सीनेशन कार्य की विस्तृत जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने वैक्सीनेशन के लिए आए ग्रामीणों से चर्चा की तथा उन्हंे अपने आसपास के लोगों को भी वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करने कहा। उन्होंने ग्रामीणों को अपने निर्धारित समय पर द्वितीय डोज लगवाने की समझाईश दी। कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उनकी समस्याएं जानी। उन्होंने गांव में पीने का पानी, बिजली, सड़क, नियमित टीकाकरण, खाद-बीज की उपलब्धता, नामांकन, सीमांकन, खसरा खतौनी एवं अन्य कार्यों के संबंध में जानकारी ली। खजरी एवं नाहरवैली के ग्रामीणों ने सड़क की समस्या के बारे में जानकारी दी। इस पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्माणाधीन सड़कें इस माह में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक स्थानों पर ग्रेवल सड़कों के निर्माण के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने खजरी पंचायत के सचिव तथा जीआरएस को नियमित रूप से उपस्थित रहने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत में बैगा महिलाओं को दिलाई जाने वाली सहायता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग संबंधी कार्यों की व्यवस्था बनाएं। श्रीमती सिंह ने स्व-सहायता समूहों की जानकारी लेते हुए इनसे जुड़ी महिलाओं से बात की। उन्होंने महिलाओं को कोविड वैक्सीनेशन के साथ-साथ अपने बच्चों के नियमित टीकाकरण कराने की समझाईश भी दी। उन्होंने खजरी सरपंच से चर्चा करते हुए वैक्सीनेशन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनसामान्य की सुविधा एवं दूरी को ध्यान में रखते हुए वैक्सीनेशन सत्र आयोजित करें। कलेक्टर ने ग्रामीणों से पीडीएस वितरण एवं केरोसीन उपलब्धता के बारे में पूछा। उन्होंने उपस्थित राजस्व अमले को गिरदावरी का कार्य गंभीरता से पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, एडीएम मीना मसराम, एसीईओ श्री मरावी, सहायक आयुक्त विजय तेकाम, ईईआरईएस मनोज धुर्वे, तहसीलदार घुघरी आकाश डहारे, रंजीत गुप्ता, एपीसी मुकेश पांडे तथा संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

खजरी हायरसेकण्डरी स्कूल में साईंस लैब की व्यवस्था बनाएँ – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने शास.उच्च.माध्य.विद्या. खजरी का किया औचक निरीक्षण

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खजरी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शासन के निर्देशानुसार 1 सितम्बर से प्रारंभ हुए कक्षाओं का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बच्चों के लिए साफ-सफाई सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखें। श्रीमती सिंह ने विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए उन्हें मॉस्क पहनने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने की समझाईश दी। उन्होंने चर्चा के दौरान छात्रों से उनकी रूचि तथा उनके भविष्य के बारे में बात की। कलेक्टर ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को निर्देशित किया कि स्कूल में साईंस लैब सहित अन्य जरूरी प्रायोगिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं। उन्हांेने शालेय मद की जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए।

 

हालोन नदी पुल के लिए प्रस्ताव बनाएँ

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नाहरवैली के आगे हालोन नदी क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से क्षेत्र के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हालोन नदी के पुल निर्माण के लिए विशेष प्रस्ताव बनाते हुए शासन को भेजें। श्रीमती सिंह ने अधिकारियों से पुल निर्माण के पश्चात् लाभान्वित होने वाले ग्रामों की जानकारी ली। इसी प्रकार नाहरवैली पंचायत के ऐसे गांव जो नदी के उस पार हैं उन्हें जनता की सुविधानुसार अलग-अलग पंचायतों में शामिल करने के संबंध में चर्चा की। इस दौरान सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, एडीएम मीना मसराम, एसीईओ श्री मरावी, सहायक आयुक्त विजय तेकाम, ईईआरईएस मनोज धुर्वे, तहसीलदार घुघरी आकाश डहारे, रंजीत गुप्ता, एपीसी मुकेश पांडे तथा संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने किया उमंग परामर्श केंद्र का शुभारंभ

 

मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय पर उमंग परामर्श केंद्र का शुभारंभ कलेक्टर मंडला के द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने निर्देशित किया कि उमंग परामर्श केंद्र का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार किया जाए। साथ ही करियर निर्माण को लेकर वीडियोस तैयार करें और छात्रों के साथ शेयर करें। साथ ही ब्लॉक लेवल के सभी विभागों के अधिकारियों को स्कूलों का विजिट कर कैरियर की जानकारी देने व जिला स्तर से ऑनलाइन विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन दें एवं संकुल स्तर पर भी काउंसलर मार्गदर्शन करें। इस अवसर पर सहायक आयुक्त विजय तेकाम, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, एपीसी समग्र शिक्षा अभियान मुकेश पांडे, प्राचार्य शासकीय हाइस्कूल बिंझिया कल्पना नामदेव उपस्थित रही।

 

उमंग परामर्श केंद्रों का उद्देश्य

उमंग परामर्श केंद्र जिला स्तर पर शुभारंभ किया गया है। इसके उपरांत अन्य विकास खंडों में भी उमंग परामर्श केंद्रों की स्थापना किया जाना है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अध्ययन में आने वाली समस्याएं उनकी शारीरिक एवं मनोवैज्ञानिक समस्याओं का समाधान पहुंचाना है ताकि उनके शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न ना हो। परामर्श केंद्र में भविष्य निर्माण के लिए कैरियर  मार्गदर्शन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उमंग काउन्सलर गायत्री शुक्ला एवं जिला करियर काउन्सलर अखिलेश उपाध्याय द्वारा परामर्श केंद्र की संचालन गतिविधियों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर संस्था प्रांगण में कलेक्टर द्वारा रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया गया। उत्कृष्ट विद्यालय मण्डला के विद्यार्थियों द्वारा एमपी एस्पायर पोर्टल लॉगिन की जानकारी प्रदान की गई। बालिकाओं ने उमंग केंद्र से प्राप्त परामर्श से अवगत कराया।

 

 

 

 

 

प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का मंडला आगमन आज

 

प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा मंडला जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का 3 सितम्बर को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री बिसाहूलाल सिंह 3 सितम्बर को प्रातः 11 बजे अनूपपुर से मंडला के लिए प्रस्थान कर सायं 4 बजे मंडला पहुंचेंगे एवं पार्टी पदाधिकारियों एवं समस्त मोर्चाओं के अध्यक्ष तथा पदाधिकारियों के साथ बैठक लेंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे। प्रभारी मंत्री 4 सितम्बर को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। वे दोपहर 3 बजे मंडला से अनूपपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

वन मंत्री डॉ. कुँवर विजय शाह का मंडला आगमन आज

 

 

मध्यप्रदेश शासन के वन मंत्री डॉ. कुँवर विजय शाह का 3 सितम्बर को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डॉ. शाह 3 सितम्बर को 5 बजे जबलपुर से कान्हा के लिए रवाना होंगे एवं 8 बजे कान्हा पहुँचकर रात्रि विश्राम करेंगे। इसके पश्चात वन मंत्री 4 सितम्बर को स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। डॉ. शाह 5 सितम्बर को 9 बजे कान्हा से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

पीड़ित महिलाओं से व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए आवेदन आमंत्रित

 

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश शासन महिला एवं बाल विकास मंत्रालय निर्देश के अनुसार मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजनांतर्गत लक्ष्य समूह बलात्कार से पीड़ित महिला, बालिका, दुर्रव्यापार से बचाई गई महिलाएं जो गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करती हों, एसिड विक्टिम, जेल से रिहा महिलायें, परित्यक्ता, तलाकशुदा, विधवा, अनाथ महिलाएं जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करती हों, शासकीय एवं अशासकीय नारी निकेतन, आश्रय गृह, बालिका गृह, अनुरक्षण गृह स्टे होम आदि गृहों में निवासरत विपत्तिग्रस्त बालिका, महिलाऐं, बाल विवाह पीड़िता एवं सजायाप्त महिलाओं को जेल में प्रशिक्षण दिया जायेगा एवं दहेज प्रताड़ित, अग्नि पीड़ित महिलाओं को वित्तीय वर्ष 2021-22 हेतु व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाना है।

योजना अंतर्गत विभिन्न विषयों में न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता अनुसार व्यवसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। आयु संबंधी पात्रता में सामान्य वर्ग की महिला की उम्र 45 वर्ष से कम हो। विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा, एससी, एसटी, पिछड़ा वर्ग की महिला होने की स्थिति में 50 वर्ष एवं कम पढ़ी लिखीं, साक्षर, अनपढ़ महिलाओं के लिये उनकी योग्यता अनुसार प्रशिक्षण दिये जायेंगे। आवेदन पत्र निर्धारित प्रपत्र में आवश्यक दस्तावेज सहित संलग्न कर, प्रेस नोट प्रकाशित होने के पश्चात् 10 दिवसों के मध्य आवेदन कार्यालय जिला कार्यकम अधिकारी महिला एवं बाल विकास जिला पंचायत परिसर प्रथम तल मण्डला में डाक द्वारा या स्वयं उपस्थित होकर कार्यालयीन समय में जमा किये जा सकते हैं एवं अधिक जानकारी हेतु कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

7 को आयोजित होगा अन्न उत्सव

 

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 सितम्बर को जिले की प्रत्येक उचित मूल्य दुकानों पर अन्न उत्सव का आयोजन किया जाना है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सहायक आयुक्त सहकारिता, तहसीलदार और नायब तहसीलदार, सीईओ जनपद, सीएमओ नगरीय निकाय एवं सहायक तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक दुकान में सतर्कता समिति, क्राईसिस मैनेजमेंट समिति के सदस्य एवं स्थानीय प्रबुद्धजनों को सम्मिलित करते हुए अन्न उत्सव कार्यक्रम का आयोजन करना सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

उज्ज्वला योजना का लाभ देने शिविरों का आयोजन

 

 

जिला आपूर्ति अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार उज्जवला योजना क्रमांक 2.0 के तहत् पात्र उपभोक्ताओं को गैस का फी कनेक्शन प्रदाय किया जाना है। इसके लिए विभिन्न विकासखण्डों के पंचायतों में ग्रामीण विकास, राजस्व एवं खाद्य तथा गैस कम्पनी के कर्मचारियों के संयुक्त तत्वाधान में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

 

नैनपुर, घुघरी एवं मंडला जनपदों में शिविर

 

नैनपुर जनपद के अंतर्गत 3 सितम्बर को ग्राम पंचायत भवन कोरेगांव में, 4 को ग्राम पंचायत भवन जामगांव, 5 को पंचायत भवन रमपुरी, 6 को पंचायत भवन ओहानी एवं 7 को सागोनिया में शिविर का आयोजन होना है। इसी प्रकार घुघरी जनपद के अंतर्गत 3 सितम्बर को ग्राम पंचायत भवन घोरेघाट, 4 को पंचायत भवन परसवाह एवं 5 को भवन झूंझर में शिविर का आयोजन होना है। इसी प्रकार मंडला जनपद के अंतर्गत 3 को ग्राम पंचायत भवन साल्हेडंडा, 4 को पंचायत भवन घाघा एवं 5 को भवन मानादेई में शिविर का आयोजन किया जाएगा।

 

निर्धन परिवारों के लिए पात्रता –

 

जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि उज्ज्वला गैस के लिए जो एसईसीसी 2011 की सूची अनुसार पात्र हो, अनुसूचित जाति, जनजाति गृहस्थी, प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के हितग्राही, अन्त्योदय अन्न योजना, वनवासी, अति पिछड़ा वर्ग। इस प्रकार उक्त 7 श्रेणी से संबंध रखती हो। इस हेतु पात्र श्रेणी का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। यदि आवेदिका उपरोक्त क्रमांक 01 एवं 02 अंतर्गत नहीं आती है एवं गरीब गृहस्थी से संबंध रखती है तो योजना का हितग्राही होने के दावे के रूप में 14 बिन्दुओं का घोषणा पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा जो कम्पनी एजेंसी के पास आवेदन पत्र के साथ उपलब्ध रहेगा। आवेदिका को दस्तावेज जैसे मानक प्रारूप में विधिवत हस्ताक्षर एवं फोटो युक्त केवाईसी फार्म, पहचान का प्रमाण, निवास का प्रमाण पत्र, आवेदिका के आधार की प्रति, परिवार के समस्त वयस्क सदस्यों के आधार की प्रति, आवेदिका के बैंक खाते का विवरण, राशन कार्ड अथवा समग्र आई.डी., आवेदिका प्रवासी होने की स्थिति में परिवार संयोजन की जानकारी संबंधी स्व-घोषणा पत्र, यदि आवेदिका उपरोक्त अ(2) अंतर्गत 7 श्रेणिओं से संबंध रखती है, तो पात्र श्रेणी का प्रमाण पत्र, गरीब गृहस्थी से संबंधित होने के दावे के रूप में 14 बिन्दुओं का घोषणा पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा जिसका आवेदन पत्र में संलग्न है जो गैस कम्पनी से प्राप्त हो जायेगा।

 

 

 

 

 

अवैध शराब निर्माण एवं तस्करी के विरूद्ध की गयी कार्यवाही

 

जिला आबकारी अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश राज्य के मंदसौर जिले में जहरीली शराब के सेवन से हुई मृत्यु को मद्देनजर रखते हुए मण्डला जिले में अवैध, जहरीली शराब विनिर्माण, परिवहन व विक्रय के रोकथाम हेतु जिला कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार एवं जिला आबकारी अधिकारी खेमराज श्याम के मार्गदर्शन में आबकारी दल द्वारा संपूर्ण माह अगस्त 2021 में जिले के आंतरिक एवं बाहरी क्षेत्रों में संचालित संदिग्ध स्थानों, दुकानों, ढाबों एवं होटलों पर छापामार कार्यवाही करते हुए कुल 108 व्यक्तियों के विरूद्ध आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। इन प्रकरणों में आरोपियों के कब्जे से 106 पाव देशी मदिरा, 36 पाव विदेशी मदिरा एवं 17 बोतल बीयर की जप्त की गयी। इसके अतिरिक्त अवैध शराब निर्माण किये जाने वाले अड्डों से 396 लीटर हाथ से निर्मित अवैध महुआ शराब एवं अवैध महुआ शराब निर्मित किये जाने के लिये करीब 7675 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। इस अपराध के लिये मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) एवं 34(1)(च) के अन्तर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

उक्त समस्त कार्यवाही आबकारी विभाग के मैदानी अधिकारियों एवं अधीनस्थ स्टॉफ के द्वारा की गयी है। जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कड़ी नजर रखते हुए अवैध, जहरीली शराब के विनिर्माण, परिवहन व विक्रय की रोकथाम हेतु निरंतर गश्त एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही जारी रहेगी।

 

 

 

 

 

 

आयुष आपके द्वार’ कार्यक्रम का शुभारंभ आज

 

जिला आयुष अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत ’आयुष आपके द्वार’ कार्यक्रम राष्ट्रीय अभियान के रूप में 3 सितम्बर को शुभारंभ किया जाना है। कार्यक्रम के अंतर्गत पौधों के वितरण एवं रोपण हेतु हाउसहोल्ड हितग्राही को अपने घर में पौधा रोपण हेतु प्रेरित करना है। उद्यानिकी विभाग द्वारा 1500 पौधों का निःशुल्क वितरण जिला मुख्यालय की शासकीय नर्सरी शासकीय उद्यान मण्डला से वितरण किया जाना है।

 

 

 

 

 

 

किसान समृद्धि अभियान 4 सितम्बर से

 

देश के अन्नदाता किसानों के सम्मान में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सभी शाखाओं में 4 सितंबर से 20 सितंबर 2021 तक किसान समृद्धि अभियान चलाया जा रहा है। किसानोन्मुख इस अभियान में जिले की सभी शाखाओं द्वारा अलग-अलग तिथि में शाखा स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमे बैंक से जुड़े कृषक ग्राहकों को विभिन्न प्रकार के ऋण की सुविधा उपलब्ध करवायी जाएगी। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के विभिन्न शाखाओं द्वारा इस कृषक उन्मुख अभियान के दौरान कृषकों के आर्थिक सहयोग हेतु किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन ऋण, ट्रैक्टर ऋण, थ्रेसर ऋण, वेयर हाउस, कोल्ड स्टोर, एग्रिकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत ऋण, पीएमएफ़एमई के तहत ऋण, कृषक उत्पादक संगठन ऋण एवं अन्य कृषि उपकरण हेतु ऋण के साथ साथ स्व-सहायता समूह ऋण की सुविधाएं भी उपलब्ध कराया जाएगा। जिले के किसान इस विशेष अभियान में नजदीकी शाखाओं से संपर्क कर कृषि उन्नति के अपने सपने को साकार कर सकते हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक महावीर प्रसाद मीना ने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा किसानों के उन्नति की यह अनोखी पहल खासकर ग्रामीण व अर्धशहरी शाखाओं में विशेष रूप से अभियान चलाकर की जा रही है जहां किसानों के लिए कृषि ऋण के अतिरिक्त गृह ऋण व वाहन ऋण भी सस्ते दर पर उपलब्ध कराया जाएगा।

अग्रणी जिला प्रबंधक अमित कुमार केशरी ने बताया कि किसानों के सम्मान व आर्थिक सहयोग हेतु जिले के सभी बैंक शाखाओ में चौपाल के आयोजन के साथ साथ 9 सितम्बर 2021 को घुघरी में एवं 10 सितम्बर 2021 को मंडला में मेगा कैम्प का आयोजन किया जाएगा जिसमे किसानों को समाज में उनके अहम योगदान हेतु जिला प्रशासन, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, नाबार्ड, कृषि विकास से जुड़े विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों व गणमान्य व्यक्ति द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

 

 

 

 

 

जिले में अब तक 720.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

 

जिले में इस वर्ष एक जून से 2 सितम्बर के दौरान 720.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1116.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 396.5 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 सितम्बर को नैनपुर में 7.2, बिछिया में 0.5, घुघरी में 1 मिमी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार 2 सितम्बर को जिले में 1.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

कलेक्टर ने जेईई, नीट निःशुल्क कोचिंग सुविधा की समीक्षा की

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला मुख्यालय में प्रोजेक्ट नई उड़ान के अंतर्गत विद्यार्थियों को जेईई, नीट निःशुल्क कोचिंग सुविधा की समीक्षा की। इस अवसर पर अध्यापन करने वाले विषय-विशेषज्ञों के पैनल को निर्देशित करते हुए कहा की जिन विद्यार्थियों ने जेईई की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है उनका एडवांस परीक्षा हेतु विशेष मार्गदर्शन किया जाये। साथ ही नीट परीक्षा कोचिंग हेतु चयनित विद्यार्थियों को शैक्षणिक संसाधन व मार्गदर्शन में कोई कमी न रखी जाये। नवीन सत्र हेतु जिला मुख्यालय पर ऑफलाईन जेईई, नीट निःशुल्क कोचिंग का शुभारम्भ 1 अक्टूबर 2021 से किया जायेगा। जिसमें ग्रामीण अंचल के विद्यार्थी ऑनलाईन जुड़ सकेंगें। उन्होंनें कला विषय विद्यार्थियों को क्लैट की कोचिंग सुविधा प्रदान करने हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उपस्थित विषय विशेषज्ञों को अपने विद्यालय में करियर संबंधित जानकारी प्रदान करने को कहा। विद्यालयों में प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय के संचालन के विषय में दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कम्यूटर शिक्षा को गति प्रदान करने हेतु कम्यूटर लैब विहीन विद्यालय के छात्रों को ग्राम पंचायत में उपलब्ध कम्यूटर केन्द्र का भ्रमण कराकर मूलभूत जानकारी प्रदान करने को कहा। इस अवसर पर सहायक आयुक्त विजय तेकाम, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, एपीसी समग्र शिक्षा (सेके.एजु.) मुकेश पाण्डेय, जिला कैरियर कांउसलर अखिलेश उपाध्याय एवं समस्त विषय विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मंडला सड़क दुर्घटना पर दुःख व्यक्त किया

 

 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मंडला जिले में हुईं सड़क दुर्घटना पर दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में, मैं और मध्यप्रदेश के सभी नागरिक शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना तथा घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मण्डला जिले के कलेक्टर को प्रभावित परिवारों की आर्थिक सहायता के निर्देश भी दिए गए हैं।

मण्डला जिले में कल रात्रि एक ट्राले और ऑटो की टक्कर में चार नागरिकों की मृत्यु हुई और 10 नागरिक घायल हो गए। बिनेका बायपास के पास हुई इस सड़क दुर्घटना में घायल हुए लोगों का उपचार मण्डला जिला अस्पताल में करवाया जा रहा है।

Related posts

जन समस्या निवारण संस्थान सिवनी द्वारा गुरुनानक जयंती व कार्तिक पूर्णिमा पर हुये विविध आयोजन

Reva India News

डीपीआर तैयार करते समय व्यवहारिक दृष्टिकोण अपनाएं – हर्षिका सिंह कलेक्टर ने की जल-जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा

Reva India News

पशु तस्कर पर हिरदेनगर चौकी की कार्यवाही

Reva India News

Leave a Comment